8 महीने की गर्भवती है पत्नी, पति ने नहर में कूदने का बनाया वीडियो, फिर आया बच्चे का ख्याल और मिला जिंदा
पत्नी से परेशान एक पति का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था. वायरल वीडियो में उसने पत्नी से विवाद की वजह से नहर में कूद कर जान देने की बात कही. हालांकि, पुलिस ने उसे 48 घंटे बाद ऑटो से जिंदा बरामद किया.
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसने फरीदाबाद पुलिस की नींद उड़ा दी, क्योंकि फरीदाबाद के मवई गांव का रहने वाला 24 साल का अरमान अपनी पत्नी से विवाद होने के बाद वीडियो बनाया और नहर में कूद जाने की बात कही. इस वीडियो को वायरल होने के दो दिन तक पुलिस और एसडीआरएफ टीम आगरा नहर में तलाश करती. हालांकि, अरमान को पुलिस ने 48 घंटे बाद ऑटो से जिंदा बरामद किया. तब जाकर पूरे मामले की गुत्थी सुलझी.
दरअसल, अरमान और उसकी पत्नी के बीच काफी वक्त से अनबन चल रही थी. इसी खींचतान के बीच अरमान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डाल दिया, जिसमें उसने पत्नी पर मानसिक तौर पर तंग करने और प्रताड़ित करने की बात कही. वीडियो के आखिर में उसने आगरा नहर में कूदने का जिक्र किया, जिसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा था.
नहर के पास मिली बाइक ने बढ़ाई चिंता
वीडियो सामने आने के बाद जब अरमान गायब हुआ, तो घरवालों के होश उड़ गए. थोड़ी ही देर में कटला पुल के पास आगरा नहर के किनारे अरमान की पल्सर बाइक और मोबाइल फोन मिल गया. यह देखते ही पुलिस को लगा कि शायद उसने नहर में छलांग लगा दी है. इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें फौरन मौके पर पहुंची. दोनों ने नहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया. लगातार 48 घंटे तक नहर में सर्च ऑपरेशन चलता रहा. टीमें पानी में खंगालती रही. मगर, कोई सुराग हाथ नहीं लगा.
आखिरकार पुलिस को पता चला कि अरमान नहर में कूदा ही नहीं था. नहर किनारे बाइक और फोन छोड़कर वह वहां से निकल गया था. बाद में पुलिस ने उसे एक ऑटो में जाते हुए पकड़ लिया.
बच्चे के भविष्य ने रोका बड़ा कदम
पुलिस के अनुसार, अरमान की पत्नी 8 महीने की गर्भवती है. बताया जा रहा है कि नहर के पास पहुंचने के बाद जब उसने अपने आने वाले बच्चे के भविष्य के बारे में सोचा, तो उसका मन बदल गया. इसके बाद अरमान नहर में नहीं कूदा.
अब काउंसलिंग के जरिए दोनों के बीच सुलझेगा मामला
हालांकि, अरमान के जिंदा मिलने के बाद परिवार और पुलिस दोनों ने राहत की सांस ली है. तलाशी अभियान खत्म हो गया है. वहीं, अब पुलिस काउंसलिंग के जरिए दोनों के बीच मामले को सुलझाने का प्रयास करेगी. इसके लिए दोनों परिवारों और पति-पत्नी को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है, ताकि बैठकर बात हो सके और विवाद का कोई हल निकल जाए.
यह भी पढ़ें: इतना शक कि काम पर साथ जाती, वॉशरूम में 5 मिनट और 182 बार कॉल; पत्नी से प्रताड़ित अरमान ने बनाया वीडियो और फिर....