बिखरे बाल और शरीर पर पट्टियां...जुहू फायरिंग के बाद सामने आई टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर, घर पहुंचे एकनाथ शिंदे
जुहू में फायरिंग की घटना के बाद टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीरें सामने आई हैं. एक्टर घर पर पट्टियों में लिपटे नजर आए. इस बीच महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे उनसे मिलने पहुंचे. घटना के बाद टाइगर की हालत और मुलाकात की तस्वीरों ने लोगों का ध्यान खींचा.
जुहू में हुई गोलीबारी के बाद बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वे अपने घर पर हैं. उनके कंधे और छाती पर पट्टियां बंधी हैं और दाहिने हाथ पर भी पट्टी लगी हुई है. देर रात उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनके परिवार से मुलाकात की.
पुलिस ने बताया था कि हमले में एक्टर को गोली नहीं लगी है. तस्वीरों में दिख रही चोटें किस तरह की हैं, इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को अभिनेता टाइगर श्रॉफ से उनके घर पर मुलाकात करने के बाद बताया कि मुंबई के जुहू इलाके में हुई गोलीबारी की एक घटना के दौरान टाइगर श्रॉफ के दाहिने हाथ पर बारूद से जलने के निशान आ गए हैं.
सामने आई टाइगर श्रॉफ की पहली तस्वीर
शिंदे ने इस घटना को गंभीर बताया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का वादा किया. उन्होंने चेतावनी दी कि मुंबई में किसी भी गिरोह या व्यक्ति को गैंगवार फिर से शुरू करने की इजाजत नहीं दी जाएगी. उन्होंने कहा, 'मुंबई ने पहले भी भीषण गैंगवार का दौर देखा है. पुलिस ने सख्त कार्रवाई करके उस स्थिति को काबू में किया था. हम किसी को भी उन दिनों को वापस लाने या शहर की शांति भंग करने की इजाजत नहीं देंगे.'
टाइगर श्रॉफ पर हमले से जुहू इलाके में दहशत, 'जलसा' से लेकर 'पारस' तक पसरा सन्नाटा, पुलिस ने बढ़ाई सिक्योरिटी
शिंदे ने बताया कि रविवार शाम को एक फुटबॉल मैच खेलने के बाद जब टाइगर श्रॉफ अपनी बीएमडब्ल्यू कार से निकल रहे थे, तो उस पर पांच राउंड फायरिंग की गई. हालांकि अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन इस घटना में उनके ड्राइवर फिरदौस और एक ऑटो-रिक्शा चालक घायल हो गए.
टाइगर से मिलने के बाद शिंदे ने यह भी बताया कि अभिनेता के दाहिने हाथ में चोट आई है, जो फायरिंग के दौरान बारूद से जल गया था. उन्होंने आगे कहा कि एक्टर का परिवार और उनकी मां अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. उन्होंने बताया कि उनकी किसी से कोई लड़ाई या दुश्मनी नहीं है. शिंदे ने कहा, 'मैं अभी उनसे मिला और बात की. उनके दाहिने हाथ में चोट आई है. बारूद की वजह से उनका हाथ जल गया है.' उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र सरकार उनके साथ खड़ी है.
'फायरिंग करने वालों को उन्हीं की भाषा...', टाइगर श्रॉफ पर हमले पर डिप्टी CM एकनाथ शिंदे की कड़ी चेतावनी
बाइक पर सवार थे हमलावर
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन लोग एक मोटरसाइकिल पर आए थे. इनमें से दो ने कथित तौर पर फायरिंग की. जबकि तीसरा बाइक पर ही रुका रहा ताकि वे आसानी से भाग सकें. घटना के बाद सामने आए एक वीडियो में हमलावरों में से एक कई राउंड फायरिंग करता दिख रहा है, जबकि दूसरा भी गोली चलाने की कोशिश करता नजर आ रहा है. इसके बाद संदिग्धों को मोटरसाइकिल पर भागते हुए देखा गया. इंडिया टुडे की रिपोर्ट्स के मुताबिक, फायरिंग से करीब आधा घंटा पहले इन संदिग्धों को एक वड़ा पाव स्टॉल के पास देखा गया था.