'स्ट्रीट फाइटर' से पहले विद्युत जामवाल ने प्रियंका चोपड़ा को दिया क्रेडिट, कहा-हॉलीवुड में भारतीय टैलेंट के लिए बनाया रास्ता
इन दिनों बॉलीवुड एक्टर विद्युत जामवाल अपनी आने वाली हॉलीवुड फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' को लेकर चर्चा में हैं. इसी बीच उन्होंने प्रियंका चोपड़ा को अपनी इस फिल्म के लिए क्रेडिट दिया है.
बॉलीवुड एक्टर विद्युत जामवाल 'स्ट्रीट फाइटर' से हॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं. इसी बीच उन्होंने हॉलीवुड में भारतीय स्टार्स की मौजूदगी और वहां उनके लिए खुल रहे मौकों पर अपनी राय रखी है. एक्टर का मानना है कि भारतीय स्टार्स को अब दुनिया के सामने अपनी काबिलियत साबित करने के लिए पहले जैसी कोशिश करने की जरूरत नहीं है.
उनका मानना है कि भारतीय कलाकार पहले से ही वेस्ट में अपनी पहचान बना रहे हैं. इसके लिए उन्होंने प्रियंका चोपड़ा जोनस का उदाहरण दिया. साथ ही कहा कि एक्ट्रेस ने विदेशों में भारतीय टैलेंट के लिए रास्ता बनाया है. उन्होंने साल 2015 में ABC की थ्रिलर सीरीज 'क्वांटिको' में FBI रिक्रूट एलेक्स पैरिश के तौर पर अपना हॉलीवुड सफर शुरू किया था.
हाल ही में एक इंटरव्यू में जामवाल ने इस बारे में बात की कि कैसे 'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' और 'वाराणसी' जैसी भारतीय फिल्में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिलचस्पी बढ़ा रही हैं और उन्हें क्यों लगता है कि ग्लोबल सिनेमा में भारतीय कलाकारों को लेकर बातचीत पहले ही आगे बढ़ चुकी है.
प्रियंका चोपड़ा को विद्युत जामवाल ने दिया क्रेडिट
'वैरायटी इंडिया' से बात करते हुए विद्युत ने कहा, 'हमारे पास प्रियंका चोपड़ा जैसी हस्तियां हैं, जिन्होंने हमारे लिए यह पहले ही कर दिखाया है. ऐसे लोग हैं जिन्होंने वहां अपनी पहचान बनाई है. हम भी उसी रास्ते पर हैं. यह तय करना वेस्ट का काम है कि क्या कोई भारतीय एक्टर उनकी फ्रेंचाइजी का हिस्सा बन सकता है या क्या कोई भारतीय एक्टर वहां जाना चाहता है. यह काफी खुली बात है. हम वहां मौजूद हैं और अब और कुछ करने की जरूरत नहीं है. वे हमारे बारे में जानते हैं और हम उनके बारे में जानते हैं.'
उन्होंने आगे बताया कि कैसे भारतीय सिनेमा और उसके टैलेंट के बारे में दुनिया की सोच बदल रही है. उनका कहना है कि अब भारतीय एक्टर्स को यह साबित करने की ज़रूरत नहीं है कि वे इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स में अपनी जगह बना सकते हैं. जामवाल का मनना है कि अब वेस्टर्न मार्केट में जगह बनाने से ज्यादा ध्यान उन मौकों पर है, जो भारतीय और ग्लोबल सिनेमा के आपस में घुलने-मिलने से बन रहे हैं. वे यह भी बताते हैं कि 'स्ट्रीट फाइटर' हॉलीवुड में उनकी पहली फिल्म है. वे कहते हैं, 'यह पहली फिल्म है. मुझे लगता है कि यह मेरे लिए एक मजबूत किरदार वाली फिल्म थी.'
अब आएगी विद्युत जामवाल की फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर'
बता दने कि फिल्म 'स्ट्रीट फाइटर' का निर्देशन किताओ सकुराई ने किया है. वहीं, नोआ सेंटीनो ने केन मास्टर्स की भूमिका निभाई है. इसके अलावा फिल्म में एंड्रयू कोजी, रियू और जेसन मोमोआ, ब्लैंका की भूमिका नजर आएंगे. यह फिल्म 16 अक्टूबर को अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.