कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के PSO ने किया सुसाइड, सर्विस पिस्टल से खुद को मारी गोली
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपिंदर हुड्डा के बेटे और सांसद दीपेंद्र हुड्डा के PSO ने घर में खुद को गोली मारी है. 2003 बैच के कमांडो प्रदीप लंबे समय से सांसद की सुरक्षा में तैनात थे. ये सब कैसे हुआ पुलिस और FSL टीम ने जांच शुरू की है.
हरियाणा के रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के निजी सुरक्षा अधिकारी PSO की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर ASI प्रदीप पुत्र चंद्र के रूप में हुई है. वह रोहतक जिले के गांव मोखरा के रहने वाले थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक बुधवार देर रात उन्होंने अपने घर में खुद को गोली मार ली. गोली लगने से उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है.
रात में गोली चलने की आवाज सुनाई दी..
जानकारी के अनुसार प्रदीप बुधवार शाम को अपनी ड्यूटी खत्म करके घर लौटे थे. वह सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सुरक्षा में तैनात थे. घर पहुंचने के बाद वह मकान की छत पर बने एक कमरे में अकेले बैठे थे. इसी दौरान रात में गोली चलने की आवाज सुनाई दी. परिजन जब कमरे में पहुंचे तो प्रदीप को गोली लगी हुई थी. बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारी थी. हालांकि घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.
गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत कमरे में पहुंचे और प्रदीप को अस्पताल ले जाने की तैयारी की. परिजन उन्हें लेकर एक निजी अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलने के बाद रोहतक जिला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सुरक्षा दल में तैनात
प्रदीप 2003 बैच में कमांडो के रूप में पुलिस सेवा में भर्ती हुए थे. वह काफी समय से सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारी संभाल रहे थे और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सुरक्षा दल में तैनात थे. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में गोली चली.
परिजनों और परिचितों के मुताबिक, प्रदीप मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे. उनके इस तरह अचानक चले जाने से परिवार और गांव के लोग सदमे में हैं. फिलहाल उनकी मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें - जिस बिल्डिंग में ACB का दफ्तर, उसी के नीचे ले रहा था रिश्वत; 20 हजार लेते तहसील ऑफिस का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार
डिसक्लेमर- Disclaimer: जीवन अनमोल है. जी भरकर जिएं. इसका पूरी तरह सम्मान करें. हर पल का आनंद लें. किसी बात-विषय-घटना के कारण व्यथित हों तो जीवन से हार मानने की कोई जरूरत नहीं. अच्छे और बुरे दौर आते-जाते रहते हैं. लेकिन कभी जब किसी कारण गहन हताशा, निराशा, डिप्रेशन महसूस करें तो सरकार द्वारा प्रदत्त हेल्पलाइन नंबर 9152987821 पर संपर्क करें.