‘कजिन हसबैंड’ वाले मजाक पर भड़का विवाद! समय रैना के IGL 2 में अनकम्फर्टेबल हुईं हुमा कुरैशी; कौन हैं वायरल गर्ल ‘सलमा दीवानी’?
समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें कंटेस्टेंट ‘सलमा दीवानी’ के कजिन पर समय ने ऐसा मजाक किया कि एक्ट्रेस हुमा कुरैशी अनकम्फर्टेबल होती हुई नजर आ रही हैं. अब इस पूरे मामले और सलमा की असली पहचान पर इंटरनेट पर नई बहस छिड़ गई है.
कॉमेडी के स्टेज पर कई बार हंसी-मजाक करते हुए ऐसी बातें मुंह से निकल जाती हैं, जिनसे बड़ा बवाल खड़ा हो जाता है. आजकल कॉमेडियन समय रैना का पॉपुलर शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ भी कुछ इसी वजह से सुर्खियों में छाया हुआ है. दरअसल, इस शो के नए एपिसोड में बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और कॉमेडियन कृष्णा अभिषेक गेस्ट बनकर आए थे. बातचीत के दौरान समय रैना ने एक कंटेस्टेंट के साथ ऐसा मजाक कर दिया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है. इस वाकये के बाद से ही इंटरनेट पर लोग इस शो और समय के बयान को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं.
शो के दौरान मंच पर एक फीमेल कंटेस्टेंट आईं, जिन्होंने अपना नाम सलमा दीवानी बताया. जब समय रैना ने उनसे पूछा कि वे इस शो में किसके साथ आई हैं? तो उन्होंने जवाब दिया कि उनके साथ उनके कजिन आए हैं. इस पर वहां मौजूद हुमा कुरैशी ने सलमा से उनके कजिन के बारे में पूछा. तभी समय रैना ने मौके का फायदा उठाते हुए तुरंत मजाक में कह दिया कि वो कजिन असल में उनके पति हैं. समय का ये इशारा मुस्लिम समाज में कजिन्स के बीच होने वाली शादी की तरफ था. उनकी इस बात को सुनकर पैनल में बैठे बाकी लोग तो हंसने लगे, लेकिन सेट का माहौल थोड़ा अजीब हो गया.
मजाक सुनकर असहज हो गईं हुमा कुरैशी
समय के उस ‘कजिन हसबैंड’ वाले मजाक के बाद अब रेडिट पर इस मामले को लेकर नई-नई बातें सामने आ रही हैं. इस शो को लाइव देखने का दावा करने वाले एक सोशल मीडिया यूजर ने बताया कि समय की इस बात से हुमा कुरैशी काफी असहज महसूस करने लगी थीं. यूजर ने अपनी पोस्ट में ये भी लिखा कि हुमा इस कमेंट से इतनी ज्यादा अपसेट हो गई थीं कि उन्होंने बीच में ही शो छोड़कर जाने का मन बना लिया था. माहौल को बिगड़ता देख वहां मौजूद कृष्णा अभिषेक ने तुरंत मोर्चा संभाला. कृष्णा ने हुमा से बात की और उन्हें समझा-बुझाकर किसी तरह शांत किया, जिसके बाद बात आगे बढ़ सकी.
सलमा दीवानी की परफॉर्मेंस ने जीता दिल
एक तरफ विवाद चल रहा है, तो दूसरी तरफ कंटेस्टेंट सलमा दीवानी ने अपनी जबरदस्त परफॉरमेंस से इंटरनेट पर सबका दिल जीत लिया है. गुलाबी कुर्ते और हरे दुपट्टे में स्टेज पर उतरीं सलमा ने समाज की दोहरी मानसिकता पर सीधा निशाना साधा. गाली-गलौज को लेकर लड़के और लड़कियों के लिए बने अलग-अलग नियमों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, ‘अगर कोई लड़की गाली दे दे तो उसकी इज्जत उछाल दी जाती है. वहीं, लड़के जब यही काम करते हैं तो उन्हें अवॉर्ड से नवाजा जाता है’. सलमा के इस बेबाक अंदाज और सच्ची बात ने वहां मौजूद हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया.
कौन हैं इंटरनेट पर छाईं सलमा दीवानी?
उनकी बात खत्म होते ही सभी जजों ने अपनी सीट से खड़े होकर जोरदार तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया. ये वीडियो वायरल होने के बाद लोग सलमा दीवानी के बारे में सर्च कर रहे हैं. हैरानी की बात ये है कि मंच पर सलमा बनकर आईं ये कलाकार असल जिंदगी में मुस्लिम नहीं हैं. उनका असली नाम भाग्यश्री तरके है और वे पुराने हैदराबाद की रहने वाली हैं. इंस्टाग्राम पर वे ‘सलमा दीवानी’ के नाम से मशहूर हैं. भाग्यश्री एक बेहतरीन थिएटर आर्टिस्ट हैं और एक्टिंग से पहले वे प्रिंट जर्नलिस्ट के तौर पर काम कर चुकी हैं. थिएटर के लिए अपने जुनून के चलते ही उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पढ़ाई की है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी नई बहस
‘सलमा दीवानी’ असल में भाग्यश्री का ही लिखा और डायरेक्ट किया हुआ एक जाना-माना नाटक है. इसमें वे खुद सलमान खान की एक बड़ी फैन का रोल निभाती हैं. जावेद अख्तर और शबाना आजमी जैसे बड़े कलाकार भी उनके इस काम की काफी तारीफ कर चुके हैं, लेकिन अब इस शो में किए गए कजिन वाले मजाक को लेकर इंटरनेट पर बवाल मच गया है. एक्स और बाकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग समय और भाग्यश्री को जमकर ट्रोल कर रहे हैं. इसी बीच एक यूजर ने गुस्सा निकालते हुए लिखा कि वीडियो में नजर आ रही लड़की और समय दोनों ही हिंदू हैं, लेकिन फिर भी जानबूझकर एक खास समुदाय को टारगेट किया जा रहा है.