टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी और उनकी पत्नी नेहा स्वामी बिजलानी ने माफी मांगी है. हाल ही में नेहा के ग्रे टी-शर्ट पहनकर बाहर निकलने से कुछ फैंस नाराज हो गए थे.दरअसल, अर्जुन अपनी पत्नी के साथ दिखे थे, जहां नेहा ने एक कार्टून वाली टी-शर्ट पहनी थी. उस कार्टून के साथ-साथ टी-शर्ट पर उर्दू में कुछ लिखा था. इसमें पैगंबर मोहम्मद का जिक्र था.
अब अर्जुन और नेहा ने अपनी गलती के लिए माफी मांगी है और कहा है कि उन्हें पता नहीं था कि टी-शर्ट पर क्या लिखा है, क्योंकि उन्हें यह टी-शर्ट एक फैन से तोहफे में मिली थी. इस मामले में पाकिस्तानी एक्ट्रेस मिशी खान ने भी नेहा की आलोचना की और उनसे माफी मांगने की मांग की.
अर्जुन ने अपने सोशल मीडिया पर माफीनामा शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, 'हम दिल से माफी मांगते हैं.' इसके बाद उन्होंने लिखा, 'हम नेहा स्वामी बिजलानी और हाल ही में उनके द्वारा पहनी गई उस टी-शर्ट से जुड़े मामले पर बात करना चाहते हैं, जिस पर पैगंबर का जिक्र करने वाले उर्दू शब्द लिखे थे.'
अर्जुन बिजलानी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर यह बयान शेयर किया, जिसमें लिखा, ''हम नेहा स्वामी बिजलानी और हाल ही में उनके द्वारा पहनी गई टी-शर्ट को लेकर चल रही स्थिति पर अपनी बात रखना चाहते हैं. इस टी-शर्ट पर पैगंबर से जुड़े शब्द उर्दू में लिखे हुए थे. जब नेहा ने यह टी-शर्ट पहनी थी, तब उन्हें उस पर लिखे शब्दों के अर्थ और उनके महत्व की बिल्कुल जानकारी नहीं थी. किसी भी व्यक्ति या समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, उनका अपमान करने या उन्हें आहत करने का हमारा कोई इरादा नहीं था.''
बयान में आगे कहा गया, 'हम सभी धर्मों, आस्थाओं और मान्यताओं का दिल से सम्मान करते हैं और जानबूझकर कभी ऐसा कुछ नहीं करेंगे, जिससे दूसरों की भावनाओं को ठेस पहुंचे. हम समझते हैं कि धार्मिक महत्व से जुड़े मामलों पर लोगों की भावनाएं काफी मजबूत हो सकती हैं. हालांकि, नेहा को निशाना बनाकर की जा रही ट्रोलिंग, गाली-गलौज, बद्दुआएं और धमकियां बेहद परेशान करने वाली और अस्वीकार्य हैं. जानकारी की कमी के कारण हुई घटना को किसी व्यक्ति को ऑनलाइन परेशान करने या धमकियां देने की वजह नहीं बनना चाहिए.''

उन्होंने कहा, 'यह टी-शर्ट बैंकॉक के एक मॉल में एक फैन ने गिफ्ट की थी और हमें इस पर लिखे शब्दों का अर्थ नहीं पता था. हम सभी त्योहार मनाते हैं और किसी की भी भावनाओं को किसी भी तरह से ठेस नहीं पहुंचाएंगे. जो कुछ भी अनजाने में हुआ, उसके लिए हमें खेद है. भविष्य में हमें मिलने वाले गिफ्ट को लेकर हम हमेशा सावधानी बरतेंगे. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस मामले को समझदारी, संवेदनशीलता और सहानुभूति के साथ देखें. नेहा और उनके परिवार के खिलाफ नफरत फैलाने या उन्हें निशाना बनाने से बचें.'
एक्टर ने लिखा, 'हमारा मानना है कि गाली-गलौज और डराने-धमकाने के बजाय आपसी सम्मान और बातचीत से किसी भी मामले को बेहतर तरीके से सुलझाया जा सकता है. हमें उम्मीद है कि इस सफाई से मामला सही संदर्भ में समझने में मदद मिलेगी. हम सभी से अनुरोध करते हैं कि इस स्थिति को सम्मान और समझदारी के साथ सुलझाने का मौका दें.'
दरअसल, अर्जुन बिजलानी हाल ही में अपनी पत्नी नेहा और बेटे अयान के साथ एक इवेंट में पहुंचे थे. इस दौरान नेहा कैजुअल लुक में नजर आईं. उन्होंने टी-शर्ट और ब्लैक पैंट पहनी थी. उनकी टी-शर्ट पर एक कार्टून कैरेक्टर बना हुआ था. इसके साथ ही उस पर उर्दू में 'अल्लाह' और मुहर-ए-नबूवत से जुड़ी आकृति थी. टी-शर्ट की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर विवाद शुरू हो गया. कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा संवेदनशील मामला बताया और नेहा के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की.
इस मामले में पाकिस्तानी एक्ट्रेस मिशी खान ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. उन्होंने नेहा की टी-शर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि दूसरे धर्म की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए. मिशी ने नेहा से माफी मांगने की मांग की.
(आईएएनएस इनपुट)