SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

‘तो AI से बच्चे पैदा करवा लो!’, कैटरीना-ऐश्वर्या की बॉडी शेमिंग पर भड़कीं विद्या बालन, ट्रोलर्स को दिया मुंहतोड़ जवाब

Vidya Balan Angry on Body Shaming: मां बनने के बाद कटरीना कैफ और ऐश्वर्या राय की बॉडी शेमिंग करने वाले इंटरनेट ट्रोलर्स पर विद्या बालन बुरी तरह भड़क गई हैं. अपने एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने ऐसे लोगों को खरी-खोटी सुनाई और एक बेहद कड़ा जवाब देकर ट्रोलर्स का मुंह हमेशा के लिए बंद कर दिया.

Written By Vandana Saini
Published: Oct 14, 2026, 07:06 AM IST | Updated: Oct 14, 2026, 07:48 AM IST
Image Credit: बॉडी शेमिंग पर जमकर भड़कीं विद्या बालन
Join

सोशल मीडिया की दुनिया में आजकल किसी का भी मजाक उड़ाना बहुत आम बात हो गई है. खासतौर पर जब बात बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के वजन या उनके लुक्स की आती है, तो लोग बिना सोचे-समझे उंगलियां उठाने लगते हैं. हाल ही में जब कैटरीना कैफ मां बनीं, तो उनके बढ़े हुए वजन को लेकर इंटरनेट पर काफी भद्दे कमेंट्स किए गए. ठीक ऐसा ही कुछ दिन पहले ऐश्वर्या राय के साथ भी हुआ, जब एक फैशन शो में उनके रैंप वॉक के बाद लोगों ने उनके वजन को लेकर बातें बनाना शुरू कर दिया. किसी भी महिला के लिए मां बनने के बाद ये सब बोलना बेहद गलत है.

इन सब चीजों को लेकर पहले सलमान खान ने ‘बिग बॉस 20’ के मंच से ऐसे ट्रोलर्स को लताड़ लगाई थी. अब इसी मुद्दे पर बॉलीवुड की बेहतरीन अदाकारा विद्या बालन ने भी खुलकर बात की. विद्या खुद भी अपने करियर के शुरुआती दिनों में बॉडी शेमिंग का शिकार हो चुकी हैं, इसलिए वे इस दर्द को बहुत अच्छी तरह समझती हैं. हाल ही में एक मीडिया हाउस के साथ खास बातचीत में विद्या बालन का गुस्सा साफ देखने को मिला. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि दूसरों के शरीर पर राय देने से पहले लोगों को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और अपनी सोच ठीक करनी चाहिए.

ट्रोलर्स को विद्या की खरी-खोटी

विद्या बालन ने उन सभी लोगों को आईना दिखाया, जो महिलाओं के शरीर का मजाक उड़ाते हैं. उन्होंने कहा, ‘ये सब बेहद बकवास बातें हैं. जो लोग दूसरों की बुराई करते रहते हैं, उन्हें सबसे पहले शीशे के सामने खड़े होकर खुद को देखना चाहिए. असल बात तो ये है कि ऐसे लोग खुद की जिंदगी से परेशान हैं, उनके अंदर खुद कमियां हैं और इसी वजह से वे दूसरों पर उंगली उठाते हैं. अगर लोगों को इस बात से इतनी ही दिक्कत है कि मां बनने के बाद औरतें मोटी हो जाती हैं, तो फिर जो हर जगह एआई-एआई करते घूमते रहते हो, उसी एआई से बच्चे पैदा करवा लो’.

2 महीने बाद भी कायम Hanuman Ansh का दबदबा! 68वें दिन भी थिएटर्स में जमकर बरसे नोट; कलेक्शन उड़ा देगा होश 

मां बनने के बाद शरीर में होते हैं कई बदलाव

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए विद्या ने इस बात पर जोर दिया कि डिलीवरी के बाद एक महिला के शरीर में बहुत सारे हॉर्मोनल बदलाव आते हैं. उन्होंने कहा, ‘बच्चे को जन्म देने के बाद किसी भी महिला की बॉडी में कई तरह के फिजिकली और मेंटली बदलाव होते हैं. इस नाजुक दौर में किसी को भी ये हक नहीं है कि वे किसी के लुक्स या वजन का मजाक बनाए या सोशल मीडिया पर बैठकर घटिया बातें लिखे’. विद्या ने सीधे शब्दों में कहा कि किसी की बॉडी पर कमेंट करने से किसी का कद बड़ा नहीं हो जाता, बल्कि इससे उनकी अपनी छोटी मानसिकता सामने आती है.

बॉक्स ऑफिस पर रहा है विद्या का जलवा

अगर काम की बात करें तो, विद्या बालन हाल ही में पीरियड ड्रामा फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में नजर आई थीं. इस फिल्म में रितेश देशमुख लीड रोल में नजर आए थे और ये फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. दर्शकों ने इस फिल्म को खूब प्यार दिया और ये बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई. इस फिल्म में संजय दत्त, जेनेलिया डिसूजा और अभिषेक बच्चन जैसे बड़े कलाकारों ने भी अपनी शानदार एक्टिंग से जान फूंक दी थी. इसके बाद से ही फैंस विद्या बालन को दोबारा बड़े पर्दे पर दमदार किरदार निभाते हुए देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.

‘जेलर 2’ और आने वाले नए प्रोजेक्ट्स

अब विद्या बालन बहुत जल्द साउख सिनेमा के ‘थलाइवा’ रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ में नजर आने वाली हैं, जो 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है. इस फिल्म में वे कांता नाम का अहम किरदार निभा रही हैं, जिसे ट्रेलर में दर्शकों ने काफी पसंद किया है. इस फिल्म में उनके और रजनीकांत के अलावा मिथुन चक्रवर्ती, एस जे सूर्या, राम्या कृष्णन, शिव राजकुमार और योगी बाबू भी नजर आएंगे. इसके अलावा विद्या मशहूर डायरेक्टर अनीस बज्मी की एक अनटाइटल्ड कॉमेडी फिल्म में भी काम कर रही हैं, जिसमें अक्षय कुमार लीड रोल में होंगे. 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES