App

442 ट्रेनें कैंसिल... 54 का बदला रूट, क्यों अंबाला रेल मंडल ने लिया इतना बड़ा फैसला?

Haryana News: चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर होने वाले पुनर्विकास के काम के कारण लोगों को अगले डेढ़ महीने तक रेल सेवाओं में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है. रिडेवलपमेंट के काम को देखते हुए रेलवे ने 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लेने का फैसला किया है.

442 ट्रेनें कैंसिल... 54 का बदला रूट, क्यों अंबाला रेल मंडल ने लिया इतना बड़ा फैसला?
Image Credit: Ambala_Train

Haryana News: चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम होने वाला है. इस कारण से यात्रियों को अगले डेढ़ महीने तक रेल सेवाओं में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है. स्टेशन पर होने वाले निर्माण कार्य को देखते हुए रेलवे ने 10 सितंबर से 15 अक्टूबर तक 36 दिनों का पावर और ट्रैफिक ब्लॉक लेने का फैसला किया है. इस दौरान अलग-अलग चरणों में प्लेटफॉर्म और रेल लाइनों को कुछ दिनों के लिए बंद रखा जाएगा.

अंबाला मंडल के DRM ने बुधवार को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. निरीक्षण के बाद वो ट्रेन से चंडीगढ़ के लिए निकल गए. इस दौरान उन्होंने मीडिया को 36 दिनों के ब्लॉक और उससे होने वाले बदलावों की जानकारी दी. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को पहले से जानकारी देने का मकसद ये है कि वे अपने सफर की योजना समय रहते बना सकें.

क्यों किया जा रहा विकास का काम? 
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को बेहतर सुविधाओं वाला वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने की योजना पर लगभग डेढ़ साल से काम चल रहा है. स्टेशन के रिडेवलपमेंट का काम रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) की तरफ से कराया जा रहा है. अब निर्माण के अगले चरण में स्टेशन के बचे हुए थ्रू-रूफ स्ट्रक्चर को लगाने. साथ ही मौजूदा फुट ओवर ब्रिज (FOB) के गर्डर्स को हटाने का काम किया जाएगा.

रेलवे के अनुसार, स्टेशन को पूरी तरह चालू रखते हुए ये काम करना मुश्किल है. इसलिए पूरे काम को 3 चरणों में बांटा गया है. हर चरण में अलग-अलग रेल लाइन और प्लेटफॉर्म पर काम किया जाएगा, जबकि बाकी स्टेशन पर सेवाएं जारी रहेंगी.

कितने चरणों में होगा काम
पहला चरण 10 सितंबर से 21 सितंबर तक चलेगा. इस दौरान लाइन नंबर 6, प्लेटफॉर्म नंबर 5, लाइन नंबर 7 और लाइन नंबर 8 यानी प्लेटफॉर्म नंबर 6 से जुड़ी सेवाएं प्रभावित रहेंगी. वहीं दूसरा चरण में काम 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 4 यानी प्लेटफॉर्म 3 और लाइन नंबर 5 यानी प्लेटफॉर्म 4 पर काम किया जाएगा. आखिर में आता है तीसरा चरण, जिसका काम 4 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक चलेगा. इसमें लाइन नंबर 1, लाइन नंबर 2 और लाइन नंबर 3 से जुड़ा काम होगा. इस दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 भी प्रभावित रहेगा.

442 ट्रेन यात्राएं रद्द
इतना ही नहीं ब्लॉक होने के कारण रेलवे ने बड़ी संख्या में ट्रेनों के चलने में बदलाव किया है. 9 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच कुल 442 ट्रेन यात्राएं रद्द रहेंगी. इसके अलावा 54 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया जाएगा. वहीं, 4 ट्रेनों के रूट में चेंज किया गया है. ऋषिकेश-चंडीगढ़, अजमेर-चंडीगढ़ और उदयपुर-चंडीगढ़ जैसी कुछ ट्रेनों को तय डेट पर अंबाला कैंट तक ही चलाया जाएगा. इन ट्रेनों का चंडीगढ़-अंबाला वाला हिस्सा रद्द रहेगा.

वहीं लुधियाना से अमृतसर रूट पर चलने वाली दो ट्रेनों को भी कुछ जेट पर चंडीगढ़ और मोहाली स्टेशन से हटाकर सरहिंद के रास्ते चलाया जाएगा. इसके अलावा कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों को यात्रियों की सुविधा के लिए साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्टेशन पर अस्थायी ठहराव दिया जाएगा.

कितने ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे
बता दें कि ब्लॉक के समय केवल ट्रेनें रद्द ही नहीं होंगी, बल्कि कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी बदल दिए जाएंगे. तीनों चरणों में कुल 76 ट्रेनें अपने निर्धारित प्लेटफॉर्म के बजाय दूसरे प्लेटफॉर्म पर रुकेंगी. इनमें दिल्ली जाने वाली शताब्दी, वंदे भारत और हावड़ा-कालका मेल जैसी कुछ ट्रेनें भी शामिल हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का ताजा शेड्यूल जरूर चेक कर लें.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More