2 दिन से अंधेरे में झज्जर! पानी के लिए भी तरसे लोग, हरियाणा में हड़ताल से बढ़ी परेशानी
बिजली कर्मचारियों के हड़ताल के बीच अब लोगों की परेशानी बढ़ रही है. हरियाणा में कहीं 24 घंटे से लाइट गायब है, तो कहीं 2 दिन से. ऐसे में अब लोगों को पानी तक की परेशानी होने लगी है. बिजली न रहने का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है.
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच झज्जर छावनी की वाल्मीकि बस्ती में बिजली आपूर्ति बाधित होने से कॉलोनी वासियों की परेशानी बढ़ गई है. वहां के लोकल लोगों के अनुसार, बस्ती में पिछले दो दिनों से बिजली नहीं है, जिसके चलते लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, तीन दिन से जारी बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बीच लोगों के सब्र का बांध भी टूटने लगा है
लोगों को हो रही परेशानी
बिजली न होने का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है. शाम के समय बच्चे मोबाइल की टॉर्च जलाकर स्कूल का होमवर्क करने को मजबूर हो गए हैं. इसके अलावा, बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल की व्यवस्था भी प्रभावित हुई है, जिससे लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई है. गर्मी-उमस और अंधेरे के बीच परिवारों को अपना समय गुजारना पड़ रहा है.
कैसे चल रहा लोगों का काम?
कॉलोनी के कुछ लोग जनरेटर का सहारा लेकर जरूरी काम चला रहे हैं, जबकि कई परिवार इनवर्टर के भरोसे हैं. हालांकि, इन वैकल्पिक व्यवस्था के बावजूद लोगों को पूरी राहत नहीं मिल पा रही है. स्थानीय महिलाओं का कहना है कि बिजली के बिना घर के कामकाज निपटाना मुश्किल हो गया है. बच्चों की पढ़ाई से लेकर पानी की व्यवस्था तक प्रभावित हो रही है.
कब मिलेगा लोगों को परेशानी से निजात?
कॉलोनी वासियों ने बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हड़ताल के चलते पहले से ही व्यवस्था प्रभावित है, लेकिन लगातार दो दिनों तक बिजली न मिलने से उनकी परेशानी बढ़ गई है. अब लोगों को इंतजार है कि बिजली आपूर्ति कब बहाल होगी और उन्हें इस परेशानी से कब राहत मिलेगी.
पलवल में भी लोगों का बुरा हाल
हरियाणा में गुरुग्राम और नूंह में पैरलल लाइसेंस देने के विरोध में बिजली कर्मचारी 22 से 24 अक्टूबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर हैं. वहीं, पलवल में बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा हैं. न्यू कॉलोनी के निवासियों ने बिजली आपूर्ति ठप होने के विरोध में नेशनल हाईवे पर पहुंचकर जाम लगा दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से बिजली नहीं आ रही है, जिसके चलते उनके घरों में पीने के पानी तक की किल्लत हो गई है. बिजली और पानी की समस्या से परेशान लोगों ने सड़क पर उतरकर अपना विरोध जताया.
करनाल में लोगों का रोड जाम?
करनाल जिले के असंध विधानसभा क्षेत्र में बिजली न आने के चलते लोग सड़कों पर उतर गए हैं. बिजली कर्मचारियों के हड़ताल के बाद अब आम लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर उतरे लोगों को कहना है कि गांव-गांव और शहर में लाइट न आने के चलते काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. लाइट न होने की वजह से घरों के अंदर पानी तक नहीं आ पा रहा, घर में इन्वर्टर तक खत्म हो गए हैं, जिसके चलते अब फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे, बिजली दफ्तर के अंदर कोई भी कर्मचारी नहीं मिल रहा, जिससे लोगों में और रोष देखा जा रहा है.
जींद में 24 घंटे से नहीं है लाइट
वहीं हरियाणा के जींद में 24 घंटे से लाइट नहीं है. यहां तक कि अब लोगों के इन्वर्टर भी फेल हो गए हैं. अब बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जींद में 24 घंटे से पूरा ब्लैक आउट. इसके साथ ही यहां इंटरनेट नेटवर्क भी डाउन है.