SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Haryana Dengue Alert: हरियाणा में 20 दिनों में 318 से बढ़कर 503 हुए डेंगू के मामले, गुरुग्राम सबसे आगे

हरियाणा में डेंगू के मामले 20 दिनों में 318 से बढ़कर 503 हो गए हैं, जबकि सिरसा में 15 डेंगू और 4 मलेरिया केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने 52 टीमें लगाकर सर्वे और रोकथाम अभियान तेज कर दिया है.

Written By Renu Akarniya
Published: Oct 06, 2026, 05:36 PM IST | Updated: Oct 06, 2026, 05:38 PM IST
Image Credit: AI GENERATED IMAGE
Join

Haryana News: हरियाणा में एक बार फिर से डेंगू मलेरिया के मरीज बढ़ने शुरू हो गए है हालांकि पिछले महीनों में मानसून की दस्तक के बाद ही डेंगू मलेरिया के मरीजों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई थी लेकिन अब मानसून के एक बार फिर से सक्रिय होने के बाद फिर से डेंगू मलेरिया के मरीज बढ़ने शुरू हो गए है. नेशनल वेक्टर बोर्न डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम के मुताबिक, हरियाणा में डेंगू के मामले 20 दिनों में 318 से बढ़कर 503 हो गए हैं, जिसमें 14 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच 185 नए मामले सामने आए हैं.

राज्य में 4 अक्टूबर को 23 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे कुल मामलों की संख्या 503 हो गई. इस साल अब तक हरियाणा में डेंगू से किसी भी मौत की पुष्टि नहीं हुई है. लेटेस्ट आंकड़े 20 दिनों के समय में 58.2% की बढ़ोतरी दिखाते हैं.

राज्य में सबसे ज्यादा 65 मामले गुड़गांव में रिपोर्ट हुए, उसके बाद पंचकूला में 58, झज्जर में 50 और रेवाड़ी में 45 मामले सामने आए. हालांकि, गुड़गांव में मामलों की संख्या 13 सितंबर को 60 से थोड़ी ही बढ़ी और 30 सितंबर को 63 हो गई और 4 अक्टूबर को यह 65 हो गई.

मानसून का असर इस बार सिरसा जिला में इस बार कम ही देखने को मिला है. 2026 साल के 9 महीनों के दौरान फिलहाल अभी तक डेंगू के 15 और मलेरिया के 4 मरीज ही सामने आए है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के सामने एक बड़ी परेशानी यह उभरकर आई है कि सिरसा जिला में भी डेंगू और मलेरिया एक बार फिर से सक्रिय हो गया है.

वोल 1 मानसून के मौसम के साथ ही मौसमी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ने लगा है. सिरसा में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है. जिले में बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए विभाग ने जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं. नागरिक अस्पताल समेत जिले के तमाम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) में विशेष डेंगू वार्ड तैयार कर दिए गए हैं. इन वार्डों में मरीजों की सुरक्षा के लिए मच्छर दानियों का विशेष प्रबंध किया गया है ताकि संक्रमण को आगे फैलने से रोका जा सके.

सिरसा में अब तक डेंगू के 15 और मलेरिया के 4 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग की करीब 52 टीमें शहर और ग्रामीण इलाकों में लगातार डोर-टू-डोर सर्वे कर रही हैं. जहां भी पानी जमा मिलता है या मच्छर का लारवा दिखाई देता है, उसे मौके पर ही एंटी-लारवा दवाई डालकर नष्ट किया जा रहा है. स्वास्थ्य विभाग ने हरियाणा रोडवेज को एक विशेष नोटिस जारी किया है, जिसमें वर्कशॉप और डिपो में रखे खराब टायरों में पानी इकट्ठा न होने देने के सख्त निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि ये स्थान मच्छरों के पनपने का मुख्य केंद्र बनते हैं.

सिरसा नागरिक अस्पताल के डेंगू मलेरिया विभाग के नोडल ऑफिसर डॉ अभिजीत गर्ग ने बताया कि सिरसा जिले में अभी तक 15 डेंगू और 4 मलेरिया के पॉजिटिव केस रिपोर्ट हुए हैं. स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और घबराने की कोई बात नहीं है. हमने नागरिक अस्पताल के साथ-साथ सभी PHC और CHC स्तर पर स्पेशल डेंगू वार्ड बना दिए हैं, जहां मरीजों के लिए आइसोलेशन और मच्छरदानियों के पुख्ता इंतजाम हैं. डॉ अभिजीत गर्ग ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घर और आसपास सफाई रखें. अगर किसी को भी तेज बुखार, सिरदर्द या शरीर में तेज दर्द की शिकायत हो, तो खुद से दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जाकर अपनी जांच करवाएं.

(सिरसा से विजय कुमार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES