App

करनाल में 19 साल के सचिन पर 7-8 युवकों ने किया हमला, पेट में चाकू लगने से हालत गंभीर

करनाल से एक मामला सामने आया है, जहां एक 19 साल के लड़के पर कुछ दूसरे युवकों ने चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद उसे करनाल के ट्रॉमा सेंटर लेकर जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. घायल युवक की पहचान गांव नरूखेड़ी निवासी 19 साल के सचिन के रूप में हुई है.

करनाल में 19 साल के सचिन पर 7-8 युवकों ने किया हमला, पेट में चाकू लगने से हालत गंभीर
Image Credit: AI Image

करनाल में हमलावरों का आतंक बढ़ता जा रहा है. जिले से अक्सर मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं सामने आ रही हैं. जुंडला और नरूखेड़ी गांव के बीच रजवाहे के पास 19 साल के युवक को 7 से 8 युवकों ने घेर लिया. साथ ही चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. इस हमले में युवक के पेट में चाकू लगा. इसके बाद वो गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद घायल युवक को उसका दोस्त मोटरसाइकिल पर करनाल के ट्रामा सेंटर लेकर गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद से ही परिवार में चिंता का माहौल है. पुलिस हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है.          

क्या है मामला?  
घायल युवक की पहचान गांव नरूखेड़ी निवासी 19 साल के सचिन के रूप में हुई है, जो 12वीं कक्षा का छात्र बताया जा रहा है. परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 4 बजे सचिन जुंडला और नरूखेड़ी गांव के बीच रजवाहे के पास मौजूद था. इसी दौरान 7 से 8 युवकों ने उसे घेर लिया और चाकू से हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने सचिन पर 5 से 6 वार किए, जिनमें एक वार उसके पेट पर भी लगा. अचानक हुए इस हमले में सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर कौन थे और कहां से आए थे. इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

युवकों ने घेरकर चाकू मार दिया
हमले के बाद सचिन के दोस्त तरुण को घटना की सूचना मिली. तरुण के मुताबिक, उसे पता चला था कि उसके दोस्त को कई युवकों ने घेरकर चाकू मार दिए हैं. सूचना मिलते ही वो मौके पर पहुंचा और घायल सचिन को मोटरसाइकिल पर बैठाकर करनाल के ट्रॉमा सेंटर ले आया. पेट पर चाकू लगने के बावजूद सचिन को अस्पताल पहुंचाने के लिए दोस्त ने तत्काल मदद की. घटना के बाद घायल के परिजनों ने भी मामले की सूचना पुलिस को दी. परिवार अब हमलावरों की पहचान होने और उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने का इंतजार कर रहा है.

चौकी इंचार्ज ने क्या कहा? 
मामले में एक अहम जानकारी सामने आई है. जुंडला चौकी इंचार्ज इंस्पेक्टर गौरव के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम करनाल के कल्पना चावला अस्पताल पहुंची थी, जहां घायल सचिन के बयान दर्ज किए गए हैं. चौकी इंचार्ज ने बताया कि सचिन हाल ही में धारा 307 के मुकदमे में जमानत पर बाहर आया था. ऐसे में पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मौजूदा वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या फिर विवाद की कोई दूसरी वजह है. फिलहाल हमले के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है.

दिनदहाड़े युवक को घेरकर चाकू से हमला किए जाने की इस घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं. हालांकि, वारदात के पीछे की असल वजह और आरोपियों की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. पुलिस घायल के बयान और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है. अब देखना होगा कि पुलिस हमलावरों तक कब पहुंचती है और इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आती है या कोई अन्य विवाद.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More