)
Rashmika Mandanna On Relation with Vijay Deverakonda: साउथ इंडस्ट्री के फेमस स्टार कपल रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा इन दिनों अपने एक इंटरव्यू को लेकर ट्रोल हो रहे हैं. कपल हाल ही में करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' के सीजन 9 में नजर आए थे, जिसके बाद से विजय को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच कुछ लोग विजय को रेड फ्लैग भी बता रहे हैं. वहीं, अब इस पूरे विवाद पर रश्मिका मंदाना ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर उठ रहे सवालों का ट्रोलर्स को जवाब दिया है.
एक्ट्रेस रश्मिका ने अपने पोस्ट की शुरुआत में लिखा कि वह आमतौर पर ऐसी चीजों पर सफाई देना पसंद करती हैं, क्योंकि हर किसी को अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है. उन्हें कभी-कभी दूसरों की बातें पढ़ना और उनके नजरिए को समझना बहुत अच्छा लगता है. हालांकि, इस बार इंटरव्यू को लेकर ट्रोलर्स के कई रिएक्शन सामने आए हैं, जिन्हें देखने के बाद रश्मिका भी हैरान रह गईं.
रश्मिका मंदाना ने पोस्ट में लिखा, 'मैं आमतौर पर इन बातों पर ध्यान नहीं देती, क्योंकि हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है. कभी-कभी तो मुझे इन्हें पढ़ने और एक अलग नजरिया जानने में मजा भी आता है. लेकिन हमारे इंटरव्यू को लेकर अभी जो हंगामा मचा है, उसे देखकर ऐसा नहीं लगता कि लोग बस अपनी राय दे रहे हैं, बल्कि ऐसा लगता है जैसे कोई नाराज भीड़ किसी ऐसे व्यक्ति को ढूंढ रही है, जिस पर वे अपना गुस्सा निकाल सकें.'
एक्ट्रेस के मुताबिक, ऐसा लग रहा है कि कुछ लोग अपनी राय रखने के बजाय गुस्से में व्यवहार कर रहे हैं और उन्हें अपना गुस्सा निकालने के लिए किसी की जरूरत है. इस पूरे विवाद में असली मुद्दा ही पीछे छूट गया है. पोस्ट में रश्मिका ने यह भी साफ किया कि वह उन लोगों के लिए अपनी बात रख रही हैं, जो प्यार और रिश्तों में पूरा विश्वास करते हैं.
रश्मिका ने आगे लिखा, 'मैं ये सब केवल इसलिए लिख रही हूं, क्योंकि उन लोगों को प्रोटेक्ट करना चाहती हूं, जो प्यार में विश्वास रखते हैं. मैं चाहती हूं कि हर किसी को अपने हिस्से का प्यार मिले. मेरे और विजय के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार लोगों की राय, टिप्पणियां और बिना मांगी गई सलाहें सामने आ रही हैं. वो भी बिना किसी वजह के. लोग जिस विश्वास और आक्रामकता के साथ हमारे पीछे पड़े हैं, उसने मुझे सच में काफी ज्यादा हैरान कर दिया है. मेरे मन में तो केवल यही सवाल चल रहा है कि आखिर ये सब क्या हो रहा है?'
रश्मिका ने बताया कि लोगों ने उनकी बात का असली मतलब समझने के बजाय सिर्फ इस बात को पकड़ लिया कि उन्होंने विजय को 100 बार शादी के लिए मनाया था. उन्होंने बताया कि ये कभी इस बारे में था ही नहीं कि कितनी बार बोला या पूरे एक साल बोला, लेकिन तुम सब लोग वहीं अटक गए. रश्मिका ने बताया कि विजय चाहता था कि हम दोनों एक-दूसरे को समझने के लिए टाइम और स्पेस लें. इस दौरान हम यह पक्का कर लें कि जिंदगी के उतार-चढ़ाव, खुशी और टेंशन के बावजूद हम यही चाहते हैं और यही सही वक्त है. हमने वैसा ही किया और हमने एक-दूसरे को चुना.
वहीं इस दौरान विजय देवरकोंडा ने भी इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा, 'मेरी सबसे अच्छी दोस्त, मेरी पत्नी, मेरी जीवनसंगिनी. मेरी जिंदगी के सबसे खूबसूरत हिस्सों में से एक, जिसे मैंने बिल्कुल सही चुना है. जो लोग हमारी चिंता करते हैं, उन्हें बता दूं कि हम दोनों बहुत खुश हैं और मैं खुद को बहुत खुशनसीब मानता हूं. अगर पूरी दुनिया एक तरफ हो और हम दोनों दूसरी तरफ- तो ऐसा ही सही. उन सभी लोगों को बहुत सारा प्यार जो प्यार का जश्न मनाते हैं और सादगी से खुशी-खुशी जीना जानते हैं. अब, बिना किसी लिहाज या सम्मान के, बाकी सब लोग भाड़ में जाएं. देवरकोंडा विजय साई.'