कौन है अर्जुन कपूर की नई रूमर्ड गर्लफ्रेंड साहिबा बाली? 12 साल बड़ी मलाइका अरोड़ा के बाद अब 9 साल छोटी हसीना पर आया एक्टर का दिल
मलाइका अरोड़ा से ब्रेकअप के बाद अर्जुन कपूर एक बार फिर अपनी लव लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में एक्ट्रेस साहिबा बाली ने अर्जुन के साथ गुरुपर्व की एक प्यारी फोटो शेयर की. इसके साथ ही उन्होंने ऐसा मजेदार कैप्शन लिखा कि फैंस दोनों के अफेयर के कयास लगाने लगे हैं. चलिए जानते है इन खबरों कितनी सच्चाई है और साहिबा बाली कौन हैं?
मलाइका अरोड़ा से ब्रेकअप होने के बाद अब ऐसा लग रहा है कि अर्जुन कपूर की लाइफ में एक बार फिर प्यार ने दस्तक दे दी है. पिछले काफी समय से अर्जुन अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर लगातार सुर्खियों में हैं. पहले मलाइका के साथ उनके रिश्ते ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन अब एक्टर का नाम एक नई एक्ट्रेस के साथ जुड़ रहा है. दरअसल, हाल ही में अर्जुन कपूर और एक्ट्रेस साहिबा बाली की एक नई फोटो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है. इस तस्वीर में दोनों साथ मिलकर गुरुपर्व सेलिब्रेट करते नजर आ रहे हैं. दोनों की ये फोटो सामने आने के बाद से ही फैंस के बीच इनके रिश्ते को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है.
बात कुछ ऐसी है कि 24 नवंबर 2026 को साहिबा बाली ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अर्जुन के साथ एक बहुत ही प्यारी स्टोरी शेयर की थी. इस फोटो में ये दोनों सिर ढके हुए कैमरे की तरफ देखकर मुस्कुराते नजर आ रहे हैं. तस्वीर के साथ साहिबा ने काफी मजेदार कैप्शन देते हुए लिखा, ‘मैंने उनका आधा प्रसाद भी खा लिया’. जैसे ही ये फोटो रेडिट पर सामने आई, इंटरनेट पर यूजर्स ने इसे दोनों के रिलेशनशिप का ऑफिशियल हिंट मानना शुरू कर दिया. कई लोगों ने चुटकी लेते हुए कहा कि किसी का आधा प्रसाद खाना तो पक्का डेटिंग की तरफ ही इशारा करता है. वहीं, कुछ फैंस ऐसे भी हैं, जो इसे महज एक अच्छी और पक्की दोस्ती का नाम दे रहे हैं.
लंदन से शुरू हुई थी नजदीकियों की चर्चा
अर्जुन और साहिबा के बीच अफेयर की खबरें इसी साल जुलाई 2026 से उड़नी शुरू हुई थीं. उस वक्त दोनों को लंदन के लॉर्ड्स मैदान में भारत और इंग्लैंड का मैच साथ देखते हुए देखा गया था. इस दौरान दोनों एक दूसरे के साथ ट्विनिंग करते नजर आए ते, जिसकी ढेरों फोटोज सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं. हालांकि, उस समय साहिबा ने अर्जुन के साथ एक फोटो पोस्ट करते हुए लिखा था, ‘हर बात पर यकीन मत कीजिए’. इसके बाद अर्जुन के बर्थडे पर भी साहिबा ने एक प्यारा सा पोस्ट शेयर कर लिखा था, ‘हैप्पी बर्थडे सबके बेस्टी, अब और वजन मत घटाओ, केक खाओ’, जिसका रिप्लाई करते हुए अर्जुन ने लिखा था, ‘तुम्हारे मेरे साथ जुड़ने का इंतजार रहेगा’.
कौन हैं साहिबा बाली?
अर्जुन कपूर के साथ अफेयर की खबरों के बीच आजकल हर किसी की जुबान पर सिर्फ साहिबा बाली का ही नाम है. संडे गार्जियन लाइव की एक रिपोर्ट की मानें तो साहिबा का जन्म 5 दिसंबर 1994 को एक कश्मीरी परिवार में हुआ था. पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएशन किया और फिर आगे की पढ़ाई के लिए लंदन चली गईं. वहां से उन्होंने मार्केटिंग की डिग्री ली और साथ ही ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के एक खास बिजनेस प्रोग्राम का भी हिस्सा बनीं. एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने से पहले साहिबा मशहूर फूड डिलीवरी ऐप जोमैटो में भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने डिजिटल कैंपेन और मार्केटिंग की बारीकियां सीखीं.
इम्तियाज अली की फिल्म से किया था डेब्यू
साहिबा के बॉलीवुड में आने का किस्सा भी कमाल का है. बात उन दिनों की है जब वे लंदन में अपनी पढ़ाई पूरी कर रही थीं. उसी वक्त जाने-माने डायरेक्टर इम्तियाज अली ने उन्हें ऑडिशन देने का एक बड़ा मौका दिया था. साहिबा ने साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘लैला मजनू’ के मेन रोल के लिए अपना ऑडिशन दिया था. किस्मत से वो लीड रोल तो तृप्ति डिमरी की झोली में जा गिरा, लेकिन साहिबा को निराश नहीं होना पड़ा और उन्हें फिल्म में लैला की बहन का किरदार मिल गया. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और वे नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज ‘बार्ड ऑफ ब्लड’, ‘तनाव’ और इम्तियाज अली की ही फिल्म ‘अमर सिंह चमकीला’ में नजर आ चुकी हैं.
उम्र के फासले ने खींचा सबका ध्यान
फिल्मों और सीरीज के अलावा आज वे सोशल मीडिया और डिजिटल दुनिया का भी एक बेहद पॉपुलर चेहरा बन चुकी हैं. बता दें, साहिबा से पहले अर्जुन कपूर लंबे समय तक मलाइका अरोड़ा के साथ रिलेशनशिप में थे. मलाइका उम्र में अर्जुन से करीब 12 साल बड़ी थीं, जिस वजह से दोनों को अक्सर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता था. साल 2024 में एक इवेंट के दौरान अर्जुन ने खुद को सिंगल बताकर ब्रेकअप की खबरों पर मुहर लगा दी थी. वहीं, साहिबा का नाम पहले कॉमेडियन कुल्लू के साथ जुड़ा था, जिसे उन्होंने सिर्फ प्रोफेशनल रिश्ता बताया था. फिलहाल अर्जुन और साहिबा ने अपने रिश्ते पर कोई ऑफिशियल बयान नहीं दिया है. दोनों की उम्र में 9 साल का अंतर है.