फायरिंग की घटना से कुछ मिनट पहले क्या कर रहे थे टाइगर श्रॉफ? सामने आया रविवार रात का Video
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना से पहले एक्टर क्या कर रहे थे? रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर अपारशक्ति खुराना, करणवीर मेहरा और अभिषेक बजाज के साथ फुटबॉल खेल रहे थे. घटना से पहले का यह वीडियो सामने आने के बाद चर्चा तेज हो गई है.
मुंबई के जुहू में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की, लेकिन टाइगर सुरक्षित बच गए. यह घटना तब हुई जब टाइगर जुहू के पुष्पा पार्क में एक फुटबॉल मैच खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे. एक्टर की एक झलक पाने के लिए उनकी गाड़ी के आसपास फैंस जमा थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग वहां आए और उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी.
गोलियां टाइगर को तो नहीं लगीं, लेकिन उनके ड्राइवर और एक स्टाफ सदस्य घायल हो गए. इस बीच उस फुटबॉल मैच के बारे में भी जानकारी सामने आई है, जिसमें टाइगर ने गोलीबारी से कुछ समय पहले हिस्सा लिया था. इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि एक्टर फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री की कई अन्य मशहूर हस्तियों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे.
हमले से ठीक पहले क्या कर रहे थे एक्टर?
18 खिलाड़ियों वाले इस मैच में अपारशक्ति खुराना, अभिमन्यु दसानी, सीजर गोंसाल्विस, अभिषेक बजाज और करण वीर मेहरा शामिल थे, जो गोलीबारी के समय भी मैदान पर ही मौजूद थे. घटनास्थल पर मौजूद करण वीर मेहरा ने फायरिंग के बाद मची अफरा-तफरी के बारे में बताया. एनडीटीवी से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'मेरी कार ठीक पीछे ही थी. जब हम गेट से बाहर निकले और मेरी कार वहां पहुंची, तो मैंने खून के धब्बे देखे. मुझे पता चला कि टाइगर के ड्राइवर को गोली लग गई है. मुझे खुशी है कि वह सुरक्षित हैं, लेकिन ड्राइवर के लिए मुझे बहुत बुरा लग रहा है और उम्मीद है कि वह जल्द ठीक हो जाएंगे. वहां कुछ बच्चे भी थे जो बर्थडे पार्टी मना रहे थे. सब लोग इधर-उधर भागने लगे.'
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की खबर सुनते ही मिलने पहुंचीं दिशा पाटनी, सामने आया वीडियो
उन्होंने आगे कहा, 'मेरी कार थोड़ी पीछे थी, और वहां बहुत से लोग तस्वीरें ले रहे थे. हमने गोलियां चलने की आवाज सुनी और लोगों को चिल्लाते हुए सुना कि किसी ने गोली चलाई है. चूंकि वहां कुछ लोग आतिशबाजी करके जश्न भी मना रहे थे. इसलिए हमें लगा कि शायद उसी से जुड़ा कुछ मामला होगा.'
करणवीर ने कहा, 'मैं टाइगर को बहुत लंबे समय से जानता हूं. वह बहुत अच्छे इंसान हैं, जो अपने काम से काम रखते हैं और हमेशा सबके साथ बहुत सम्मान से पेश आते हैं. उनके साथ ऐसा होते देखना बहुत दुखद है, और मैं उनके परिवार को भी बहुत अच्छे से जानता हूं. टाइगर और उनके परिवार को इस स्थिति से गुजरते देखना मेरे लिए भी बहुत तकलीफदेह है. बाहर खड़े फैंस ने चिल्लाना शुरू कर दिया था. असल में गोलियां चली थीं, जिसकी वजह से आतिशबाजी रुक गई. तब सिक्योरिटी अलर्ट हो गई और हमने पुलिस को फोन किया. तब तक टाइगर अपने ड्राइवर के साथ वहां से जा चुके थे.'
पुलिस ने बताई टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की बात
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई, जब टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने के बाद जुहू के पुष्पा पार्क से निकल रहे थे. जैसे ही वे अपनी कार में बैठने लगे. मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग वहां आए और गोलीबारी कर दी. टाइगर को कोई चोट नहीं आई, लेकिन उनके ड्राइवर और स्टाफ के एक अन्य सदस्य घायल हो गए.
कैमरे में कैद हुए टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग करने वाले 'शूटर्स', अंधेरी स्टेशन के पास मिली बाइक; सामने आई CCTV तस्वीरें
'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के अनुसार, DCP मोहित गर्ग ने पुष्टि की कि इस हमले में दो लोग घायल हुए हैं. टाइगर के ड्राइवर फिरदौस को मामूली चोटें आईं और वे खतरे से बाहर हैं, जबकि स्टाफ सदस्य उमेश चव्हाण को गोली लगी है. दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. गर्ग ने यह भी बताया कि टाइगर श्रॉफ को गोलीबारी में कोई चोट नहीं आई है.