)
हरियाणा के फरीदाबाद में दिवाली के त्योहार को खास बनाने के लिए सूरजकुंड मेला परिसर में 4 दिन के सूरजकुंड दिवाली मेले का आयोजन किया जा रहा है. ये दिवाली मेला हरियाणा पर्यटन विभाग की तरफ से आयोजित किया जा रहा है. ये तीसरा दिवाली मेला होगा. मेला 23 से 36 अक्टूबर तक चलने वाला है. मेले की तैयारियां अपने लास्ट चरण में हैं. इस बार मेले की खास बाते ये है कि मेले में आने के लिए सभी की एंट्री फ्री होगी.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा मेले का उद्घाटन 23 अक्टूबर दोपहर 3 बजे करने वाले हैं. इसके अलावा केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर 26 अक्टूबर को मेले के समापन समारोह में शामिल होंगे. इस मेले में लोगों को दिवाली की खरीदारी, हस्तशिल्प, खानपान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का एक ही जगह आनंद ले सकेंगे.
हरियाणा पर्यटन के एजीएम हरिंदर यादव का कहना है कि इस बार लोगों की एंट्री फ्री रखी गई है. ऐसे में ज्यादा से ज्यादा लोग मेले में पहुंच सकेंगे. साथ ही दिवाली की शॉपिंग कर पाएंगे. ऐसे में मेले का आयोजन करने से हस्तशिल्प बनाने वाले कारीगरों और छोटे कारोबारियों को भी अपने बनाए गए प्रोडक्ट को बेचने को मौका मिलेगा.
इससे पहले जब भी दिवाली मेला आयोजित किया गया है उसमें एंट्री फीस 100 रुपये रखी गई है. इस बार लोगों को बिना कोई पैसे दिए मेले में आने का और यहां आनंद लेने का मौका मिलेगा. ऐसा करने के पीछे आयोजकों को उम्मीद है कि लोग ज्यादा पहुंचेंगे और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा.
फरीदाबाद में लगने वाला ये सूरजकुंड दिवाली मेला हर रोज 10 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहने वाला है. इस मेले जो लोग आएंगे वो दिवाली के लिए घर के सजावट के सामने से लेकर पारंपरिक कलाकृतियां खरीद सकेंगे. दिवाली के मौके पर यहां घर सजाने से लेकर गिफ्ट्स देने तक के लिए भी सामान मौजूद हैं. मेले में खरीदारी के अलावा मनोरंजन का इंतजाम किया गया है. चारों दिन लाइव परफॉर्मेंस और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे. इसके साथ अलग-अलग तरह के व्यंजनों के फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे.
हरियाणा पर्यटन विभाग का उद्देश्य इस मेले के जरिए लोकल लोगों और पारंपरिक शिल्पकारों को अपने प्रोडक्ट बेचने का मौका देना है. इस तरह के आयोजनों से कारीगरों को लोगों तक पहुंचने का मौका मिलता है. इसके साथ ही लोगों को एक ही जगह पर शॉपिंग करने और खाने की सुविधा आसानी से मिल जाती है. बता दें कि 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला सूरजकुंड दिवाली मेला दिवाली की खरीदारी और परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा.
(फरीदाबाद से जय प्रकाश की रिपोर्ट)