SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

20 साल बाद फिर बने दूल्हा-दुल्हन: सूर्या-ज्योतिका ने दूसरी बार क्रिश्चियन रीति-रिवाज से रचाई शादी; खूबसूरत PHOTO-VIDEO ने जीता दिल

Suriya Jyothika 20th Wedding Anniversary: साउथ के मशहूर स्टार कपल सूर्या और ज्योतिका ने अपनी शादी के 20 साल पूरे होने पर दोबारा शादी रचाकर सबको हैरान कर दिया है. हिंदू रीति-रिवाज से अलग इस बार दोनों ने क्रिश्चियन वेडिंग की. ज्योतिका ने इंस्टाग्राम पर इस बेहद इमोशनल पल का वीडियो शेयर कर दिल छू लेने वाली बातें लिखी हैं.

Written By Vandana Saini
Published: Sep 16, 2026, 11:38 AM IST | Updated: Sep 16, 2026, 12:01 PM IST
Image Credit: 20 साल बाद फिर दूल्हा-दुल्हन बने सूर्या-ज्योतिका (स्क्रीनग्रैब)
Join

साउथ सिनेमा के सबसे पसंदीदा कपल सूर्या और ज्योतिका की शादी को 20 साल हो चुके हैं. हाल ही में उन्होंने अपनी 20वीं सालगिरह को बेहद खास अंदाज में सेलिब्रेट किया. दोनों ने 11 सितंबर 2006 को शादी की थी और अब 20 साल बाद उसी तारीख को एक बार फिर शादी रचाई. इस बार ये शादी किसी पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाज से नहीं, बल्कि क्रिश्चियन तौर-तरीकों से हुई. इस प्राइवेट सेरेमनी में सिर्फ परिवार और बेहद करीबी लोग ही शामिल हुए. दोनों ने एक-दूसरे को फिर से अपना जीवनसाथी मानते हुए नई कसमें खाईं और अपने रिश्ते को नया मुकाम दिया.

इस खास मौके की झलक खुद एक्ट्रेस ज्योतिका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो के जरिए साझा की है. वीडियो में ज्योतिका व्हाइट कलर के खूबसूरत गाउन में अपने बेटे के साथ चर्च की तरफ कदम बढ़ाती नजर आ रही हैं. वहीं, दूसरी ओर उनकी बेटी अपने पिता सूर्या के साथ खड़ी दिख रही हैं. सूर्या ने इस मौके पर व्हाइट सूट जैकेट के साथ ब्लैक पैंट पहनी हुई थी. जैसे ही दोनों ने एक-दूसरे को वचनों के साथ अंगूठियां पहनाईं, माहौल काफी इमोशनल हो गया. वीडियो में उनकी पुरानी और नई शादी की खूबसूरत यादों को भी पिरोया गया है.

‘20 साल के प्यार और तकरार का जश्न’

सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए ज्योतिका ने एक लंबा और इमोषनल कैप्शन भी लिखा, जिसने सभी का ध्यान खींचा. उन्होंने इसे 20 साल के प्यार, तकरार और एक बार फिर ली गई कसमों का जश्न बताया. ज्योतिका ने कहा कि ये कोई परफेक्ट शादी का जश्न नहीं है, बल्कि ये उन कमियों, समझौतों, एक-दूसरे को समझने और अनगिनत कुर्बानियों का जश्न है, जिन्होंने उन्हें आज इस मुकाम तक पहुंचाया है. उन्होंने लिखा कि जो सपना कभी हकीकत से कोसों दूर लगता था, आज वही उनकी असल जिंदगी बन चुका है और वे इसे पूरी जिंदगी जीना चाहती हैं.

सपनों के शहर का कड़वा सच: 70,000 किराया देकर भी चॉल जैसे हालातों में रहने को मजबूर ये फेमस एक्ट्रेस; गंदगी के बीच बिता रहीं जिंदगी

‘मैं कभी शिकायत न करने की कसम खाती हूं’

ज्योतिका ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि वे हमेशा खुश रहने और जिंदगी के सिर्फ अच्छे पहलू को देखने की कसम खाती हैं. जिंदगी अपने आप में एक बड़ा तोहफा है, खासकर तब जब जीवनसाथी आपकी खुद से भी ज्यादा इज्जत करे और कभी शिकायत न करे. ज्योतिका का मानना है कि दुनिया में कोई भी चीज मुकम्मल नहीं होती, जैसे इतना बड़ा आसमान भी कभी जमीन को पूरी तरह छू नहीं पाता. इसलिए कमियों को कैसे भरना है, ये इंसान के अपने हाथ में होता है. वे अपने पति और बच्चों के प्यार के लिए हमेशा शुक्रगुजार रहती हैं.

‘सबसे आलीशान घर में भी मरम्मत की जरूरत होती है’

एक्ट्रेस ने रिश्ते की सच्चाई बयां करने के लिए ईंटों के मकान का उदाहरण दिया. उन्होंने लिखा कि सबसे मजबूत और आलीशान घरों में भी कभी न कभी सीलन, दीमक या टूट-फूट देखने को मिलती है और समय-समय पर उनकी मरम्मत करनी पड़ती है. शादी का रिश्ता भी बिल्कुल ऐसा ही होता है. उन्होंने अच्छी सेहत बनाए रखने और एक मुस्कुराती हुई मां बनने की कसम खाई. उनका कहना है कि वे बच्चों के लिए सिर्फ काम करने वाली मां नहीं, बल्कि वे मां बनना चाहती हैं, जिसकी मुस्कान देखकर बच्चे अपने अम्मा-अप्पा के प्यार भरी जिंदगी से इंस्पिरेशन ले सकें.

‘मेरे सूर्या, मैं कसम खाती हूं कि…’

नोट के आखिरी हिस्से में ज्योतिका ने सीधे अपने पति और एक्टर सूर्या को एड्रेस करते हुए अपनी दिल की बात लिखी. उन्होंने कहा कि वे हमेशा वही थोड़ी नासमझ पत्नी बनी रहना चाहती हैं, जो बात-बात पर लड़ती है और फिर खुद ही मान जाती है, ताकि हर बार रिश्ते में और नजदीकी आ सके. उन्होंने सूर्या के साथ अपनी दोस्ती को सबसे अनमोल बताया और कहा कि एक ही इंसान में पति, बच्चों का पिता, बेस्ट फ्रेंड और गपशप का साथी मिलना किस्मत की बात होती है. उन्होंने आने वाले अगले 20 सालों के खूबसूरत सफर के लिए भी एक-दूसरे का हाथ थामा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES