रावण को विलेन से ज्यादा क्यों दिखा रही 'रामायण'? यश के बयान से फिर छिड़ी बहस, 20 साल पहले भी मचा था बवाल
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' सिनेमाघरों में 5 नवंबर को रिलीज हो चुकी है. फिल्म को हर किसी का काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. लेकिन इसी बीच फिल्म में यश के किरदार रावण को लेकर एक अलग ही बहस छिड़ी हुई है. लोगों का मानना है कि रावण को जरूरत से ज्यादा प्रभावशाली दिखाया गया है, जिसके वजह से राम का किरदार भी पीछे छूट रहा है. बता दें ऐसा पहली बार नहीं हुआ, पहले भी एक शो को लेकर ऐसी बहस हो चुकी है-
रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी स्टारर फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' दुनियाभर के सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है. फिल्म में यश के रावण किरदार को लेकर एक अलग ही बहस छिड़ी हुई है. लोगों का मानना है कि फिल्म में रावण के किरदार को जरूरत से ज्यादा प्रभावशाली दिखाया गया है. फिल्म में यश का जबरदस्त भौकाल देखने को मिल रहा है. उन्होंने फिल्म में लंकापति रावण का किरदार निभाया है. फिल्म देखने के बाद हर कोई उनकी दमदार एक्टिंग की तारीफ कर रहा है.
हालांकि, रावण को एक अलग अंदाज में दिखाने की कोशिश पहली बार नहीं की गई है. करीब 20 साल पहले भी कुछ ऐसा एक्सपेरिमेंट किया गया था और उस वक्त उस शो को भी इसी तरह की बहस का सामना करना पड़ा था. आइए, इस स्टोरी में हम आगे उस शो के बारे में भी जानते हैं और रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण' में यश के किरदार को लेकर उठ रहे सवालों पर भी बात करते हैं.
रावण के किरदार के लिए कैसे तैयार हुए यश?
वहीं, 'रामायण' के मेकर्स ने एक 'बिहाइंड-द-सीन्स' वीडियो शेयर किया था, जिसमें दिखाया गया है कि फिल्म के लिए यश को रावण के रूप में कैसे तैयार किया गया. इस वीडियो में यश, रणबीर कपूर, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा इस किरदार के बारे में बात करते नजर आते हैं कि इसे पर्दे पर उतारने के लिए क्या-क्या किया गया. यह वीडियो ऐसे समय में सामने आया है, जब फिल्म में रावण का महिमामंडन किए जाने को लेकर बहस चल रही है. कुछ दर्शकों ने सवाल उठाया है कि क्या निर्माता इस खलनायक को कुछ ज्यादा ही अहमियत दे रहे हैं और उसे इस तरह पेश कर रहे हैं कि दर्शक उसके प्रति सहानुभूति रखने लगें, जबकि भगवान राम का किरदार कहीं पीछे छूट जाए.
सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, 'देखिए, रावण को पर्दे पर जीवंत करने के लिए क्या-क्या किया गया.' वीडियो में नमित मल्होत्रा ने दर्शकों के बीच यश की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें रावण के रूप में कास्ट करने की चुनौती के बारे में बात की. उन्होंने कहा, 'आप रावण का किरदार निभा रहे हैं, जो शायद देश के सबसे नापसंद किए जाने वाले किरदारों में से एक है. एक तरफ रावण है, जिसे लोग बिल्कुल पसंद नहीं करते और दूसरी तरफ यश हैं, जिन्हें लोग एक सुपरस्टार के रूप में बहुत पसंद करते हैं.'
इस बारे में रणबीर कपूर भी बात करते हैं कि इस किरदार के लिए यश सही चुनाव क्यों थे. उन्होंने बताया कि 'रावण का किरदार चुनना और उसे उसके असली रूप में पेश करना कोई आसान काम नहीं है. इसके लिए आपको किसी ऐसे व्यक्ति की जरूरत थी, जो बहुत प्रभावशाली हो, जिसके पास वह आभा और स्टार पावर हो, जो यश के पास है.'
20 साल पहले भी छिड़ी थी बहस
हालांकि, रावण के ग्लोरिफिकेशन को लेकर उठ रहे इस विवाद के बीच एक बात अहम है. ऐसा नहीं है कि रामायण में रावण को एक अलग नजरिए से दिखाने की कोशिश पहली बार पर्दे पर हुई है. करीब 20 साल पहले भी एक टीवी शो में रावण को अपनी कहानी और स्क्रीनप्ले के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था. मेकर्स ने रावण के जीवन पर आधारित एक शो बनाया था, जिसे 'रावण' नाम दिया गया था. जी टीवी के इस शो को लेकर उस दौर में भी काफी शोर मचा था. आइए जानते हैं उस शो का विवाद क्या था.
2006 में लॉन्च हुआ था ये टीवी शो
दरअसल, 2006 में जी टीवी पर 'रावण' शो लॉन्च किया गया था. शो में रावण की कहानी उसके जन्म से दिखाई गई थी. उसके राजा बनने से लेकर पतन होने तक का सफर शो में दिखाया गया था. इस शो का फोकस भगवान राम और उनकी महिमा या त्याग पर नहीं, बल्कि लंकापति रावण पर था. शो में रावण के जीवन, उसके परिवार, शिवभक्ति और उसके व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलुओं को दिखाया गया था. दशानन का किरदार नरेंद्र झा ने निभाया था.
रावण के दूसरे पहलुओं को किया था पेश
इस शो में मेकर्स ने रावण को एक खलनायक की तरह पेश नहीं किया था, बल्कि उसके व्यक्तित्व के दूसरे पहलुओं को दर्शकों के सामने पेश करने की सोच थी. इस शो के लेखक चंदन सिंह और एक्टर नरेंद्र झा थे. इन दोनों के मुताबिक, शो में लोग रावण को सीता हरण वाली गलती के लिए याद रखते हैं, लेकिन वह कितना विद्वान था, उसकी शिवभक्ति और एक शक्तिशाली राजा होने की खूबियों पर कम बात होती है.
यश के दोस्त और परिवार वाले भी रह गए थे हैरान
वहीं, इस विवाद पर यश ने बताया कि रावण का किरदार निभाने के उनके फैसले से शुरुआत में उनके दोस्त और परिवार वाले भी हैरान रह गए थे. उन्होंने कहा, 'मेरे दोस्तों और परिवार वालों, सभी का यही सवाल था कि 'तुम रावण का किरदार क्यों निभाना चाहते हो?' एक प्रोड्यूसर के तौर पर मैं रामायण बनाना चाहता था, क्योंकि यह हमारी कहानी है, लेकिन एक एक्टर के तौर पर मैं रावण का रोल करना चाहता था. बस एक चुनौती यह थी कि लोगों को लगा, 'देखो, लोग तुम्हें बहुत पसंद करते हैं और अगर तुम कोई ऐसा किरदार निभाओगे, जिससे लोग इतनी नफरत करते हैं, तो वे तुम्हें कैसे सराहेंगे या तुम्हारी तारीफ करेंगे?' यह बताते हुए कि उन्होंने फिर भी यह रोल क्यों चुना, एक्टर ने आगे कहा, 'मैंने कहा, 'हां, लेकिन कहानी तो ऐसी ही होनी चाहिए. मुझे पता है कि स्टारडम और बाकी चीजें अपनी जगह ठीक हैं, लेकिन आखिरकार, हममें से कोई भी रामायण से बड़ा नहीं है.'
नमित मल्होत्रा ने कहा कि यह फिल्म रावण के व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलुओं को दिखाएगी. उन्होंने कहा, 'रावण एक ऐसा मशहूर खलनायक है, जिसके असली रूप को दुनिया को देखना चाहिए.' नितेश तिवारी ने भी रावण के कई गुणों का जिक्र करते हुए पूछा, 'एक महान ज्योतिषी, शिव का बड़ा भक्त, एक महान योद्धा, जो लगभग अमर था. फिर आखिर क्या गलत हो गया?' वहीं, यश ने बताया कि वह इस किरदार को किस नजरिए से देखते हैं. उन्होंने कहा, 'हमें यह समझना होगा कि वह कोई सीधा-सादा विलेन नहीं है. राम दिल की तरह हैं और रावण दिमाग की तरह और दिमाग और दिल के बीच हमेशा एक द्वंद्व (टकराव) रहता है.' रणबीर ने इस किरदार को लेकर यश की समझ की तारीफ करते हुए कहा, 'उन्होंने जिस तरह से इसे निभाया है, वह एक बिल्कुल नया रूप है. इस किरदार की एक बहुत ही गहरी और जटिल समझ है.'