)
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान इन दिनों अपनी मच-अवेटेड अपकमिंग एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'किंग' को लेकर लगातार खबरों में छाए हुए हैं. सिल्वर स्क्रीन पर अपने इस नए अवतार से तहलका मचाने से पहले ही, किंग खान ने रियल एस्टेट की दुनिया में अपनी बादशाहत साबित कर दी है. फिल्म 'किंग' के लिए फैंस की दीवानगी अभी से ही सातवें आसमान पर देखने को मिल रही है. इसी बीच दुबई में शाहरुख खान के नाम पर बने एक बड़े रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट ने लॉन्च होते ही कामयाबी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं.
इस ग्रैंड लॉन्च इवेंट में शाहरुख खान और फिल्ममेकर करण जौहर की मौजूदगी ने समां बांध दिया, जहां किंग खान ने 'किंग स्टाइल में जिंदगी जीने' के अपने विजन को सबके सामने रखा.इस आलीशान रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत इसकी बेमिसाल खूबसूरती है, जिसे पॉपुलर सेलिब्रिटी इंटीरियर डिजाइनर और शाहरुख की पत्नी गौरी खान ने संवारा है.
गौरी खान ने इस प्रोजेक्ट के लग्जरी पेंटहाउस को बेहद खास अंदाज में डिजाइन किया है, जिसमें न्यू टेक्नोलॉजी और शाही ठाठ-बाट का शानदार संगम देखने को मिलता है. अपने विजन के बारे में बात करते हुए गौरी ने बताया कि वो ऐसी जगहें बनाना चाहती थीं जो बेहद एलिगेंट और वार्म महसूस हों, साथ ही खूबसूरत वॉटरफ्रंट लोकेशन का भी पूरा आनंद दें. उनकी इसी क्रिएटिविटी का नतीजा है कि प्रोजेक्ट के खुलते ही इन पेंटहाउस पर हाउसफुल का बोर्ड लग गया है.

दुबई के मैरीटाइम सिटी में स्थित इस पूरी तरह से फर्निश्ड वॉटरफ्रंट रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट में बुकिंग शुरू होते ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस प्रोजेक्ट के तहत बनाए गए हर एक पेंटहाउस, जिसकी कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये रखी गई है, लॉन्च के पहले ही दिन पूरी तरह से बिक गए. इसके अलावा, प्रोजेक्ट को खरीदारों से पहले ही 500 से ज्यादा एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (EoIs) मिल चुके हैं.
ये रेजिडेंशियल टावर सिर्फ रहने की जगह नहीं, बल्कि एक कमाल का लाइफस्टाइल एक्सपीरियंस देता है. इसमें निवासियों के लिए 40 से अधिक ग्लोबल लेवल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. इनमें क्रायोथेरेपी से लैस अपनी तरह का पहला लॉन्गेविटी लाउंज, हाइपरबेरिक ऑक्सीजन थेरेपी, रेड-लाइट थेरेपी बेड और इंफ्रारेड सॉना जैसी हेल्थ सुविधाएं शामिल हैं.

शाहरुख खान के नाम पर बने किसी प्रोजेक्ट की ये पहली ऐतिहासिक सफलता नहीं है. इससे पहले पिछले साल नवंबर में भी दुबई के बड़े शेख ने उनके नाम से एक कमर्शियल टावर लॉन्च किया था, जो लॉन्च के दिन ही पूरी तरह से सोल्ड आउट हो गया था. अब इस नए रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट की जबरदस्त सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दुबई के मार्केट में किंग खान के नाम का सिक्का चलता है.