2 करोड़ के बजट में 400 करोड़ की कमाई: 'हनुमान अंश' की बंपर सफलता पर ऋचा चड्ढा ने तोड़ी चुप्पी, बताई फिल्म हिट होने की असली वजह
Richa Chadha on Hanuman Ansh: सिनेमाघरों में इन दिनों फिल्म 'हनुमान अंश' धमाल मचा रही है. फिल्म की सफलता को लेकर हाल ही में एक्ट्रेस ऋचा ने बयान दिया है. उनका कहना है कि धार्मिक फिल्में काफी अच्छा परफॉर्म करती हैं. 2 करोड़ रुपये में बनी फिल्म की हर जगह चर्चा है.
Richa Chadha on Hanuman Ansh: नीम करौली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' लोगों को काफी पसंद आ रही है. सिनेमाघरों में फिल्म आए दिन ताबड़तोड़ कमाई कर रही है. 2 करोड़ रुपये में बनी इस फिल्म ने अब तक 400 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस कर लिया है. फिल्म की सफलता को लेकर एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने एक बयान दिया है. उन्होंने इसे डिकोड किया कि आखिर ये कम बजट की फिल्म इतने बड़े पैमाने पर कैसे हिट हो सकती है.
दरअसल, एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा से पूछा गया कि क्या साल 2026 में कंटेंट वाली फिल्मों के लिए खास साल रहा है या नहीं? क्योंकि इस साल सबसे बड़ी सरप्राइज सक्सेस बनकर 'हनुमान अंश' उभरी है. इस पर एक्ट्रेस का मानना है कि यह नतीजा निकालना अभी थोड़ी जल्दबाजी होगी. इस दौरान उन्होंने फिल्म की सफलता की वजह भी बताई और समझाया कि हिंदी सिनेमा को बेहतर कंटेंट और मजबूत स्क्रिप्ट पर ज्यादा निर्भर बनाने के लिए क्या जरूरी है. वहीं, ऋचा चड्ढा ने इस बात पर असहमति जताई कि साल 2026 फिल्मों के मामले में कंटेंट के लिए एक लैंडमार्क साल रहा है. उन्होंने 'हनुमान अंश' की सफलता को लेकर एक अलग केस समझाया है.
धार्मिक और पौराणिक फिल्में अच्छा परफॉर्म करती हैं- ऋचा चड्ढा
ऋचा चड्ढा ने बताया कि इस फिल्म के अलावा क्या चला और हॉलीवुड से हम अपनी फिल्मों की तुलना नहीं कर सकते. एक्ट्रेस का कहना है कि धार्मिक और पौराणिक फिल्में वैसे भी अच्छा परफॉर्म करती हैं. ऐसी फिल्मों को हर कोई काफी आराम से देख सकता है और उन्हें ऐसी फिल्में देखना पसंद भी होता है. इसलिए यह कहना थोड़ा जल्दबाजी होगा कि दर्शकों की पसंद में कोई बदलाव आया है.
फिल्मों के लिए जरूरी, अच्छी स्क्रिप्ट लिखी जाए- ऋचा चड्ढा
इस दौरान एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने राइटर्स का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि अच्छे कंटेंट को बढ़ावा देना चाहिए. उनका मानना है कि अच्छी फिल्में बनाने के लिए बहुत जरूरी है कि अच्छी स्क्रिप्ट लिखी जाए. इसके लिए राइटर्स को अच्छा पैसा भी मिलना चाहिए. जब उन्हें अच्छा पैसा मिलेगा तो वो भी अच्छे से क्रिएटिव कंटेंट लिखेंगे.
बॉक्स ऑफिस पर धुआंधार कमाई कर रही फिल्म
वहीं, फिल्म 'हनुमान अंश' की बात करें तो इसे विशाल चतुर्वेदी ने डायरेक्ट किया है और प्रोड्यूस रागिनी एस, नम्रता जी सिंह, अनुप्रिया ए नागर (अनुप्रिया नागर) और डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने किया है. इस फिल्म को आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा पर बनाया गया है, जो साल 2026 की सबसे सुपरहिट फिल्मों में शामिल हो गई है. फिल्म को करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनाया गया और इसने बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है.