)
देश की राजधानी दिल्ली में पुलिस और वकीलों के बीच टकराव का मामला अक्टूबर 2026 में सामने आया था. अब हरियाणा के हिसार में वकील और पुलिस के बीच टकराव की घटना घटी है. इन दोनों घटनाओं को लेकर मामला पूरी तरह से गर्म नजर आ रहा है. दरअसल, हिसार शहर के जिंदल चौक पर कार रोकने को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस और वकीलों के बीच टकराव का रूप ले चुका है. चलिए वकील और पुलिस के बीच टकराव की इन दोनों घटनाओं के बारे में जानने कि कोशिश करते हैं.
हिसार में मामले में पहले होमगार्ड जवान की शिकायत पर दो वकीलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इसके बाद वकीलों के विरोध और बार एसोसिएशन के अल्टीमेटम के बीच पुलिस ने दूसरे पक्ष की शिकायत पर होमगार्ड जवान राजबीर और अन्य लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं.
मामले की शुरुआत 24 नवंबर मंगलवार शाम उस समय हुई, जब जिंदल चौक पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से एक कार को रोका गया. इसी बात को लेकर होमगार्ड जवान राजबीर और एडवोकेट विशाल यादव के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई.
होमगार्ड जवान राजबीर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वकील विशाल यादव और सूरज यादव ने उसके साथ मारपीट की. इस दौरान उसकी गर्दन पकड़ी गई, वर्दी फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों वकीलों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी के साथ मारपीट, सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और धमकी देने समेत बीएनएस की 6 धाराओं में एफआईआर दर्ज की.
दूसरी एफआईआर दर्ज होने के बाद बार एसोसिएशन ने अपनी प्रस्तावित जनरल हाउस मीटिंग का फैसला वापस ले लिया. फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
बता दें कि पुलिस और वकीलों के बीच टकराव का ऐसा ही एक मामला अक्टूबर 2026 में दिल्ली के शाहदरा इलाके में भी सामने आया था. वहां रोहताश नगर में एक सैलून के बाहर बाइक पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद पुलिस थाने तक पहुंच गया था. 23 अक्टूबर को हुई इस घटना में वकील ललित बंसल के सिर में चोट लगने की बात सामने आई थी. वकीलों ने आरोप लगाया था कि शाहदरा थाने में पुलिसकर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. उन्होंने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ पर सर्विस रिवॉल्वर दिखाकर धमकाने का आरोप भी लगाया था. वहीं, पुलिस ने वकीलों के खिलाफ मारपीट, सरकारी काम में बाधा डालने और सैलून में तोड़फोड़ समेत अन्य आरोपों में एफआईआर दर्ज की थी.
घटना के विरोध में जिला अदालतों के वकील अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए थे. यह हड़ताल 28 अक्टूबर को एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण कुमार के तबादले के बाद समाप्त हुई. हालांकि, 2 नवंबर को पुलिसकर्मियों ने इन तबादलों के विरोध में पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया. इसके अगले दिन 3 नवंबर को एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को निलंबित कर दिया गया था.