App

दहेज, DJ और मृत्यु भोज पर रोक! बल्लभगढ़ की महापंचायत में राजपूत समाज ने लिए बड़े फैसले

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में राजपूत समाज की महापंचायत में दहेज प्रथा, शादी-विवाह की फिजूलखर्ची, मृत्यु भोज और DJ पर रोक लगाने का फैसला लिया गया.

दहेज, DJ और मृत्यु भोज पर रोक! बल्लभगढ़ की महापंचायत में राजपूत समाज ने लिए बड़े फैसले
Image Credit: AI IMAGE

फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में राजपूत सभा की ओर से सामाजिक कुरीतियों और शादी-विवाह सहित अन्य कार्यक्रमों में बढ़ते फिजूलखर्च पर रोक लगाने के उद्देश्य से महापंचायत का आयोजन किया गया. महापंचायत में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग पहुंचे और अपने विचार रखे. इस दौरान शादी-विवाह और मृत्यु भोज जैसे कार्यक्रमों में अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने के साथ डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया गया.

समाज में बदलाव की शुरुआत के लिए महापंचायत
महापंचायत में पूर्व विधायक शारदा राठौर, पूर्व जिला अध्यक्ष हरेंद्र भाटी, राजपूत सभा के अध्यक्ष ठाकुर राजाराम प्रताप भाटी सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे. सभी ने महापंचायत में लिए गए फैसलों का समर्थन करते हुए कहा कि समाज में बदलाव की शुरुआत हमें अपने घर से करनी होगी.

महापंचायत में लिए गए बड़े फैसले
महापंचायत में दहेज प्रथा पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, शादी-विवाह में दिखावे और फिजूलखर्ची से बचने और मृत्यु भोज जैसे आयोजनों पर होने वाले अनावश्यक खर्च को रोकने पर जोर दिया गया. वक्ताओं ने कहा कि सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर परिवारों पर आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है. समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इन फैसलों को अपने जीवन में अपनाना होगा.

महापंचायत के बाद इन नियमों को लागू करवाने और समाज के लोगों से इनका पालन सुनिश्चित कराने के लिए एक कमेटी का गठन भी किया गया. अब यह कमेटी समाज के बीच जाकर लोगों को जागरूक करेगी और महापंचायत में लिए गए फैसलों का पालन करवाने की जिम्मेदारी संभालेगी.

शादी-विवाह में दिखावे की जरूरत नहीं 
महापंचायत का संदेश साफ रहा कि शादी-विवाह में दिखावे की बजाय सादगी को प्राथमिकता दी जाए और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने की शुरुआत खुद से की जाए.

(फरीदाबाद से जय प्रकाश की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More