नूंह की हवा भी जहरीलीः AQI 250 पार होने से सांस के मरीजों से लेकर बुजुर्गों-बच्चों को परेशानी, फिर क्यों नहीं चलाई जा रही एंटी स्मॉग गन?
हरियाणा के नूंह जिले में AQI 250 पार होने से प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है. सांस के मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है. वहीं, लाखों की एंटी स्मॉग गन नगर परिषद परिसर में धूल फांक रही है.
नूंह में बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नगर परिषद में लाखों रुपये की लागत से लाई गई एंटी स्मॉग गन इन दिनों खुद धूल फांक रही हैं. प्रदूषण के स्तर लगातार बढ़ने के बाद हवा में पानी का छिड़काव कर धूल और प्रदूषण के प्रभाव को कम करने के उद्देश्य से लाई गई यह मशीन पिछले कई महीनों से नगर परिषद कार्यालय परिसर में खड़ी है. हालात ऐसे हैं कि एनसीआर में प्रदूषण बढ़ने के चलते नूंह में ग्रेप-3 लागू होने के बावजूद इस मशीन का इस्तेमाल होता नजर नहीं आ रहा है.
नगर परिषद कार्यालय में खड़ी एंटी स्मॉग गन को देखकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लाखों रुपये खर्च कर लाई गई इस मशीन का उपयोग कब किया जाएगा? जिस समय शहर को प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए इस तरह के उपकरणों की सबसे अधिक जरूरत है, उसी समय यह गाड़ी कार्यालय परिसर में खड़ी धूल जमा कर रही है. स्थानीय स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण के लिए इसकी उपयोगिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
कई दिनों से वायु गुणवत्ता का स्तर खराब
गौरतलब है कि नूंह में पिछले कई दिनों से वायु गुणवत्ता का स्तर खराब बना हुआ है. शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 250 से अधिक दर्ज किया जा रहा है. प्रदूषण बढ़ने से सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ रही है. वहीं, लोगों की आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत जैसी शिकायतों का सामना करना पड़ रहा है. इसका असर खास रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों और पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों पर पड़ सकता है.
प्रदूषण बढ़ने पर क्या बोले नूंह के लोग ?
वहां मौजूद मोहम्मद आबिद नाम के व्यक्ति ने बताया कि पहले नूंह का मौसम काफी साफ रहता था, लेकिन अब हालात बहुत ही चिंताजनक हो गए हैं. चारों तरफ धुंध और धुएं की प्रदूषित परत दिखाई दे रही है. उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि टायर, पॉलीथिन और कूड़ा न जलाएं. इसके अलावा, उन्होंने कहा कि शहर में गैस चैंबर जैसे हालात बनते जा रहे हैं. साथ ही प्रशासन से कूड़ा जलाने पर रोक लगाने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए खरीदी गई एयर सेफ्टी गन का इस्तेमाल करने की मांग की है.
एक और व्यक्ति मोहम्मद शर्फुद्दीन ने शहर में बढ़ते प्रदूषण के लिए कूड़ा-कचरा खुले में फेंकने औऱ उसे जनाने को जिम्मेदार बताया है. उन्होंने कहा कि दुकानदारों को कूड़ा सड़क पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में डालना चाहिए. इसके अलावा, कुलवंत सिंह का कहना है कि नूंह में बढ़ते वायु प्रदूषण की एक बड़ी वजह बाईपास के आसपास उड़ने वाली धूल और शहर के पास बने अस्थायी डंपिंग यार्ड में जलता कूड़ा है. उन्होंने कहा कि हवा चलने पर कूड़े का धुआं पूरे शहर में फैल जाता है. इससे सुबह सैर करने वाले बुजुर्गों और अन्य लोगों को परेशानी हो रही है.
64 वर्षीय नेहरू गौतम का कहना है कि नूंह अरावली की गोद में बसा है, ऐसे में यहां AQI करीब 100 से 125 के बीच होना चाहिए, लेकिन फिलहाल यह 250 के आसपास पहुंच गया है. इसका असर बुजुर्गों की सेहत पर भी पड़ रहा है. उन्होंने घासेड़ा के पास लगे रबर प्लांट और खुले में जलाए जा रहे कूड़े को भी प्रदूषण की वजह बताया. गौतम ने लोगों से कूड़ा न जलाने की अपील की. साथ ही सरकार और नगर पालिका से प्रदूषण नियंत्रण के लिए खरीदी गई स्प्रे गन का इस्तेमाल करने की मांग की.
मशीन संचालन क्यों नहीं किया जा रहा?
एक तरफ प्रशासन की ओर से प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेप-3 के तहत कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ नगर परिषद परिसर में खड़ी एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल नहीं होना व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है. लोगों का सवाल है कि क्या यह मशीन केवल कार्यालय परिसर में खड़ी रखने के लिए खरीदी गई थी या फिर इसका उद्देश्य वास्तव में शहर को प्रदूषण से राहत दिलाना है.
मशीन का संचालन क्यों नहीं किया जा रहा और प्रदूषण के मौजूदा हालात में इसे सड़कों पर उतारने की योजना है या नहीं, इस संबंध में नगर परिषद के अधिकारियों की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है. यदि लंबे समय तक इसी तरह मशीन का इस्तेमाल नहीं किया गया तो लाखों रुपये की लागत से खरीदे गए इस उपकरण के खराब होने की आशंका भी बनी रहेगी. ऐसे में जरूरत है कि नगर परिषद इस मशीन के संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट करे और प्रदूषण नियंत्रण के लिए इसका प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करे.
(रिपोर्टः अनिल मोहनिया, नूंह)