SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'कमियां न ढूंढें, एक होकर दुनिया को भारत का दम दिखाएं', रामायण के लिए रॉकिंग स्टार यश का बड़ा संदेश

नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' की रिलीज से पहले रावण का रोल निभा रहे सुपरस्टार यश ने फैंस से खास अपील की है. यश ने कहा कि लोग VFX जैसी छोटी गलतियों में कमियां न ढूंढें, बल्कि नॉर्थ और साउथ की सभी इंडस्ट्रीज एक साथ आकर दुनिया को भारतीय सिनेमा की ताकत दिखाएं.

Written By Alkesh Kushwaha
Published: Oct 20, 2026, 07:08 AM IST | Updated: Oct 20, 2026, 07:16 AM IST
Image Credit: यश ने फैंस से की नितेश तिवारी की 'रामायण' को सपोर्ट करने की अपील (x- @KshitizCritic)
Join

भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और मोस्ट अवेटिंग फिल्म 'रामायण' को लेकर पूरे देश में जबरदस्त बज बना हुआ है. इस महागाथा में 'रावण' का किरदार निभा रहे कन्नड़ सुपरस्टार यश ने हैदराबाद के एक स्पेशल इवेंट में फैंस और सिनेप्रेमियों के नाम एक बहुत ही भावुक और बड़ा संदेश दिया है. यश ने कहा कि लोग फिल्म के टीजर या विजुअल्स में छोटी-छोटी कमियां ढूंढने के बजाय खुले दिल से इस भव्य कोशिश का स्वागत करें. अगर हम इस वक्त मेकर्स और भारतीय सिनेमा के इस बड़े विजन का साथ नहीं देंगे, तो हम सालों पीछे चले जाएंगे.

इस फिल्म में भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर, माता सीता के रूप में साई पल्लवी और लंकापति रावण के दमदार किरदार में सुपरस्टार यश नजर आने वाले हैं. हैदराबाद में सोमवार की शाम आयोजित एक खास इवेंट के दौरान यश ने स्टेज पर आकर फैंस से एक बेहद दिल छू लेने वाली अपील की. यश ने कहा कि यह फिल्म सिर्फ एक भाषा या एक रीजन की नहीं है, बल्कि यह पूरे भारतीय सिनेमा की फिल्म है. इसलिए लोगों को सोशल मीडिया पर छोटी-छोटी कमियां ढूंढने के बजाय एक साथ आकर इस मेगा प्रोजेक्ट का सपोर्ट करना चाहिए.

कमियां निकालने के बजाय बड़े विजन को देखें

यश ने इवेंट में बोलते हुए बहुत ही सादगी से कहा कि अगर लोगों को फिल्म पसंद आती है, तो वे इसके बारे में जरूर बात करेंगे. उन्होंने फैंस से दरख्वास्त की कि वे केवल विजुअल इफेक्ट्स (VFX) या छोटी-मोटी टेक्निकल चीजों में गलतियां न निकालें. यश का मानना है कि भारतीय सिनेमा को इतने बड़े पैमाने पर ले जाने का मौका बार-बार नहीं मिलता. अगर हम आज ऐसे मेकर्स और इतनी बड़ी सोच का साथ नहीं देंगे, तो हमारी इंडस्ट्री सालों पीछे चली जाएगी. उन्होंने कहा कि नितेश तिवारी और उनकी पूरी टीम बहुत ही साफ नीयत के साथ काम कर रही है और वे हर तरह के फीडबैक को बहुत सीरियसली ले रहे हैं.

 

 

मेकर्स सुन रहे हैं फैंस की हर बात

दरअसल 'रामायण' के शुरुआती वीडियो और एसेट्स आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसके VFX और कैरेक्टर डिजाइन को लेकर काफी बातें की थीं. फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा लगातार सोशल मीडिया ट्रेंड्स और दर्शकों के रिएक्शन पर नजर बनाए हुए हैं. नमित ने खुद एक स्टेटमेंट जारी करके कहा था कि वे फैंस की हर बात और सुझाव को ध्यान से सुन रहे हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो फैंस के फीडबैक के बाद फिल्म के कैरेक्टर डिजाइन और विजुअल्स में काफी बड़े और पॉजिटिव बदलाव भी किए गए हैं. यश ने इसी बात का जिक्र करते हुए कहा कि जब मेकर्स सुधार करने को तैयार हैं, तो दर्शकों को भी खुले दिमाग से फिल्म देखनी चाहिए.

नॉर्थ और साउथ इंडस्ट्री को एक होने की जरूरत

अपनी स्पीच के दौरान यश ने किसी एक भाषा के दर्शकों से नहीं, बल्कि पूरे देश के सिनेमा प्रेमियों से जुड़ने की बात कही. उन्होंने तेलुगु, कन्नड़, मलयालम, तमिल और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सभी फैंस से खास रिक्वेस्ट की. यश ने कहा कि अगर आपको यह फिल्म थोड़ी भी पसंद आती है, तो इस बार सभी को मिलकर एक साथ आना होगा. हमें पूरी दुनिया को दिखाना होगा कि भारतीय सिनेमा क्या कमाल कर सकता है. यश के इस पॉजिटिव मैसेज की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है और फैंस उनके इस बड़े नजरिए को खूब पसंद कर रहे हैं.

कब रिलीज होगी यह महागाथा?

'रामायण' एक दो-पार्ट की बहुत ही भव्य फिल्म सीरीज होने वाली है. इसका पहला पार्ट 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. वहीं इसका दूसरा पार्ट दिवाली 2027 के मौके पर बड़े पर्दे पर धमाका करेगा. इस फिल्म को न सिर्फ भारत में बल्कि इंटरनेशनल लेवल पर भी बहुत बड़े स्केल पर प्रमोट और रिलीज करने की तैयारी की जा रही है. फिल्म के मेकर्स का मकसद भारतीय इतिहास और पौराणिक धरोहर को दुनिया के सामने सबसे बेहतरीन तरीके से पेश करना है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES