कोल्ड ड्रिंक पीने से पहले हो जाएं सावधान! पानीपत में नकली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 41 हजार बोतलें पकड़ी गईं
पानीपत में नामी ब्रांड के नाम पर नकली कोल्ड ड्रिंक का कारोबार पर सीएम फ्लाइंग ने शुक्रवार को छापेमारी की है. सीएम फ्लाइंग ने नकली कोल्ड ड्रिंक बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. साथ ही 41 हजार बोतलें भी बरामद की है.
सावधान! कहीं आप भी नकली कोल्ड ड्रिंक तो नहीं पी रहे? पानीपत में सीएम फ्लाइंग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में नकली कोल्ड ड्रिंक बनाने और सप्लाई करने वाले बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है. टीम ने कुरार गांव में चल रही कथित नकली कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री और मेहराणा गांव स्थित गोदाम पर छापेमारी कर करीब 41 हजार बोतलें बरामद की हैं. बरामद कोल्ड ड्रिंक्स में कोका-कोला, फैंटा, स्प्राइट, थम्सअप, माउंटेन ड्यू और लिम्का जैसे नामी ब्रांड के लेबल वाली बोतलें शामिल हैं.
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कुरार गांव में इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक एक परिसर में पिछले कई महीनों से कथित तौर पर नकली कोल्ड ड्रिंक तैयार की जा रही थी. यहां बोतलों में पेय पदार्थ भरने के साथ ही नामी कंपनियों के ब्रांड के लेबल भी लगाए जा रहे थे. इसके बाद इन बोतलों को महराणा गांव स्थित बड़े गोदाम में रखा जाता था, जहां से आगे सप्लाई की जाती थी.
लगातार मिल रही शिकायतों और इनपुट के आधार पर सीएम फ्लाइंग, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान अलग-अलग ब्रांड के हजारों कार्टन और बोतलें बरामद की गईं. मौके से विभिन्न कंपनियों के स्टीकर और लेबल भी मिले हैं. अधिकारियों के मुताबिक, संबंधित कंपनियों ने इस तरह के उत्पादन के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं दी थी और न ही उत्पादन का कोई वैध लाइसेंस मौके पर मिला.
हरियाणा के कई जिलों में सप्लाई होने का खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कथित नकली कोल्ड ड्रिंक की सप्लाई हरियाणा के विभिन्न जिलों में की जा रही थी. इसके अलावा प्रदेश की सीमा से बाहर भी माल भेजे जाने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, मौके पर ही बोतलों में पेय पदार्थ भरने और उनकी ब्रांडिंग करने का काम किया जा रहा था. इस पूरे कारोबार की अनुमानित बाजार कीमत करीब 20 से 25 लाख रुपये आंकी गई है.
11 सैंपल लेकर फैक्ट्री सील, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विक्रम ने बताया कि विभाग की टीम ने मौके से कुल 11 सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा. लैब रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. फैक्ट्री परिसर को भी सील किया गया है.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी की जनता से अपील
डॉ. विक्रम ने लोगों से अपील की कि कोल्ड ड्रिंक या अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी पैकेजिंग, लेबल, सील और उत्पाद की प्रामाणिकता की जांच अवश्य करें. सस्ते दामों के लालच में संदिग्ध उत्पाद न खरीदें. नकली खाद्य पदार्थों का उत्पादन और बिक्री आम जनता के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं.
रिपोर्ट: राकेश भयाना
यह भी पढ़ें: जिस बिल्डिंग में ACB का दफ्तर, उसी के नीचे ले रहा था रिश्वत; 20 हजार लेते तहसील ऑफिस का कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार