App

करनाल में दोस्तों के साथ पी शराब, सुबह फार्म हाउस में मिला नवीन का शव, शरीर पर चोटों के निशान

करनाल से एक मामला सामने आया है, जहां बस स्टैंड के पास के एक फार्म हाउस के कमरे में 34 साल के नवीन का शव मिला है. जैसे ही इस मामले की सूचना मिली पुलिस टीम एक्टिव हो गई. इस मामले में पुलिस ने घटना वाली जगह का जांच शुरू कर दिया है.

करनाल में दोस्तों के साथ पी शराब, सुबह फार्म हाउस में मिला नवीन का शव, शरीर पर चोटों के निशान

करनाल के घोघड़ीपुर गांव में बस स्टैंड के पास के एक फार्म हाउस के कमरे में 34 साल के नवीन का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. नवीन खेतीबाड़ी का काम करता था. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बीती रात वो अपने दोस्तों के साथ इसी कमरे में बैठकर शराब पी रहा था. इसके बाद ऐसा क्या हुआ कि सुबह नवीन का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला. ये अब जांच का विषय है. मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामले ने गंभीर रूप ले लिया है.

शरीर पर चोटें
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. इसके साथ ही CIA और फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीमों को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस ने घटना वाली जगह का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. जांच अधिकारी लक्ष्मण के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि मृतक के शरीर पर चोटों के निशान दिखाई दिए हैं. हालांकि, नवीन की मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही साफ हो सकेगी.

रात 12 बजे तक दोस्तों के साथ था
मृतक के भाई यशवीर मान के अनुसार, फार्म हाउस के साथ ही पेठे की एक फैक्ट्री है. फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों ने ही सूचना दी थी कि वहां कोई अनहोनी हुई है और एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में पड़ा है. परिजन जब मौके पर पहुंचे तो नवीन मृत अवस्था में मिला. भाई के अनुसार, नवीन ने रात करीब 12 बजे तक दो-तीन दोस्तों के साथ बैठकर शराब पी थी. इसके बाद क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है. उन्होंने बताया कि नवीन की शर्ट भी फटी हुई थी और उसके शरीर पर चोटों के निशान थे.

शादीशुदा था नवीन
परिजनों के अनुसार, नवीन की उम्र करीब 33 से 34 वर्ष थी. वो शादीशुदा था, लेकिन उसके अभी कोई बच्चा नहीं था. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है. पुलिस का कहना है कि परिवार की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि नवीन की मौत किसी आपसी विवाद का नतीजा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है. पोस्टमार्टम और FSL की रिपोर्ट के साथ-साथ घटना वाली जगह से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों से पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा.

(करनाल से कमरजीत सिंह की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Akanchha Singh

Akanchha Singh

जी-न्यूज में ट्रेनी सब एडिटर. वर्तमान में दिल्ली-एनसीआर हरियाणा डिजिटल टीम में दिल्ली-एनसीआर-हरियाणा की राजनीति, हाइपर लोकल, क्राइम की खबरों पर नजर. यूटिलीटी की खबरों में दिलचस्पी है. 2023 में संस्थान से जुड़े. माखन लाल चतुर्वेदी भोपाल से पत्रकारिता में डिग्री हासिल की.
Read More