SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

दीपेंद्र हुड्डा के लिए कुर्बानी देने को तैयार: हिसार सांसद का बड़ा ऐलान, रोहतक सीट से छेड़छाड़ हुई तो लोकसभा छोड़ दूंगा

हांसी पहुंचे कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी ने दीपेंद्र हुड्डा को लेकर बड़ा बयान दे दिया. उन्होंने कहा कि अगर दीपेंद्र हुड्डा हिसार से चुनाव लड़ना चाहेंगे तो मैं उनके लिए कुर्बानी देने को तैयार हूं.

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 29, 2026, 17:18 IST | Updated: Nov 29, 2026, 17:24 IST
Image Credit: Social Media
Join

हांसी रेस्ट हाउस पहुंचे हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी ने परिसीमन, रोहतक लोकसभा सीट और सांसद दीपेंद्र हुड्डा को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने साफ कहा कि अगर परिसीमन के दौरान रोहतक लोकसभा सीट के साथ छेड़छाड़ की गई तो वह हिसार लोकसभा सीट छोड़ देंगे और खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे. इतना ही नहीं, उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अगर दीपेंद्र हुड्डा हिसार से चुनाव लड़ना चाहेंगे तो वह उनके लिए अपनी सीट छोड़ने को तैयार हैं.

दीपेंद्र हुड्डा के लिए हर सीट के दरवाजे खुले

जेपी ने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा के लिए हरियाणा की किसी भी लोकसभा सीट के दरवाजे खुले हैं. वह प्रदेश में कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं. उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा पांच बार के सांसद हैं और अभी उनकी उम्र 50 साल भी पूरी नहीं हुई है. ऐसे युवा और अनुभवी नेता को चुनाव छोड़ने की जरूरत नहीं है. वह क्षेत्र के विकास के लिए बेहतर काम कर सकते हैं और जनता भी उन्हें पसंद करती है.

2019 के लोकसभा चुनाव में गड़बड़ी का आरोप

रोहतक सीट से दीपेंद्र हुड्डा को टारगेट किए जाने के सवाल पर जेपी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के नेता सुबह से ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ प्रचार शुरू कर देते हैं. पिछले पांच-छह महीनों से दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ लगातार दुष्प्रचार किया जा रहा है. उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए चुनाव में गड़बड़ी के आरोप भी लगाए.

रोहतक सीट से छेड़छाड़ की तो उठाना पड़ेगा खामियाजा

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 135 करने की जरूरत क्या है? क्या इसकी मांग किसी राजनीतिक पार्टी ने की है या जनता ने इसकी मांग की है? जब न तो राजनीतिक दलों की मांग है और न ही जनता की, तो सरकार अपनी मर्जी से यह फैसला क्यों कर रही है? उन्होंने चेतावनी दी कि अगर रोहतक सीट के साथ बदले की भावना से छेड़छाड़ की गई तो भाजपा को इसका राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा.

100 करोड़ रुपये निकलने के मामले में सरकार को घेरा

हांसी में सरपंचों के खातों से 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि निकलने के मामले पर सांसद जेपी ने प्रदेश सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि सरपंचों की इसमें क्या गलती है? ऑनलाइन भुगतान का सिस्टम सरकार ने लागू किया है तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार की है. सरकार को बताना चाहिए कि आखिर सिस्टम में चूक कहां हुई और इसके लिए कौन जिम्मेदार है. उन्होंने कहा कि केवल आरोपियों को पकड़ने से काम नहीं चलेगा, सिस्टम की विफलता की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए.

तीन कृषि कानून का जिक्र किया

पंजाब में अकाली दल और भाजपा के गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए जेपी ने इसे अप्राकृतिक गठबंधन बताया. उन्होंने कहा कि जिस भाजपा ने तीन कृषि कानून पास करवाए थे, उसी के साथ अकाली दल अब गठबंधन कर रहा है. किसान आंदोलन के दौरान 730 किसानों की शहादत के बाद अकाली दल जनता को क्या जवाब देगा? उन्होंने दावा किया कि इस गठबंधन का दोनों पार्टियों को नुकसान होगा और पंजाब में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है. आगामी चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी.

किसानों के साथ मजाक किया

हरियाणा में गन्ना किसानों के प्रदर्शन पर जेपी ने कहा कि सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है. गन्ने के भाव में मात्र 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी करना किसानों के साथ मजाक है. उन्होंने कहा कि किसानों को 600 रुपये प्रति क्विंटल से कम भाव स्वीकार नहीं है और कांग्रेस भी किसानों की इस मांग के साथ खड़ी है. उन्होंने एमएसपी पर 24 फसलों की खरीद के सरकार के दावे पर भी सवाल उठाए.


सरकार की मंशा पर उठाया सवाल

जेपी ने कहा कि कांग्रेस परिसीमन के खिलाफ नहीं है, बल्कि सरकार की मंशा और प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है. अगर 2011 की जनगणना के आधार पर महिला आरक्षण लागू करना है तो मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर ही इसे लागू किया जाए. उन्होंने लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ने से सरकारी खर्च और व्यवस्थाओं पर पड़ने वाले बोझ को लेकर भी सवाल उठाए. हरियाणा विधानसभा का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जब मौजूदा 90 विधायकों के बैठने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है तो 135 विधायकों को कहां बैठाया जाएगा? इस दौरान जब सांसद जेपी से JJP की रैली को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने हास्य भरे अंदाज में माथे पर हाथ मारते हुए कहा- खत्म है यह पार्टी। उनके इस अंदाज ने बातचीत के दौरान राजनीतिक माहौल को और दिलचस्प बना दिया.

यह भी पढ़ें ; सोनीपत में भ्रष्टाचार का बड़ा मामला: रात के अंधेरे में चुपचाप रजिस्ट्रियों का खेल, दो कर्मचारी सस्पेंड

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES