धूल का गुबार उठा और नजर नहीं आए जवान... हिसार में अभ्यास के दौरान दो सैनिकों के ऊपर से गुजर गया टैंक
हरियाणा के हिसार में भोजराज गांव के पास सैन्य अभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से सेना के दो जवान शहीद हो गए. टैंकों की मूवमेंट से उठी धूल के कारण जवान दिखाई नहीं दिए. मृतकों की पहचान शामली के नायक मनीष कुमार और बदायूं के नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है.
हरियाणा के हिसार में सैन्य अभ्यास के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. भोजराज गांव के पास स्थित सेना के प्रशिक्षण केंद्र में टैंक की चपेट में आने से भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए. दोनों जवान उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे. उनकी पहचान शामली के नायक मनीष कुमार और बदायूं जिले के नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है. हादसा उस समय हुआ, जब प्रशिक्षण केंद्र में टैंक और दूसरे सैन्य वाहनों के साथ अभ्यास चल रहा था.
धूल का गुबार उठा, टैंक चालक को नजर नहीं आए जवान
मिली जानकारी के मुताबिक, सैन्य अभ्यास के दौरान कई टैंक एक साथ मूवमेंट कर रहे थे. इसी दौरान टैंकों के चलने से धूल का गुबार उठ गया. धूल इतनी अधिक थी कि आगे खड़े जवान दिखाई नहीं दिए. इसी बीच टैंक दोनों जवानों के ऊपर से गुजर गया. हादसे में नायक मनीष कुमार और नायक अंकुश कुमार की जान चली गई. घटना के बाद इसकी सूचना हिसार पुलिस को दी गई. पुलिस ने मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की.
दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को मिली सूचना
मामले के जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को भोजराज गांव स्थित सेना प्रशिक्षण केंद्र में हादसा होने की सूचना मिली थी. वहां सैन्य अभ्यास चल रहा था, जिसमें टैंक और अन्य वाहन शामिल थे. अभ्यास के दौरान हुई इस दुखद घटना में भारतीय सेना के दो जवान शहीद हो गए. सूचना मिलने के बाद हिसार पुलिस ने अस्पताल से रिपोर्ट प्राप्त की और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की.
परिवारों के बयान दर्ज करने के बाद हुआ पोस्टमार्टम
जांच अधिकारी के मुताबिक, दोनों जवानों के परिवारों के बयान दर्ज किए गए. इसके बाद उनके शवों का पोस्टमार्टम कराया गया. जरूरी कार्रवाई पूरी होने के बाद सेना ने दोनों जवानों के पार्थिव शरीर अपने सुपुर्द लिए. सेना की ओर से पूरे सैन्य सम्मान के साथ दोनों जवानों के पार्थिव शरीर ले जाए गए.
शामली और बदायूं के रहने वाले थे दोनों जवान
हादसे में जान गंवाने वाले नायक मनीष कुमार उत्तर प्रदेश के शामली जिले के रहने वाले थे, जबकि नायक अंकुश कुमार बदायूं जिले के निवासी थे. जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने दोनों जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हिसार पुलिस इन बहादुर जवानों की स्मृति को हमेशा नमन करेगी. राष्ट्र के लिए उनकी शहादत को पूरे सम्मान के साथ याद रखा जाएगा. फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सैन्य प्रशिक्षण के दौरान टैंकों की मूवमेंट के समय हुआ.
अशोक कुमार की रिपोर्ट