वाइब बिगाड़ी तो एंटरटेनमेंट बंद: लाइव शो में फेंकी बीयर, खौल उठा रैपर का खून! बीच परफॉर्मेंस में रोक दिया कॉन्सर्ट
शिलॉन्ग के चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल में परफॉर्मेंस के दौरान अमेरिकन रैपर स्वे ली पर बीयर फेंके जाने से हंगामा मच गया. गुस्साए रैपर ने गाना रोककर सिक्योरिटी को जिम्मेदार लोगों को बाहर निकालने के लिए कहा. वहीं इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट्स का माहौल जब अपने पीक पर होता है, तब आर्टिस्ट और ऑडियंस के बीच एक अलग ही रिश्ता देखने को मिलता है. शिलॉन्ग में आयोजित चेरी ब्लॉसम फेस्टिवल भी ऐसे ही जोश और मस्ती से भरा हुआ था, जहां म्यूजिक के दीवानों की भारी भीड़ जुटी थी. लेकिन शनिवार रात इस फेस्टिवल के दौरान एक ऐसी घटना घटी, जिसने पलभर में पूरे माहौल का रुख बदल दिया. पॉपुलर अमेरिकी रैपर स्वे ली जब स्टेज पर अपने अंदाज से समां बांध रहे थे, तभी भीड़ के बीच से एक फैन ने उन पर बीयर फेंक दी गई.
ये पूरा किस्सा भोइरिम्बोंग के मदन कुरकलंग स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का है, जहां स्वे ली बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के सामने परफॉर्म कर रहे थे. शो के दौरान सबकुछ नॉर्मल चल रहा था और लोग म्यूजिक का मजा उठा रहे थे. इसी बीच एक ड्रिंक उनके चेहरे की दिशा में फेंकी गई, जिसके बाद रैपर ने तुरंत अपना गाना और परफॉर्मेंस वहीं रोक दिया. अचानक हुए इस बदलाव से कॉन्सर्ट में मौजूद कई लोग चौंक गए और वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.
गुस्से में आए स्वे ली ने लिया एक्शन
इंटरनेट पर सामने आए वीडियो क्लिप्स में साफ देखा जा सकता है कि 33 साल के रैपर इस हरकत से बेहद नाराज नजर आए. उन्होंने साउंड और म्यूजिक रुकवाकर मौजूद भीड़ से उस शख्स के बारे में पूछा, जिसने ये हरकत की थी. इसके तुरंत बाद स्वे ली ने अपनी सिक्योरिटी टीम को अलर्ट किया ताकि उस व्यक्ति की पहचान हो सके और उसे स्टेडियम से बाहर किया जा सके. रैपर के सख्त रुख के बाद इवेंट ऑर्गनाइजर और सिक्योरिटी टीम ने हरकत में आते हुए इस मामले से जुड़े लोगों को वहां से हटा दिया.
माहौल संभालने के बाद दोबारा शुरू हुआ म्यूजिक
इस अचानक हुई घटना के कारण कुछ समय के लिए शो का फ्लो रुक गया. स्वे ली ने पहले सिचुएशन को काबू में किया और सिक्योरिटी टीम से बात करने के बाद ही अपना अगला सेट आगे बढ़ाया. स्टेज पर हुई इस खींचतान और रैपर के गुस्से को वहां मौजूद लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया, जिसके बाद ये मामला देखते ही देखते सुर्खियों में आ गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
इस पूरे विवाद ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. कॉन्सर्ट के दौरान रैपर की नाराजगी और सिक्योरिटी टीम की कार्रवाई से जुड़े वीडियो अलग-अलग सोशल मीडिया अकाउंट्स पर तेजी से शेयर किए जा रहे हैं. एक तरफ जहां कई लोग कलाकार के साथ हुई इस बदसलूकी को गलत ठहरा रहे हैं, वहीं लाइव इवेंट्स में लोगों के व्यवहार को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं छिड़ गई हैं.