SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'प्रोपेगेंडा और बदनामी के बाद..', राहुल भट्ट के बयान के बाद रणवीर शौरी ने खोला मोर्चा! पूजा भट्ट पर लगाए हिंसा के गंभीर आरोप

Ranvir Shorey On Pooja Bhatt: पूजा भट्ट और रणवीर शौरी से जुड़ा पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है. हाल ही में एक्ट्रेस के भाई राहुल भट्ट ने इस मामले पर अपनी सफाई दी थी. अब रणवीर शौरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना पक्ष रखा है और पूजा भट्ट पर हिंसा के आरोप लगाए हैं.

Written By Jyoti Rajput
Published: Oct 01, 2026, 07:02 AM IST | Updated: Oct 01, 2026, 07:58 AM IST
Image Credit: .राहुल भट्ट के बयान के बाद रणवीर शौरी ने सफाई दी.
Join

बॉलीवुड एक्टर रणवीर शौरी और पूजा भट्ट से जुड़ा करीब दो दशक पुराना विवाद एक बार फिर से खबरों में छा गया है. इसकी वजह कोई और नहीं, बल्कि एक्ट्रेस के भाई राहुल भट्ट का हालिया इंटरव्यू है, जिसमें उन्होंने उस समय हुई घटना के बारे में अपनी बात रखी. राहुल के बयान के बाद रणवीर शौरी ने भी सोशल मीडिया पर रिएक्शन दिया है और अपने पुराने दावे को दोहराया कि उन्होंने पूजा भट्ट को नहीं मारा था. उन्होंने कहा कि कुछ सच्चाई अब सामने आने से उन्हें खुशी है. राहुल भट्ट के इंटरव्यू पर रिएक्शन देते हुए रणवीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्हें खुशी है कि करीब 20 साल से चल रहे कथित प्रोपेगेंड़ा और बदनामी के बाद अब सच्चाई सामने आ रही है.

उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी टॉक्सिक इंसान से बचने के लिए हिंसा से अपना बचाव करना मारपीट नहीं कहा जा सकता है. रणवीर का इशारा पुराने विवाद के दौरान हुई घटनाओं की तरफ था. दरअसल सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में राहुल भट्ट ने पुराने विवाद का जिक्र करते हुए बताया कि रणवीर शौरी और पूजा भट्ट के बीच कहासुनी हुई थी. उनके मुताबिक, बहस के दौरान रणवीर ने पूजा को मारा या ऐसा कुछ हुआ, जिसके बाद वो बीच में आए.

राहुल भट्ट ने अपनी गलती को किया स्वीकार

इस विवाद का जिक्र करते हुए पूजा भट्ट के भाई राहुल भट्ट ने ये माना कि उनका रिएक्शन काफी एग्रेसिव था. उन्होंने रणवीर की कार का शीशा तोड़ने और उनकी एक पसली टूटने की बात भी कही. राहुल ने इस बातचीत में ये भी स्वीकार किया कि उन्हें उस तरह रिएक्शन नहीं देना चाहिए था. उन्होंने बताया कि उस घटना के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ मामला भी चला. राहुल ने रणवीर की तारीफ करते हुए कहा कि मामले के निपटारे के दौरान एक्टर ने बदले की भावना नहीं रखी और आगे बढ़कर विवाद खत्म करने की पहल की. राहुल के मुताबिक, बाद में एफआईआर भी रद्द हो गई.

रणवीर पहले क्या कहते रहे हैं?

इस विवाद पर रणवीर पहले भी अपनी सफाई दे चुके हैं. सिद्धार्थ कन्नन के साथ पुराने इंटरव्यू में उन्होंने आरोप लगाया था कि महेश भट्ट ने उनके खिलाफ गलत बातें मीडिया में पहुंचाईं और उन्हें शराबी तथा हिंसक इंसान के तौर पर पेश किया गया. रणवीर का कहना था कि उन्होंने पूजा के साथ मारपीट नहीं की थी, बल्कि विवाद के दौरान खुद का बचाव किया था. उन्होंने ये भी दावा किया था कि राहुल भट्ट ने उन पर हमला किया था और महेश भट्ट इस घटना को रोक सकते थे. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.

क्या है पूरा पुराना विवाद?

रणवीर शौरी और पूजा भट्ट एक समय रिश्ते में थे और दोनों के बीच बाद में विवाद हो गया था. उस दौर में उनके रिश्ते और कथित झगड़े को लेकर मीडिया में कई तरह की खबरें सामने आईं. दोनों की ओर से अलग-अलग दावे किए जाते रहे, इसलिए घटना को लेकर उनकी अपनी-अपनी कहानी रही है. अब राहुल भट्ट के नए बयान और रणवीर के रिएक्शन ने करीब 20 साल पुराने मामले को फिर से खबरों में ला दिया है. फिलहाल महेश भट्ट और पूजा भट्ट की ओर से इन ताजा बयानों पर कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES