App

ऑनलाइन ट्रोलिंग से परेशान रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा, ट्रोलर्स के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत

रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने ऑनलाइन ट्रोलिंग के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. सोशल मीडिया पर लगातार हो रही ट्रोलिंग के बीच दोनों ने यह कदम उठाया. हालांकि, शिकायत में किन लोगों के नाम शामिल हैं और पूरा मामला क्या है, इसे लेकर अधिक जानकारी सामने आना बाकी है.

ऑनलाइन ट्रोलिंग से परेशान रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा, ट्रोलर्स के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
Image Credit: रश्मिका-विजय ने दर्ज कराई शिकायत

एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और एक्टर विजय देवरकोंडा ने अपने बारे में ऑनलाइन मौजूद कथित तौर पर झूठी और भ्रामक सामग्री को लेकर हैदराबाद में साइबर अपराध अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. यह शिकायत ऐसे समय में आई है जब करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में हाल ही में नजर आने के बाद उन्हें ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है.

इस कपल की टीम के एक बयान में कहा गया है, 'विरोश (Virosh) टीम ने हैदराबाद में साइबर क्राइम अधिकारियों के पास एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है. इसमें विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना से जुड़े कुछ खास ऑनलाइन कंटेंट की जांच की मांग की गई है. हम अभिव्यक्ति की आजादी, व्यक्तिगत विचारों और आलोचना करने के अधिकार का पूरा सम्मान करते हैं. लेकिन अपनी राय रखने और मनगढ़ंत, हेरफेर किए गए या पूरी तरह से गुमराह करने वाले दावों को सच की तरह पेश करने के बीच एक बड़ा फर्क है. इस शिकायत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मौजूद कई ऑनलाइन पोस्ट और डिजिटल कंटेंट का जिक्र है, जिनमें झूठी बातें, मनगढ़ंत सामग्री, छेड़छाड़ किए गए स्क्रीनशॉट, किसी और के नाम का गलत इस्तेमाल और जानबूझकर की गई ऑनलाइन प्रताड़ना शामिल है. जांच के लिए अधिकारियों को संबंधित लिंक और सबूत भी सौंप दिए गए हैं.'

रश्मिका मंदाना-विजय देवरकोंडा ने उठाया कदम

इसमें आगे कहा गया है, 'हमें उम्मीद है कि इस मामले की जांच कानून के अनुसार की जाएगी. साथ ही गुमराह करने वाली बातों को जानबूझकर गढ़ने और फैलाने, जिसमें सबूतों के आधार पर सामने आए या पैसे देकर चलाए गए अभियान भी शामिल हैं. इनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. संभावित रूप से गैर-कानूनी सामग्री को पोस्ट और री-पोस्ट करने या उसे बढ़ावा देने के हर मामले की अलग-अलग जांच की जा सकती है. जहां भी जरूरी होगा सही कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए कानूनी कदम उठाए जाएंगे.'

लास्ट में कहा गया, 'यह असल विचारों या आलोचना को सीमित करने की कोशिश नहीं है. यह जवाबदेही तय करने की एक अपील है. खासकर उन मामलों में जहां साफ तौर से गलत जानकारी दी गई हो या कोई गैर-कानूनी काम हुआ हो. हम सभी से आग्रह करते हैं कि वे बिना पुष्टि किए गए दावों को साझा करते समय जिम्मेदारी बरतें और अटकलों को सच मानकर पेश करने से बचें. विरोश (Virosh) टीम कानूनी और उचित तरीकों से विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की गरिमा और प्रतिष्ठा की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है.'

मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं: विजय देवरकोंडा

हाल ही में दोनों के 'कॉफी विद करण' के नौवें सीजन में नजर आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके रिश्ते को लेकर काफी कुछ लिखा गया. अब रश्मिका ने इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.   उन्होंने कहा कि लोगों की प्रतिक्रिया किसी राय से कम और गुस्से में भरी ऐसी भीड़ जैसी ज्यादा लगी, जो अपना गुस्सा निकालने के लिए किसी को तलाश रही थी. इसके बाद विजय ने भी अपनी पत्नी के समर्थन में पोस्ट लिखी और आलोचना करने वालों को कड़ा जवाब दिया.

रश्मिका ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए विजय को पूरे एक साल तक शादी के लिए प्रस्ताव देने की बात पर सफाई दी. उन्होंने लिखा, 'कहीं न कहीं, इस पूरे मामले में असली बात खो गई. शायद यह आपके नजरिए से फिट नहीं हुआ. शायद आप में से कुछ लोग इसे देखना ही नहीं चाहते. हम दोनों में से कोई भी किसी बड़े प्रपोजल की तलाश में नहीं था. बातचीत इस बारे में थी कि वह चाहते थे कि हम दोनों एक-दूसरे को समझने के लिए समय और जगह दें. हमने ऐसा किया. हमने एक-दूसरे को चुना.'

रश्मिका ने यह भी बताया कि विजय उनकी जिंदगी में बहुत बड़ा सहारा हैं. उन्होंने लिखा, ''जब मेरी हड्डी टूटती है, तब आप वहां नहीं होते. वह होते हैं. जब हर महीने मेरे पेट में दर्द होता है, तब आप वहां नहीं होते. वह होते हैं. जब मुझे अस्पताल जाने की जरूरत होती है, तब आप वहां नहीं होते. वह होते हैं. जब रात के बीच में बेचैनी के कारण मेरी नींद खुल जाती है, तब आप वहां नहीं होते. वह होते हैं.''

रश्मिका मंदाना ने रिश्ते पर उठे सवालों का दिया जवाब

अभिनेत्री ने आगे कहा कि वह अपने परिवार के बारे में बुरा बोलने वालों को बर्दाश्त नहीं करेंगी. उन्होंने लिखा, 'आप मेरे बारे में जो चाहें बुरा कहें. मैं इसे सह सकती हूं. लेकिन मेरे परिवार को जाने बिना उनके बारे में बात करना? यह फेमिनिज्म नहीं है. यह फेमिनिज्म के नाम पर की जाने वाली बुलिंग है.'

रश्मिका ने आगे कहा, ''फेमिनिज्म का मतलब किसी दूसरे को नीचा दिखाना या खुद को बेहतर साबित करना नहीं है, फिर चाहे कोई पुरुष हो या महिला. मेरे लिए फेमिनिज्म का मतलब अपनी जिंदगी चुनने और उसकी जिम्मेदारी लेने की आजादी है. मैंने अपनी जिंदगी की जिम्मेदारी ली और इसके बदले मुझे बहुत प्यार मिला.''

रश्मिका के बाद विजय देवरकोंडा ने भी सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी. उन्होंने रश्मिका को अपना सबसे अच्छा दोस्त, पत्नी और अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बताया. विजय ने लिखा, 'मेरी बेस्ट फ्रेंड, मेरी वाइफ, मेरी वुमन. मेरी जिंदगी के सबसे खूबसूरत हिस्सों में से एक, जिसे मैंने बिल्कुल सही चुना. जो लोग हमारी चिंता कर रहे हैं, उन्हें बता दूं कि हम दोनों बहुत खुश हैं. मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं. अगर यह दुनिया के मैं और वह हैं, तो ऐसा ही सही. उन सभी को ढेर सारा प्यार, जो प्यार का जश्न मनाते हैं.'

(आईएएनएस इनपुट के साथ)
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More