SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

2 करोड़ जमा करते ही बदला रुख: चेक बाउंस विवाद के बीच राजपाल यादव को SC ने दी बड़ी राहत, कनाडा में शूटिंग की मिली मंजूरी

Rajpal Yadav Passport Release: बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. चेक बाउंस मामला अब वापस आपसी समझौते की ओर बढ़ रहा है. कोर्ट ने बकाया राशि जमा कराने पर उनका पासपोर्ट जारी करने का निर्देश दिया है, जिससे वो कनाडा में शूटिंग कर सकेंगे.

Written By Jyoti Rajput
Published: Oct 15, 2026, 01:34 PM IST | Updated: Oct 15, 2026, 02:15 PM IST
Image Credit: राजपाल यादव
Join

बॉलीवुड के जाने-माने कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव के जीवन में पिछले कुछ सालों से परेशानियां चल रही हैं. कानूनी पचड़े, अदालतों के चक्कर और पैसों की तंगी ने उनके हंसते हुए चेहरे पर थोड़ी चिंता की लकीरें जरूर खींच दी थीं, लेकिन कहते हैं न कि अंधेरी रात चाहे जितनी भी लंबी हो, सुबह का सूरज अपनी रोशनी बिखेर ही देता है. राजपाल यादव के लिए भी राहत की खबर आई. सुप्रीम कोर्ट ने एक्टर को राहत देते हुए चेक बाउंस मामले को फिर से आपसी समझौते से सुलझाने की सलाह दी है. वहीं कोर्ट ने बाकी राशि जमा कराने पर एक्टर का पासपोर्ट जारी करने का निर्देश दिया है, जिससे वो अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के लिए कनाडा जा सकें.

गुरुवार को सुनवाई के दौरान एक्टर के वकील ने अदालत को बताया कि 13 अक्टूबर को बाकी 85 लाख रुपए भी सुप्रीम कोर्ट की रजिस्ट्री में जमा करा दिए गए हैं. मामले को सुलझाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों को मीडिएशन सेंटर भेजने का निर्देश दिया. वहीं सुनवाई के दौरान राजपाल यादव के वकील ने अदालत को बताया कि एक्टर को एक प्रोग्राम के लिए कनाडा जाना है. वहां होने वाले इवेंट्स से उन्हें कुछ पैसे मिलने की उम्मीद है, जिससे उन्हें आर्थिक मदद मिल सकती है.

कोर्ट ने दी एक्टर को बड़ी राहत

राजपाल यादव पर बार-बार अदालत के चक्कर और बढ़ती कानूनी उलझनों के बीच कर्ज चुकाने का दबाव लगातार बढ़ता गया. पिछली सुनवाइयों के दौरान अदालत का रुख काफी सख्त था और ये साफ कर दिया गया था कि जब तक ठोस कदम नहीं उठाए जाएंगे, तब तक राहत मिलना मुश्किल है. लेकिन हाल ही में हुई सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई ने इस मामले को एक नया मोड़ दे दिया है. एक्टर के वकीलों ने अदालत को ये भरोसा दिलाया कि बकाया राशि का भुगतान तेजी से किया जा रहा है और हाल ही में अदालत की रजिस्ट्री में बाकी बचे पैसे भी जमा करवा दिए गए हैं.

तय समय के भीतर जमा करवाई रकम

दरअसल, पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने राजपाल यादव को 2 करोड़ रुपए जमा करने का निर्देश दिया था. अदालत में उनकी ओर से बताया गया था कि 1 करोड़ 15 लाख रुपए का इंतजाम हो चुका है, जबकि बाकी 85 लाख रुपए एक खरीदार की मदद से जुटाए जाने थे. ये रकम एक्टर की पुश्तैनी जमीन की बिक्री से मिलने की बात कही गई थी. जमीन की रजिस्ट्री में देरी के कारण पूरी रकम जमा करने में परेशानी आ रही थी. इसके बाद अदालत ने बाकी रकम जमा करने के लिए 13 अक्टूबर तक का समय दिया था. अब वकील ने अदालत को बताया कि तय समय के भीतर बाकी रकम भी जमा करा दी गई है.

कनाडा जाने की मिली परमिशन

एक्टर की इस ईमानदारी को देखते हुए देश की सर्वोच्च अदालत ने नरमी दिखाई और मामले को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए के रास्ते पर भेज दिया. सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने पूछा कि आखिर दोनों पक्ष आपस में बैठकर इस मामले पर समझौता क्यों नहीं कर लेते. अदालत ने विवाद को बातचीत से सुलझाने के लिए मीडिएशन सेंटर भेजने का निर्देश दिया. अब दोनों पक्ष मध्यस्थता के जरिए मामले का समाधान निकालने की कोशिश करेंगे. साथ ही, अदालत ने निचली अदालत को उनका पासपोर्ट जारी करने का निर्देश भी दे दिया, ताकि वो अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स और शूटिंग के सिलसिले में कनाडा जा सकें. 

हर आदेश का करेंगे पालन

राजपाल यादव ने सुनवाई के बाद सुप्रीम कोर्ट के लिए असीम आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा और मौका मिला. उन्होंने ये भी साफ किया कि वो कानून के हर आदेश का पूरी तरह पालन करेंगे और इस मुश्किल समय में अपने उन दोस्तों और चाहने वालों को भी धन्यवाद देना नहीं भूलेंगे, जिन्होंने इस संकट से उबरने में उनकी मदद की. आपको बता दें कि पिछली सुनवाई के दौरान एक्टर ने 1.25 करोड़ रुपये जमा किए थे, जबकि अदालत ने उन्हें 13 अक्टूबर तक लगभग 85 लाख रुपये की शेष राशि जमा करने का निर्देश दिया था.

वर्कफ्रंट के बारे में

बात करें एक्टर के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स के बारे में तो, उनकी अपकमिंग सबसे पॉपुलर फिल्मों में मोस्ट अवेटेड कॉमेडी ड्रामा 'मालामाल वीकली 2' शामिल है, जिसकी अनाउंसमेंट हो चुकी है. इसके अलावा, वो कुछ दूसरी नई और अनोखी कहानियों वाली फिल्मों जैसे 'द किंग ऑफ वंडरफुल वर्ल्ड' में भी एक नए सफर और अलग अंदाज में नजर आने वाले हैं. अपनी शानदार कॉमेडी और बेहतरीन एक्टिंग के दम पर वो लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES