एक पिता का दर्द, पुलिसवाले का गुस्सा और अस्पतालों की काली सच्चाई, सनी देओल की 'सूर्या' का टीजर रिलीज
बॉलीवुड एक्टर सनी देओल के जन्मदिन पर उनकी अपकमिंग फिल्म 'सूर्या' का दमदार ट्रेलर रिलीज हो चुका है. इस फिल्म में एक्टर पुलिस का किरदार निभाते नजर आएंगे. वह बेटी की असामयिक मौत की वजह से बुरी तरह टूट जाते हैं. इस दौरान उनका सामना मेडिकल सिस्टम की काली सच्चाइयों से होता है. आइए, ट्रेलर पर नजर डालते हैं-
बॉलीवुड एक्टर सनी देओल आज अपना 69वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं. एक्टर एक बार फिर सिनेमाघरों में धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' का दमदार टीजर उनके जन्मदिन के खास मौके पर मेकर्स ने रिलीज किया है. कुछ दिन पहले ही 'सूर्या' का फर्स्ट लुक जारी किया था. इस टीजर में सनी देओल का दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है. फिल्म में सनी देओल एक पिता और पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे. उनकी जिंदगी बेटी की मौत के बाद पूरी तरह बदल जाती है.
सनी देओल अपनी बेटी को खोने के बाद उसकी मौत के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश में निकल जाते हैं. इस दौरान सनी देओल के सामने मेडिकल सिस्टम से जुड़ी कई काली सच्चाइयां सामने आती हैं. फिल्म का टीजर सामने आते ही दर्शकों के बीच माहौल बनता नजर आ रहा है. टीजर में सनी देओल के अलावा रवि किशन और सौम्या टंडन भी अहम किरदारों में नजर आ रहे हैं.
पुलिस किरदार में सनी देओल
दरअसल, 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' के दमदार टीजर में देखने को मिलता है कि सनी पुलिस ऑफिसर का किरदार निभा रहे हैं, जिसकी दुनिया बेटी की असामयिक मौत के बाद उजड़ जाती है. बेटी की मौत के बाद उन्हें बेहद गहरा सदमा लगता है और इसके बाद वह इस मामले की तहकीकात में जुट जाते हैं. इतना ही नहीं, इस तहकीकात में उनके सामने मेडिकल सिस्टम की खौफनाक और काली सच्चाइयां सामने आती हैं.
यह भी पढ़ें- 500 करोड़ की 'गदर 2' देने वाले सनी देओल अपनी फिल्में ही नहीं देखते, 'गदर' भी पूरी नहीं देखी!
देखें 'सूर्या' का दमदार टीजर
'सफेद कोट वाले सौदागर बन जाएंगे तो इंसान कहां जाएंगे'
'सूर्या' के टीजर में आगे दिखाया गया है कि कैसे उनका किरदार अस्पतालों में मरीजों के साथ होने वाले खिलवाड़ का भंडाफोड़ करता है और इलाज के नाम पर लूट-खसोट के खिलाफ तगड़ा एक्शन लेता है. इस कड़वी सच्चाई पर सनी देओल आवाज उठाते हैं. वह कहते हैं कि मरीज अपनी सांसें डॉक्टरों के हाथों में सौंपकर उन्हें भगवान मानते हैं और वही सफेद कोट वाले सौदागर बन जाएंगे, तो इंसान कहां जाएंगे. वह आगे पूछते हैं कि लोग आखिर कब तक ऐसी परिस्थितियों को सहते रहेंगे. फिल्म के संवादों से संकेत मिलते हैं कि कहानी एक पिता के निजी संघर्ष के साथ-साथ मेडिकल व्यवस्था में मौजूद खामियों को भी सामने लाने की कोशिश करती है.
इस मलयालम फिल्म का रीमेक है 'सूर्या'?
बता दें कि कमल मुकुट के प्रोडक्शन में बनी सनी देओल की फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' सिनेमाघरों में 20 नवंबर 2026 को रिलीज होगी. फिल्म का निर्देशन एम पद्मकुमार ने किया है. बताया जा रहा है कि फिल्म 'सूर्या: अंत से आरंभ तक' साल 2018 में रिलीज हुई मलयालम फिल्म 'जोसेफ' का रीमेक है.