छठ पर बड़ा धमाका, फिर लौटी जंगल की रहसम्य दुनिया: सिद्धार्थ -तमन्ना बड़े पर्दे पर मचाएंगे धमाल, 'द व्वान' के सीक्वल का ऐलान
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द व्वान' की सफलता के बाद, मेकर्स ने छठ पूजा पर इसके सीक्वल 'द व्वान 2' का ऐलान कर दिया है. रहस्यमयी टीजर और पहली फिल्म के जबरदस्त रिस्पॉन्स ने फैंस की एक्साइटमेंट को बढ़ा दिया है.
इस साल 25 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द व्वान' (The Vvaan) रिलीज हुई थी, जिसने ऑडियंस के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी. अब फिल्म की शानदार सफलता और जबरदस्त रिस्पॉन्स को देखते हुए निर्माता एकता आर कपूर ने सोमवार को छठ महापर्व के पावन अवसर पर इसके सीक्वल 'द व्वान 2' की ऑफिशियल अनाउंसमेंट कर दी है. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर एक बेहद दिलचस्प और रोंगटे खड़े कर देने वाला अनाउंसमेंट वीडियो शेयर किया है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.
इस खास वीडियो की शुरुआत छठ पूजा के पवित्र माहौल और उत्सव के सीन से होती है, जिसके साथ एक दमदार कैप्शन लिखा गया है, 'THE VVAAN की कहानी अभी बाकी है...'. क्लिप में आगे दिखाया गया है कि एक छोटी सी मासूम बच्ची एक तितली का पीछा करते हुए आगे बढ़ती है, लेकिन कुछ ही पलों में माहौल पूरी तरह रहस्यमयी और डरावना हो जाता है.
ऐसा महसूस होता है कि कोई अनदेखी और सुपरनैचुरल ताकत उसके पीछे लगी है. वीडियो के अंत में सबसे बड़ा चौंकाने वाला मोड़ तब आता है, जब उस बच्ची की आंख अचानक लाल हो जाती है. इस सीन ने पहली फिल्म के रोमांचक क्लाइमेक्स की यादें ताजा कर दी हैं.
सिद्धार्थ मल्होत्रा ने शेयर किया इमोशनल नोट
सीक्वल के इस बड़े ऐलान से ठीक पहले एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर छठ पूजा के मौके पर 'द व्वान' से जुड़ी अपनी फीलिंग्स शेयर की थीं. उन्होंने लिखा था कि कुछ कहानियां शूटिंग खत्म होने के बाद भी आपके भीतर जिंदा रहती हैं और 'व्वान' उन्हीं में से एक है. सिद्धार्थ के मुताबिक, अपनी मिट्टी की लोककथाओं और जड़ों से जुड़ी इस फिल्म में काम करने से उन्हें ये गहराई से समझ आया कि हमारी आस्था और परंपराएं किस तरह कई जनरेशन्स को एक सूत्र में पिरोकर रखती हैं.
हिंदी सिनेमा में छठ की भव्यता देख गदगद हुए थे लोग
अपने नोट में सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इस बात पर भी खुशी जताई थी कि पहली बार हिंदी सिनेमा में छठ पूजा की असली संस्कृति और आस्था को इतने सही और भव्य अंदाज में पर्दे पर उतारा गया. उन्होंने कहा कि देश भर की ऑडियंस ने न सिर्फ इस भावना को महसूस किया, बल्कि इसे दिल खोलकर प्यार भी दिया, जो पूरी टीम के लिए बेहद खास अनुभव रहा है. छठ पर्व मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने इस जुड़ाव को अपने करियर का एक यादगार पड़ाव बताया.
बालाजी और TVF की जोड़ी फिर रचेगी इतिहास
'द व्वान' के पहले भाग का निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया था, जबकि इसकी दमदार कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी थी. इस फिल्म को शोभा कपूर, एकता आर कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने बालाजी मोशन पिक्चर्स और TVF के बैनर तले मिलकर प्रोड्यूस किया था. अब इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी के दूसरे भाग यानी 'द व्वान 2' के ऐलान के बाद से ही ऑडियंस इस बात का बेसब्री से इंतजार कर रही है कि आगे इस रहस्यमयी दुनिया में कौन से नए राज खुलने वाले हैं.