)
हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं. इसी कड़ी में पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी डॉ. भोला सिंह 22 और 23 अक्टूबर को हरियाणा के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का ये पहला औपचारिक दौरा है. इस दौरान पंचकूला के भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंचकमल’ में संगठनात्मक बैठकों का आयोजन किया जाएगा.
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के अनुसार, दौरे का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, जमीनी स्तर पर पार्टी की स्थिति का आकलन करना और सरकार के कामकाज की समीक्षा करना है. बैठकों में आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन के विस्तार को लेकर भी चर्चा होगी.
साल 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें जीतकर हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी, जबकि 42 सीटों पर पार्टी को हार का सामना करना पड़ा था. स्मृति ईरानी इन क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, स्थानीय नेतृत्व की भूमिका और चुनावी रणनीति की समीक्षा करेंगी. पार्टी का प्रयास होगा कि पिछली कमजोरियों की पहचान कर आगामी चुनावों के लिए अभी से ठोस रणनीति तैयार की जाए.
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विधायकों को दिए गए संगठन की स्थिति, सरकार के कामकाज और जनकल्याण में जनप्रतिनिधियों की भूमिका से जुड़े निर्देशों के आधार पर भी नेताओं के कार्यों का आकलन किया जाएगा.
बैठकों में साल 2009, 2014 और 2019 के पूर्व विधायकों, तीन कार्यकाल तक प्रदेश पदाधिकारी रहे नेताओं तथा बोर्ड-निगमों के मौजूदा और पूर्व अध्यक्षों और उपाध्यक्षों से संवाद किया जाएगा. उनके अनुभवों और सुझावों के आधार पर संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने की रणनीति तैयार की जाएगी.
दौरे के पहले दिन स्मृति ईरानी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, संगठन महामंत्री पवन राणा, प्रदेश पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक करेंगी. इसके अलावा पूर्व विधायकों, पुराने पदाधिकारियों और बोर्ड-निगमों के वर्तमान और पूर्व अध्यक्षों से भी चर्चा की जाएगी.
वहीं 23 अक्टूबर को सरकार के कामकाज पर मंथन होगा. सुबह भाजपा कोर कमेटी की बैठक होगी. इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह और राज्य सरकार के मंत्रियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा. शाम को मुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की संयुक्त बैठक प्रस्तावित है. दौरे के अंत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक भी होगी. इस दौरे का उद्देश्य भाजपा संगठन को मजबूत करना, सरकार और संगठन के बीच तालमेल बढ़ाना और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना है.
(पंचकूला से दिव्या रानी की रिपोर्ट)