SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हनी सिंह के परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़! सड़क हादसे में भतीजे विदित ने गंवाई जान

पंजाब के जालंधर में एक भीषण सड़क हादसे में मशहूर सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह के भतीजे विदित ओलक और उनके दोस्त आरव तलवार की मौत हो गई. दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटते समय उनकी कार फ्लाईओवर पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 01, 2026, 12:35 PM IST | Updated: Nov 01, 2026, 12:57 PM IST
Image Credit: हनी सिंह के भतीजे का निधन
Join

मशहूर पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर यो यो हनी सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. रविवार की सुबह पंजाब के जालंधर से एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई, जिसने म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस को गहरे सदमे में डाल दिया है. जालंधर के पुलिस लाइन्स इलाके के पास एक तेज रफ्तार कार के खड़े म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा जाने से दो कम उम्र के युवको की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे के बाद सिंगर हनी सिंह ने भी अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर कर अपना गहरा दुख बयां किया है.

इस दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान पंजाबी म्यूजिक कंपनी 'स्पीड रिकॉर्ड्स' के मालिक दिनेश के बेटे और हनी सिंह के भतीजे विदित ओलक के रूप में हुई है. वहीं, दूसरे मृतक की पहचान जालंधर के मशहूर 'पप्पी स्वीट्स' के मालिक के बेटे आरव तलवार के तौर पर हुई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों अपने दोस्तों के साथ एक फ्रेंड की बर्थडे पार्टी में शामिल होकर घर वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही ये खौफनाक हादसा हो गया.

सफाई के लिए खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई कार

इस मामले की जानकारी देते हुए बारादरी पुलिस स्टेशन के SHO साहिल चौधरी ने बताया कि पुलिस को तड़के सुबह करीब 3 बजे इस एक्सीडेंट की सूचना मिली थी. म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कर्मचारी फ्लाईओवर पर रोजाना की तरह सफाई का काम कर रहे थे और उन्होंने कचरा उठाने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली को वहीं खड़ा किया था. इसी दौरान बीएमसी चौक से बीएसएफ चौक की तरफ जा रही फॉक्सवैगन कार कंट्रोल खोकर सीधी उस खड़ी ट्रॉली में जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.

बिना कानूनी कार्रवाई के परिवार को सौंपे शव

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआत में इस लग्जरी फॉक्सवैगन कार में कुल 5 लोग सवार थे, लेकिन 3 दोस्त हादसे से ठीक पहले अपने-अपने घर उतर चुके थे. कार में केवल विदित और आरव ही बचे थे, जिन्होंने इस भीषण टक्कर में अपनी जान गंवा दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया. हालांकि, सदमे में डूबे दोनों परिवारों ने इस मामले में आगे की किसी भी कानूनी कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया, जिसके बाद जरूरी प्रक्रियाओं को पूरा कर शव परिजनों को सौंप दिए गए.

हनी सिंह ने सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द

इस दुखद खबर से आहत रैपर-सिंगर हनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर करते हुए इस खबर की पुष्टि की. उन्होंने स्टोरी सेक्शन में लिखा, 'ये मेरे लिए काला दशक है, मेरे भतीजे की मौत विनाशकारी है भोले नाथ मेहर मेहर मेहर...'. इस खबर को सुनते ही सिंगर के चाहने वालों ने कमेंट कर उन्हें  सांत्वना दी और मुश्किल वक्त में हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES