नहीं रहे नीति मोहन-शक्ति मोहन के पिता, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; श्रेया घोषाल-नेहा धूपिया ने जताया शोक
बॉलीवुड की फेमस सिंगर नीति मोहन पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. सिंगर के पिता का हाल ही में निधन हो गया है. नीति मोहन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर दुखद खबर की जानकारी फैंस को दी है. इस पोस्ट को देखने के बाद सेलेब्स और फैंस शोक जता रहे हैं.
बॉलीवुड की मशहूर सिंगर नीति मोहन और डांसर शक्ति मोहन के पिता का हाल ही में निधन हो गया है. नीति ने अपने पिता बृज मोहन शर्मा के निधन की खबर सोशल मीडिया पर रविवार, 18 अक्टूबर को शेयर की. उन्होंने अपने पिता को अपने परिवार का मार्गदर्शक बताया और उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. उन्होंने बताया कि उनके पिता का निधन 15 अक्टूबर को हो गया था.
सिंगर नीति मोहन ने अपने इंस्टाग्राम पर पिता की एक तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में उन्हें श्रद्धांजलि दी. पोस्ट के साथ नीति ने लिखा, 'बहुत गहरे दुख और भारी मन के साथ, हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि हमारे प्यारे पिता श्री बृज मोहन शर्मा अब हमारे बीच नहीं रहे. 15.10.2026 को उनका निधन हो गया. एक प्यारे पति और पिता, हमारा मार्गदर्शन करने वाले और हमारे परिवार का मजबूत आधार रहे है. उनकी समझदारी, दयालुता, संस्कार और निस्वार्थ प्यार हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे. भले ही वे अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहेगा.'
नीते ने आगे लिखा, 'उनके जाने से एक ऐसा खालीपन आ गया है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, लेकिन उनका प्यार हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेगा. ईश्वर उनकी नेक आत्मा को सदैव शांति प्रदान करे. पापा, हम आपको बहुत याद करेंगे.' इस पोस्ट को देखने के बाद सेलेब्स और फैंस शोक जता रहे है.
सेलेब्स ने दी नीति के पिता को श्रद्धांजलि
वहीं, इस दुखद खबर के सामने आते ही, फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री के सेलेब्स नीति और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं. एक्टर वरुण धवन, हिमेश रेशमिया, श्रेया घोषाल, दीया मिर्जा, नेहा धूपिया, गौहर खान और श्रेयर तलपड़े जैसे सितारों ने दुख जताया है और उनके पिता को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है.
श्रेया घोषाल ने जताई गहरी संवेदनाएं
दुख जताते हुए सिंगर श्रेया घोषाल ने लिखा, 'आपके और आपके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. वे एक बहुत ही प्यार करने वाले पिता और एक सरल मिलनसार इंसान थे. माता-पिता को खोने से पैदा हुए खालीपन को कोई भी शब्द नहीं भर सकता. ईश्वर आपको और आपके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे. ओम शांति.'