'रामायण' पर भारी पड़ी 'आदिपुरुष': रणबीर कपूर और यश की स्टार पावर भी प्रभास की फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर नहीं दे पाई मात; कहां हुई चूक?
रणबीर कपूर और यश जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी के बावजूद 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर प्रभास की 'आदिपुरुष' से पिछड़ती नजर आई. आखिर ऐसा क्या हुआ कि विवादों में घिरी आदिपुरुष को भी मात नहीं दे पाई रामायण? जानिए इसकी वजह और पूरी कहानी.
किसी भी भारतीय फिल्मों के लिए वाइड रिलीज के मामले में 10,000 स्क्रीन का आंकड़ा एक अच्छा पैमाना माना जाता है. आमतौर पर भारतीय सिनेमा की 'RRR' या 'जवान' जैसी बड़ी फिल्में देश में 6,000 से 7,000 स्क्रीन और विदेशों में 3,000 से ज्यादा स्क्रीन पर रिलीज होती हैं. इसे व्यापक अंतरराष्ट्रीय रिलीज का माना जाता है. इस लिहाज से 'रामायण' को ऐतिहासिक माना गया. सोनी पिक्चर्स ने इसे भारत के बाहर 50,000 स्क्रीन दीं, जो किसी भी आम भारतीय फिल्म को मिलने वाली स्क्रीन की संख्या से 15 गुना ज्यादा है. भारत में भी इस फिल्म को 8,000 से 9,000 स्क्रीन मिलीं, जो मल्टीप्लेक्स के दौर की किसी भी अन्य फिल्म से कहीं ज्यादा है. इसके अलावा फिल्म को दर्शकों से पॉजिटिव रिएक्शन और अच्छे रिव्यू भी मिले.
इसके बाद भी उस ऐतिहासिक शुरुआत की उम्मीदों पर फिल्म खरी नहीं उतर पाई. इतना ही नहीं, तीन साल पहले आई फ्लॉप फिल्म 'आदिपुरुष' से भी पीछे रह गई. बता दें कि प्रभास स्टारर इस फिल्म में महाकाव्य पर आधारित होने के बावजूद काफी आलोचना और बदनामी का सामना करना पड़ गया था. ऐसा कैसे हुआ? इसका जवाब 'रामायण' की गलत मार्केटिंग और 'आदिपुरुष' के मामले में तेलुगु फैंस के उस 'सुनामी' जैसे जबरदस्त उत्साह के मेल में छिपा है.
रामायण Vs आदिपुरुष
जून 2023 में जब 'आदिपुरुष' रिलीज हुई, तो यह अब तक की सबसे महंगी भारतीय फिल्म थी. 550 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में प्रभास ने भगवान राम, कृति सेनन ने सीता और सैफ अली खान ने रावण का किरदार निभाया था. रिलीज के दिन इसे भारत में लगभग 6500 स्क्रीन और विदेशों में 3000 स्क्रीन मिलीं. यह किसी भारतीय फिल्म की सबसे बड़ी रिलीज में से एक थी. रिलीज के मामले में इसने 'बाहुबली 2' को भी पीछे छोड़ दिया और RRR और 'पठान' जैसी बड़ी फिल्मों के लगभग बराबर पहुंच गई.
ओपनिंग डे पर ही 100 करोड़ पार कर जाएगी 'रामायण'? रणबीर कपूर की फिल्म को लेकर अनुमान; बॉक्स ऑफिस पर बनेगा रिकॉर्ड!
इसकी तुलना में नितेश तिवारी की 'रामायण पार्ट 1' को 1600 करोड़ रुपये के बजट पर बनी है, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा बजट है. इसमें दो बड़े स्टार, भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर और रावण के रूप में यश हैं. इसी वजह से पूरे भारत में 9000 स्क्रीन मिली हैं. सोनी पिक्चर्स के साथ हुई डिस्ट्रीब्यूशन डील की बदौलत इसे विदेशों में भी 50,000 स्क्रीन मिल गई हैं. यह पिछले 30 सालों में रिलीज हुई किसी भी भारतीय फिल्म के मुकाबले लगभग 5 गुना बड़ा लेवल है.
'आदिपुरुष' की बॉक्स ऑफिस कमाई के मुकाबले 'रामायण' क्यों पीछे?
'रामायण' ने भारत में ₹64.85 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जिसमें से ₹47 करोड़ की कमाई अकेले इसके हिंदी वर्जन से आई. देशभर में इसके लगभग 25 लाख टिकट बिके और IMAX जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स ने इसके कलेक्शन को बढ़ाने में मदद की. वहीं, 'आदिपुरुष' ने अपने पहले दिन ₹86.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया था. इस फिल्म ने हिंदी में ₹37 करोड़ और तेलुगु में ₹48 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. पहले दिन इसके कुल 55 लाख टिकट बिके, जो 'रामायण' के मुकाबले काफी ज्यादा थे.
इसकी अहम वजह प्रभास की पॉपुलैरिटी थी. नेगेटिव रिव्यू मिलने के बाद भी प्रभास के फैंस की वजह से इस फिल्म को तेलुगु राज्यों और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में रिकॉर्ड-तोड़ ओपनिंग मिली. इसका मतलब यह हुआ कि टिकट की औसत कीमत ज़्यादा होने और बड़े लेवल पर रिलीज़ किए जाने के बावजूद 'रामायण' इन आंकड़ों को पार नहीं कर सकी.
'रामायण' के लिए विदेशी बाजार की चुनौती
विदेशों में 50,000 स्क्रीन्स के साथ 'रामायण' को हॉलीवुड की बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की तरह ही वर्ल्डवाइड लेवल पर रिलीज करने का लक्ष्य रखा गया था. हलाकि, पहले दिन की कमाई इस लक्ष्य को नहीं दर्शाती. फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगभग 5.3 मिलियन डॉलर की कमाई की, जो इस साल की शुरुआत में आई फिल्म 'धुरंधर 2' से भी कम है. और वह फिल्म तो खाड़ी देशों (गल्फ) में बैन भी कर दी गई थी.
दूसरी ओर 'आदिपुरुष' ने विदेशों में अपने पहले दिन 3 मिलियन डॉलर कमाए, जबकि उसे केवल 6% स्क्रीन्स ही मिली थीं. इससे पता चलता है कि इतनी बड़ी रिलीज के बावजूद 'रामायण' को लेकर बज नहीं बन पाई जैसी उम्मीद थी. इसकी कमाई के आंकड़े किसी भी अन्य बड़ी भारतीय फिल्म के स्तर के ही रहे.
'रामायण' के इस सीन पर मचा घमासान, क्या सच में राक्षसों से लड़ी थीं माता सीता; शास्त्रों में क्या लिखा है?
'रामायण' के लिए आगे का रास्ता
अगर 'रामायण' को अपनी लागत वसूलने की कोई उम्मीद है, तो वीकेंड के बचे हुए दिनों में 'वर्ड ऑफ माउथ' के जरिए विदेशों में इसकी कमाई बढ़नी चाहिए. शुरुआती पॉजिटिव रिएक्शन को देखते हुए दिवाली के दौरान और उसके बाद घरेलू बाजार में इसकी कमाई में उछाल आ सकता है. लंबे समय में 'रामायण' निश्चित रूप से 'आदिपुरुष' की कमाई के आंकड़े को पार कर लेगी.हो सकता है कि यह अपने पहले वीकेंड में ही ऐसा कर ले. लेकिन पहले दिन की कमाई इसके बड़े लक्ष्यों के सामने फीकी नजर आ रही है.
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज द्वारा DNEG और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के सपोर्ट से बनाई जा रही 'रामायण' का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं. इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में, साई पल्लवी सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में हैं. इसका सीक्वल 2028 में रिलीज होने वाला है.