)
शाहरुख खान की नई अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ रिलीज से पहले ही जबरदस्त सुर्खियों में आ गई है, लेकिन इस बार चर्चा की वजह फिल्म की कहानी या स्टार कास्ट नहीं, बल्कि एक गाना है, जिसमें दीपिका पादुकोण के कपड़ों को लेकर बवाल मच गया है. फिल्म का नया गाना ‘तू मिल जाए’ जैसे ही रिलीज हुआ, वैसे ही सोशल मीडिया पर छा गया, लेकिन गाने में दीपिका भगवा रंग के कपड़े पहनकर डांस करती नजर आ रही हैं, जिस पर इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. सोशल मीडिया से लेकर राजनीति तक इस मामले ने तूल पकड़ लिया है और फिल्म से इसको हटाने की मांग उठने लगी है.
इसी बीच दिल्ली के पटपड़गंज से बीजेपी विधायक रविंदर सिंह नेगी इस पूरे मामले को लेकर बेहद गुस्से में नजर आ रहे हैं. उन्होंने सीधे शाहरुख खान पर निशाना साधा और उन्हें ‘जिहादी’ कह डाला. नेगी ने मेकर्स को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि अगर गाने से ये सीन फौरन नहीं काटा गया, तो वे चुपचाप तमाशा नहीं देखेंगे. उनका साफ कहना है कि इस विवादित सीन के खिलाफ पूरे देश में बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा. एक बातचीत के दौरान विधायक ने ये गंभीर आरोप भी लगाया कि ये कोई गलती नहीं, बल्कि सनातन धर्म का नाम खराब करने की पहले से रची गई साजिश है.

रविंदर सिंह नेगी ने सीधे शब्दों में कहा कि ये सब इन लोगों की पुरानी फितरत हो चुकी है, क्योंकि ये शाहरुख खान की मूवी है. उनका साफ कहना था कि शाहरुख जैसे लोग इसी देश के लोगों की जेब से पैसा कमाते हैं और बाद में इसी मुल्क को नीचा दिखाने लगते हैं. नेगी के मुताबिक इन जैसों को हमेशा से भगवा रंग देखकर दिक्कत होती है. उन्होंने बात बढ़ाते हुए कहा कि दीपिका पादुकोण तो बस सामने रखी गई एक मोहरा भर हैं, जबकि असली चालें तो पर्दे के पीछे बैठे लोग चल रहे हैं. आखिर में उन्होंने दो टूक कहा कि वे शाहरुख को खुला ‘जिहादी’ ही कहेंगे और अपने धर्म की बेइज्जती किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे.
बीजेपी विधायक ने फिल्म मेकर्स और शाहरुख खान को खुली चेतावनी तक दे डाली. उन्होंने साफ कहा कि अगर फिल्म वालों ने अक्ल नहीं दिखाई और गाने से वो भगवा ड्रेस वाला सीन नहीं काटा, तो नतीजा भुगतने के लिए तैयार रहें. उनका कहना है कि हम सनातन धर्म की आस्था के साथ किसी भी तरह का मजाक बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे. अगर इस सीन को नहीं हटाया गया तो पूरे देश की सड़कों पर भारी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. विधायक ने दो टूक कहा कि इस पवित्र रंग के कपड़े पहनकर ऐसे डांस सीन दिखाना सीधे तौर पर हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करना है.
रविंदर सिंह नेगी ने इस नए विवाद की तुलना तीन साल पहले आई शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘पठान’ से भी कर दी. उन्होंने याद दिलाया कि उस समय भी फिल्म के गाने ‘बेशर्म रंग’ में दीपिका पादुकोण ने भगवा रंग की बिकिनी पहनी थी, जिस पर देशभर में भारी बवाल और विरोध हुआ था. इसके साथ ही विधायक ने एक्ट्रेस दीया मिर्जा के दिवाली पर पटाखे न जलाने वाले पुराने बयान पर भी तंज कसा. उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे कलाकार ईद के मौके पर बेजुबान जानवरों की कुर्बानी पर अपनी जुबान क्यों बंद रखते हैं, ये दोहरा रवैया अब जनता समझ चुकी है.
बीजेपी विधायक रविंदर सिंह नेगी ने आगे कहा कि इन सभी फिल्मी कलाकारों को देश के आम लोगों के पैसे और प्यार से ही नाम और शोहरत मिली है. ऐसे में इन सबका पहला फर्ज बनता है कि वे देश की संस्कृति और सनातन धर्म का पूरा सम्मान करें. हालांकि, इस पूरे हंगामे और तीखे बयानों के बाद भी अब तक शाहरुख खान या दीपिका पादुकोण की तरफ से कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है. फिल्म के मेकर्स ने भी गाने के सीन में किसी भी तरह के बदलाव को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. अब देखना होगा कि रिलीज तक ये विवाद कितना बड़ा रूप लेता है.