‘हनुमान अंश’ के बाद स्टार पावर की वापसी? ‘रामायण’ से ‘किंग’ तक बदलने वाला है बॉक्स ऑफिस का खेल
Box Office Biggest Release: साल 2026 के आखिरी तीन महीनों में 'रामायण', 'किंग', 'दृश्यम 3', 'ईठा' और 'जेलर 2' जैसी बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं. जानिए सितंबर से दिसंबर 2026 तक रिलीज होने वाली सभी बड़ी फिल्मों की पूरी लिस्ट. क्या साल 2026 के आखिरी में बदल जाएगा बॉक्स ऑफिस का खेल?
Box Office Biggest Release: 'हनुमान अंश' जैसी कम बजट और बिना किसी स्टार पावर के फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाकर हर किसी को हैरान कर दिया है. इस फिल्म की शानदार सफलता ने यह चर्चा काफी तेज कर दी है कि क्या आज के दर्शकों का भरोसा सिर्फ बड़े सुपरस्टार्स के नाम तक सीमित नहीं रह गया है. जब कहानी में दम होता है और कंटेंट दर्शकों के दिलों को छू जाता है, तो बिना बड़े चेहरों के भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी छाप छोड़ सकती हैं. 2026 में एक तरफ जहां छोटे बजट की कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों ने अपनी ताकत दिखाई है, वहीं दूसरी तरफ साल के आखिरी तीन महीने इंडियन सिनेमा के लिए एक बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करने वाले हैं.
सितंबर से दिसंबर के बीच बॉलीवुड और इंडियन सिनेमा के सबसे बड़े दिग्गजों की फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं. अजय देवगन की 'दृश्यम: द कंक्लूजन', रजनीकांत की 'जेलर 2', रणबीर कपूर की 'रामायण', प्रभास की 'फौजी', श्रद्धा कपूर की 'ईथा' और शाहरुख खान की 'किंग' जैसी कई बड़ी और मच-अवेटेड फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दस्तक देने वाली हैं.
एक ओर जहां 'हनुमान अंश' जैसी फिल्म ने कंटेंट और दर्शकों से भावनात्मक जुड़ाव की असली ताकत दिखाई, वहीं दूसरी तरफ अब बड़े सितारों से सजी फिल्मों की लंबी लाइन बॉक्स ऑफिस पर उतरने वाली है. ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या आने वाले महीनों में एक बार फिर स्टार पावर ही बॉक्स ऑफिस का सबसे बड़ा फैक्टर बनने वाली है? 'रामायण' से लेकर 'किंग' तक की इन विशाल फिल्मों के सामने बॉक्स ऑफिस पर पूरा खेल किस तरह बदलता है, यह देखना दिलचस्प होगा.
हालांकि, थिएटर लवर्स को हमेशा ही अपकमिंग फिल्मों का इंतजार रहता है. ऐसे में अगर बॉलीवुड और साउथ के बड़े सुपरस्टार्स की फिल्में हों, तो इंतजार करना और भी मुश्किल हो जाता है. साल 2026 खत्म होने में अब महज 3 महीने रह गए हैं. इन आखिरी तीन महीनों में कई मेगा-बजट और मोस्ट-अवेटेड फिल्में बॉक्स ऑफिस पर टकराने के लिए तैयार हैं.
सितंबर 2026 में कौन-कौन सी फिल्में रिलीज होंगी?
द पैराडाइज
नानी की मोस्ट-अवेटेड फिल्म 'द पैराडाइज' का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. फिल्म ने रिलीज से पहले ही 7 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई एडवांस बुकिंग में कर ली है, जिसके चलते फिल्म काफी सुर्खियों में आ गई है. फिल्म सिनेमाघरों में 24 सितंबर को रिलीज होने वाली है, जिसे श्रीकांत ओडेला ने डायरेक्ट किया है. नानी की इस एक्शन थ्रिलर फिल्म में मोहन बाबू और सोनाली कुलकर्णी अहम किरदार में नजर आएंगी.
हार्ट ऑफ द बीस्ट
निर्देशक डेविड आयर की यह फिल्म डेमियन शैजेल द्वारा निर्मित एक सर्वाइवल थ्रिलर है, जिसमें ब्रैड पिट एक पूर्व नेवी सील अधिकारी के रोल में हैं. यह फिल्म 24 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है.
महाकाव्य श्री रामायण कथा
श्री राम की 24 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. यह एक पौराणिक भक्ति फिल्म है, जिसमें अंजलि अरोड़ा और देव शर्मा लीड रोल में नजर आएंगे.
डोरोथी
फिल्म 'डोरोथी' 25 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. कार्तिक सुब्बाराज की यह फिल्म 90 के दशक के ग्रामीण परिवेश, जाति और पूर्वाग्रह की पृष्ठभूमि पर आधारित है. इसमें कीर्ति सुरेश, सनथ और शशिकांत मुख्य भूमिकाओं में हैं.
द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर एक्शन एडवेंचर फैंटेसी फिल्म 'द वन' बिहार के 'चमत्कारी मंदिर' और छठ पूजा की आस्था पर आधारित है. सिनेमाघरों में यह फिल्म 25 सितंबर, 2026 को दस्तक देगी. इसे दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने डायरेक्ट किया है.
अक्टूबर 2026 में कौन सी बड़ी फिल्में आ रही हैं?
दृश्यम: द कन्क्लूजन
अजय देवगन की 'दृश्यम' सीरीज की अगली कड़ी में सलगांवकर परिवार एक बार फिर मर्डर मिस्ट्री लेकर आ रहा है. सिनेमाघरों में फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को दस्तक देगी. इसका निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और इसमें श्रिया सरन व इशिता दत्ता भी शामिल हैं.
बेल
पवन वाडेयार के निर्देशन में बनी फिल्म 'बेल' एक खुशमिजाज पुलिस अफसर की कहानी है, जिसकी जिंदगी एक घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है. सिनेमाघरों में फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को दस्तक देगी. इसमें संजना आनंद मुख्य रोल में हैं.
जेलर 2
नेल्सन दिलीप कुमार निर्देशित इस एक्शन ड्रामा फिल्म 'जेलर 2' में ऋतिक रोशन, विजय सेतुपति और मोहनलाल नजर आएंगे, जहां एक रिटायर्ड अफसर अपने परिवार को बचाने के लिए क्रिमिनल्स से भिड़ता है. इस फिल्म का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. सिनेमाघरों में फिल्म 15 अक्टूबर, 2026 को दस्तक देगी.
विश्वंभरा
मल्लिडी वशिष्ठ द्वारा निर्देशित फैंटेसी फिल्म 'विश्वंभरा' में देवताओं, इंसानों और परलोक की दुनिया दिखाई जाएगी. इसमें चिरंजीवी, आशिका रंगनाथ और मौनी रॉय लीड रोल में हैं. यह फिल्म सिनेमाघरों में 16 अक्टूबर, 2026 को दस्तक देगी.
राणाबाली
विजय देवराकोंडा-रश्मिका मंदाना की मच-अवेटेड फिल्म 'राणाबाली' का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. यह एक पीरियड एक्शन ड्रामा है, जिसकी कहानी ब्रिटिश दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है. सिनेमाघरों में फिल्म 16 अक्टूबर, 2026 को दस्तक देगी.
नवंबर 2026 में किन मेगा फिल्मों से मचेगा धमाल?
रामायण
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मच-अवेटेड फिल्म 'रामायण' में रणबीर कपूर (श्रीराम), साई पल्लवी (सीता), यश (रावण) और सनी देओल (हनुमान) के किरदार में नजर आएंगे. इस फिल्म का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. सिनेमाघरों में फिल्म 6 नवंबर, 2026 को दस्तक देने वाली है.
सीन
जिथु माधवन के निर्देशन में बनी फिल्म 'सीन' एक अजीब पुलिस अफसर और उसकी टीम के नए मिशन की कहानी है. इसमें सूर्या, सिलंबरासन टीआर और नस्लेन लीड रोल में हैं. यह फिल्म भी सिनेमाघरों में 6 नवंबर को दस्तक देगी.
मायसा
रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म 'मायसा' एक ऐसी निडर योद्धा की कहानी है, जो अपने सवालों का जवाब ढूंढने के लिए युद्ध के मैदान में उतरती है. इसे रविंद्र पुल्ले ने डायरेक्ट किया है. हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है. सिनेमाघरों में फिल्म 27 नवंबर को दस्तक देने वाली है.
दिसंबर 2026 में 'किंग' और 'ईथा' का जलवा कैसा रहेगा?
ईथा
लक्ष्मण उत्तेकर द्वारा निर्देशित फिल्म 'ईठा' मराठी तमाशा की मशहूर लावणी परफॉर्मर विठाबाई नारायणगावकर के जीवन पर आधारित है. इसमें श्रद्धा, रणदीप हुड्डा और अनंत जोशी नजर आएंगे. सिनेमाघरों में फिल्म 4 दिसंबर को दस्तक देगी. फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद से हर किसी को इसका बेसब्री से इंतजार है.
किंग
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'किंग' क्रिसमस के मौके पर आ रही है. सिद्धार्थ आनंद निर्देशित इस फिल्म में सुहाना खान, दीपिका पादुकोण और अभिषेक बच्चन भी मुख्य किरदारों में हैं. इस फिल्म का तो दर्शकों को काफी लंबे समय से इंतजार है और सिनेमाघरों में ये फिल्म 24 दिसंबर को दस्तक देने वाली है.
सितंबर से दिसंबर तक की रिलीज लाइनअप से एक बात तो साफ है कि बॉक्स ऑफिस पर अब मुकाबला काफी तगड़ा हो गया है. अब बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला केवल बड़े सितारों का नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी, कहानी, स्केल और दर्शकों की उम्मीदों का भी होगा. 'हनुमान अंश' जैसी फिल्म ने कंटेंट की ताकत का उदाहरण दिया है, जबकि आने वाले महीनों की बड़ी फिल्में स्टार पावर और मेगा-बजट की ताकत लेकर आ रही हैं. ऐसे में साल के आखिरी तीन महीने बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाने वाले हैं, ये देखना हर किसी के लिए काफी दिलचस्प होगा.