)
Saiyami Kher Exclusive Interview: बॉलीवुड एक्ट्रेस सैयामी खेर उन हसीनाओं में से हैं, जो न सिर्फ पर्दे पर हर बार कुछ नया करने की कोशिश करती हैं, बल्कि असल जिंदगी में भी खुद को लगातार मुश्किल इम्तिहानों में डालती रहती हैं. सैयामी जल्द ही सुपरस्टार अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर फिल्म 'हैवान' में एक बेहद दमदार किरदार में नजर आने वाली हैं. इस फिल्म में उन्होंने एक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है. पर्दे पर दूसरी बार पुलिस की वर्दी पहनने से लेकर वास्तविक जीवन में लगातार तीसरी बार 'आयरनमैन ट्रायथलॉन' में हिस्सा लेने की तैयारी तक, सैयामी हर बार खुद को एक नए मुकाम पर साबित करने की चुनौती देती हैं.
सैयामी खेर का सफर सिर्फ फिल्मों में अभिनय करने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वह सेट पर मिलने वाले अनुभवों को भी खुद में समेटती चलती हैं. फिल्म 'हैवान' के सेट पर वह अक्षय कुमार के बेमिसाल अनुशासन और सैफ अली खान की सादगी से बेहद प्रभावित हुईं. ज़ी न्यूज के साथ हुई एक खास बातचीत में एक्ट्रेस ने शूटिंग के दिनों को याद करते हुए दोनों सीनियर स्टार्स के साथ अपनी बॉन्डिंग और सेट पर हुई जमकर मस्ती के कई मजेदार किस्से साझा किए.
इस खास बातचीत में सैयामी ने बेहद बेबाकी से बताया कि आखिर वह क्यों हमेशा लीक से हटकर और चुनौतीपूर्ण किरदारों को तरजीह देती हैं. उन्होंने अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर फिल्म 'हैवान' के पुलिस अधिकारी के रोल, अपने अगले प्रोजेक्ट 'पल भर के लिए' और हर साल खुद को एक नई चुनौती देने की अपनी खास सोच पर खुलकर बात की. अभिनेत्री का मानना है कि खुद को कम्फर्ट जोन से बाहर निकालना ही उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.

सवाल- 'हैवान' में आप पर्दे पर एक पुलिस वाले का किरदार निभा रही हैं. 'जाट' के बाद यह दूसरी बार है. तो आपका एक्सपीरियंस कैसा रहा?
जवाब- सैयामी खेर ने इसका जवाब देते हुए बताया कि एक्सपीरियंस तो एक बार फिर पुलिस ऑफिसर का किरदार निभाने का है, लेकिन यह कैरेक्टर पहले से बिल्कुल अलग है. साथ ही, प्रियदर्शन सर के साथ काम करने का मौका मिला, जो उनकी 98वीं फिल्म है. उनके इतने लंबे समय के एक्सपीरियंस से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला. अक्षय सर और सैफ सर के साथ 'हैवान' की शूटिंग भी एक बड़ी पिकनिक जैसी थी, क्योंकि फिल्म के सेट पर बहुत मजा आता था. फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरा सेटअप ही ऐसा होता था कि हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता था. अक्षय सर और प्रियदर्शन सर ने इतने सालों तक साथ काम किया है, तो उनके बीच की बॉन्डिंग और काम करने का तरीका देखने का भी एक अलग ही अनुभव रहा. कुल मिलाकर, दिग्गज डायरेक्टर और एक्टर्स के साथ काम करने का शानदार मौका मिला, जिससे मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला और इससे मुझे एक अलग तरह का हुनर सीखने को मिला.
सवाल- क्या 'हैवान' के सेट पर काम करने का तरीका आपके अब तक के एक्सपीरियंस से सबसे अलग था?
जवाब- सबसे पहले तो हमने अलग-अलग लोकेशन पर फिल्म की शूटिंग की, जिसमें ऊटी और कोच्चि जैसे आउटडोर शूट शामिल थे. जब भी आप बाहर शूट करते हैं, तो माहौल बहुत अलग होता है. सभी लोग एक साथ रहते हैं, तो एक परिवार जैसा माहौल बन जाता है, जहां सब साथ में लंच और डिनर करते हैं. उसका मजा ही अलग होता है. सैफ सर और अक्षय सर के साथ ट्रैवल करना, शॉट्स के बीच फ्री टाइम में क्रिकेट खेलना या फिर अक्षय सर के मैजिक ट्रिक्स देखना, इन सबकी वजह से सेट पर मनोरंजन कभी रुकता ही नहीं था.
सवाल- आप लगातार तीसरे साल आयरनमैन ट्रायथलॉन में हिस्सा लेने जा रही हैं. पहली बार आयरनमैन करने और आज तीसरी बार इसके लिए तैयार होने के बीच आप में क्या बदलाव आया है?
जवाब- एक्ट्रेस ने बताया कि पिछले साल जब मैं आयरनमैन ट्रायथलॉन की तैयारी कर रही थी, तब 'जाट' की शूटिंग चल रही थी, तो शूट के दौरान ट्रेनिंग संभालना थोड़ा मुश्किल होता था. लेकिन अगर आप समय निकालते हैं, तो सब हो जाता है. इस साल भी दो फिल्मों की शूटिंग चल रही थी, एक अक्षय सर और सैफ सर के साथ 'हैवान' और दूसरी 'पल भर के लिए'. दोनों की शूटिंग और प्रमोशन के साथ ट्रेनिंग थोड़ी व्यस्त रही है. हालांकि, ट्रेनिंग मेरी प्राथमिकता है, इसलिए जब भी समय मिलता है, तो रोज प्रैक्टिस करने की पूरी कोशिश करती हूं. उम्मीद है कि इस साल भी सब अच्छा होगा.

सवाल- 'पल भर के लिए' आपके लिए किस तरह का अनुभव रहा और इस फिल्म का हिस्सा बनने की सबसे बड़ी वजह क्या थी?
जवाब- फिल्म 'पल भर के लिए' की स्क्रिप्ट जब विक्रम सर ने मुझे सुनाई थी, तो यह मेरे दिल को छू गई थी. दो-तीन दिन बाद भी मैं इसी के बारे में सोच रही थी. इसमें फीमेल कैरेक्टर बहुत ही दमदार है और ऐसे किरदार महिला कलाकारों के लिए बहुत कम लिखे जाते हैं. मुझे लगा कि यह फिल्म मेरे करियर के लिए एक नया मोड़ साबित हो सकती है. मैं 'पल भर के लिए' को लेकर काफी ज्यादा उत्साहित हूं.
सवाल- जैसा कि सेट पर क्रिकेट खेलने की बात अभी आपने बताई, तो क्या यह बॉन्डिंग के लिए था या कोई और प्लान था?
जवाब- अक्षय सर के साथ हमेशा कोई न कोई गेम चलता ही रहता है. चाहे कैच-कैच खेलना हो या फिर क्रिकेट. वह सच में रियल लाइफ में 'खिलाड़ी कुमार' हैं. शूट खत्म होने के बाद भी जब भी वह बॉम्बे आते हैं और फ्री होते हैं, तो सबको घर पर वॉलीबॉल या क्रिकेट खेलने के लिए बुलाते हैं. वह स्पोर्ट्स को लेकर बहुत क्रेजी हैं और उन्हें खेलना काफी पसंद है. अक्षय सर को 'खिलाड़ी कुमार' ऐसे ही नहीं कहा जाता है.

सवाल- आप लगातार ऐसे प्रोजेक्ट्स चुनती हैं, जहां आपको कुछ नया करने का मौका मिले. क्या 'पल भर के लिए' में भी आपको ऐसा ही कुछ देखने को मिला?
जवाब- मेरी कोशिश हमेशा यही रहती है कि मैं चुनौतीपूर्ण किरदार करूं. 'पल भर के लिए' एक भावुक ड्रामा है और इस तरह का किरदार एक एक्टर की जिंदगी में बार-बार नहीं आता. मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को यह फिल्म और मेरा किरदार बहुत पसंद आएगा.
सवाल- आपने अपने करियर में लगातार अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार चुने हैं. क्या कभी ऐसा दबाव महसूस हुआ कि थोड़ा ज्यादा कमर्शियल या ग्लैमरस रोल करना चाहिए?
जवाब- दबाव तो वैसे कभी महसूस नहीं हुआ. वैसे मुझे ग्लैमरस किरदार भी करने हैं, ऐसा नहीं है कि नहीं करने हैं. लेकिन जब इस तरह का मीनिंगफुल सिनेमा मेरी तरफ आया, तो मैं खुद को काफी ब्लेस्ड समझती हूं, क्योंकि ऐसी बहुत कम अपॉर्च्यूनिटी मिलती है किसी एक्ट्रेस के करियर में. मेरे 10 साल के करियर में मुझे ऐसी 4-5 अपॉर्च्यूनिटी मिली हैं. इसलिए यह मेरे लिए बहुत स्पेशल है. हालांकि, ऐसा नहीं है कि मुझे सिर्फ इसी टाइप की फिल्में करनी हैं. मुझे सभी किस्म की फिल्में करनी हैं. हो सकता है 'हैवान' के बाद कोई कमर्शियल फिल्म भी आए, जिसमें अलग टाइप के चैलेंज हों.

सवाल- 'घूमर', 'चॉक्ड' और अब 'हैवान'- इन अलग-अलग किरदारों ने आपको एक कलाकार के तौर पर क्या सिखाया?
जवाब- हर फिल्म ने मुझे काफी कुछ सिखाया है और जिंदगी में भी इसके बारे में काफी कुछ सीख मिली है. मैंने काफी सारे पैरा एथलीट्स से बातचीत की और उनकी जिंदगी के बारे में जाना. 'घूमर' ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है और 'चॉक्ड' ने मुझे फीमेल एक्ट्रेस के तौर पर काफी ओपन किया है. उसमें अनुराग सर के साथ काम करने का मौका मिला और इसके लिए मैं खुद को काफी ब्लेस्ड समझती हूं. हालांकि, कोशिश तो यही है कि मुझे अच्छे-अच्छे किरदार मिलें.
सवाल- ऐसा कौन सा किरदार है जिसे निभाने के बाद आपको लगा कि 'हां, अब मैं पहले से बेहतर एक्टर हूं'?
जवाब- कोशिश तो यही रहती है कि हर फिल्म के बाद ऐसा लगे कि पिछली फिल्म से बेहतर करना है. मैंने अपने करियर में हमेशा यही कोशिश की है कि खुद को सुधारती रहूं और हर एक फिल्म के साथ कुछ न कुछ इम्प्रूवमेंट जरूर हो. अगर मैं अपने करियर में 100 फिल्में भी करूं, तो उनमें भी मुझे हर फिल्म के साथ कुछ न कुछ इम्प्रूवमेंट करते रहना चाहिए.

सवाल- आप अपनी पर्सनल लाइफ को काफी प्राइवेट रखती हैं. क्या इसके पीछे कोई खास वजह है या आपको लगता है कि आपकी पर्सनल लाइफ लोगों की चर्चा का विषय नहीं होनी चाहिए?
जवाब- सैयामी खेर ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कहा कि सच कहूं तो छिपाने जैसा कुछ है ही नहीं. मेरी लाइफ बहुत सिंपल और बोरिंग है. मैं दौड़ने जाती हूं, काम करती हूं और परिवार के साथ वक्त बिताती हूं. दुनिया से छिपाने के लिए मेरे पास कोई सीक्रेट्स हैं ही नहीं. मेरी लाइफ काफी बोरिंग है.
सवाल- आपको पार्टनर में ऐसी कौन-सी क्वालिटी सबसे ज्यादा अट्रैक्ट करती है, जो शायद बाहर से दिखाई नहीं देती?
जवाब- अपने पार्टनर की क्वालिटी के बारे में एक्ट्रेस सैयामी खेर ने बताया कि वह अपने पार्टनर में ईमानदारी, अच्छा सेंस ऑफ ह्यूमर, भरोसा और एक-दूसरे का साथ देने वाली क्वालिटी को सबसे जरूरी मानती हैं. कुछ भी ज्यादा पेचीदा नहीं है, बस एक-दूसरे की कंपनी में मजा आना चाहिए.

सवाल- तीन साल लगातार आयरनमैन ट्रायथलॉन रेस का हिस्सा बनना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. क्या अब आपके लिए Ironman सिर्फ एक race नहीं, बल्कि आपकी personality का हिस्सा बन चुका है?
जवाब- यह मेरे लिए रेस से कहीं ज्यादा है. इससे मुझे बहुत शांति मिलती है. जब मैं दौड़ती हूं और हर साल खुद को एक नई चुनौती देती हूं, तो यह मेरे लिए अपनी एक व्यक्तिगत जीत होती है. इसमें आप किसी और की मेहनत के दम पर आगे नहीं बढ़ सकते, यह पूरी तरह आपकी अपनी मेहनत होती है.
सवाल- क्या कभी ऐसा हुआ है कि किसी फिल्म के किरदार की तैयारी से ज्यादा मुश्किल आपको आयरनमैन ट्रायथलॉन की ट्रेनिंग लगी हो?
जवाब- मुझे दोनों ही काम बहुत पसंद हैं, इसलिए कभी यह बोझ या होमवर्क जैसा महसूस नहीं होता. दोनों की चुनौतियां अलग हैं, लेकिन दोनों को करने में मुझे बहुत मजा आता है.

सवाल- क्या कभी ऐसा लगा कि आपकी प्रोफेशनल प्रायोरिटीज की वजह से पर्सनल लाइफ को पीछे रखना पड़ा?
जवाब- कभी-कभी ऐसा होता है. जब आप इंडस्ट्री में शुरुआत करते हैं, तो बहुत मेहनत करनी पड़ती है, जिसकी वजह से बाकी दोस्तों की तुलना में शादी या पर्सनल लाइफ के लिए थोड़ा वक्त लग जाता है. लेकिन पर्सनल लाइफ सिर्फ पार्टनर तक सीमित नहीं होती. माता-पिता और पुराने स्कूल के दोस्त भी इसका हिस्सा हैं, और मैं उस संतुलन को हमेशा बनाए रखती हूं.
सवाल- 'हैवान' को लेकर दर्शकों के लिए कोई खास मैसेज?
जवाब- 'हैवान' 11 सितंबर को रिलीज हो रही है. अक्षय सर और सैफ सर 17 साल बाद एक साथ आ रहे हैं, तो सिनेमाघरों में जाकर इसे जरूर देखें. यह एक जबरदस्त थ्रिलर फिल्म है.