'रामायण' के प्रोड्यूसर पर IT की रेड, नमित मल्होत्रा की कंपनी के दफ्तरों में छापेमारी; विदेश पैसे ट्रांसफर करने की जांच
'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के मुंबई स्थित ऑफिस पर इनकम टैक्स विभाग ने छापेमारी की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विदेश में पैसे ट्रांसफर किए जाने से जुड़े मामले की जांच की जा रही है.
साल 2026 की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की कंपनी 'प्राइम फोकस लिमिटेड' के मुंबई स्थित दफ्तरों पर छापेमारी हुई. खबरों के मुताबिक, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट विदेश पैसे ट्रांसफर करने की जांच कर रही है. नमित मल्होत्रा के लीड वाली 'प्राइम फोकस' एक जानी-मानी मीडिया और एंटरटेनमेंट सर्विस कंपनी है, जिसकी विज़ुअल इफेक्ट्स, एनिमेशन, पोस्ट-प्रोडक्शन और कंटेंट प्रोडक्शन में ग्लोबल मौजूदगी है.
कंपनी अपनी कमाई का एक बड़ा हिस्सा इंटरनेशनल मार्केट से हासिल करती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी लगभग 92% कमाई भारत के बाहर से होती है. आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई पिछले हफ्ते फिल्मी हस्तियों के यहां हुई छापेमारी में मिले सबूतों के आधार पर की जा रही है
नमित मल्होत्रा के ऑफिस पर IT की रेड
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम प्राइम फोकस और उससे जुड़े सीए के ठिकानों पर वित्तीय दस्तावेज, अकाउंटिंग रिकॉर्ड और दूसरे जरूरी कागजात खंगाल रही है. हालांकि, अभी तक विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई का कनेक्शन भी बीते हफ्ते की आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई से है. बता दें कि 28 सितंबर को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह, फिल्म प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े मुंबई के करीब 12 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस दौरान अकाउंट बुक्स, डिजिटल डेटा और अलग-अलग वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच और जब्ती की गई थी.
पिछली कार्रवाई के पीछे फिल्म फाइनेंसिंग से जुड़ी कथित वित्तीय गड़बड़ियों की जांच की बात सामने आई थी. आयकर विभाग की जांच का फोकस फिल्म प्रोजेक्ट्स के खर्च को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने, प्रोडक्शन से जुड़े खर्चों में अनियमितता और शूटिंग या विदेशी डिस्ट्रीब्यूशन के नाम पर विदेश में रकम भेजे जाने जैसे आरोपों पर है. हालांकि, इन आरोपों की अभी जांच चल रही है और किसी भी व्यक्ति या कंपनी के खिलाफ दोष साबित नहीं हुआ है.
कौन है नमित मल्होत्रा?
नमित मल्होत्रा एक फिल्म प्रोड्यूसर और विज़ुअल-इफेक्ट्स के बिजनेस से जुड़े हैं. वह 'प्राइम फोकस' (Prime Focus) के फाउंडर भी हैं. मल्होत्रा ने 1990 के दशक के मध्य में मुंबई में अपने पिता के गैराज से इस कंपनी की शुरुआत की थी. बाद में, बॉलीवुड में VFX के क्षेत्र में क्रांति लाने के लिए उन्होंने इसे 'वीडियो वर्कशॉप' (Video Workshop) के साथ मिला दिया. नमित ने लंदन की 'डबल नेगेटिव' (Double Negative) के साथ मिलकर DNEG की स्थापना की. CEO के तौर पर उन्होंने कंपनी का नेतृत्व करते हुए 'इनसेप्शन' (2011) और 'ड्यून: पार्ट टू' (2025) जैसी फिल्मों के लिए 'बेस्ट विज़ुअल-इफेक्ट्स' श्रेणी में आठ ऑस्कर पुरस्कार जीते.
वहीं, मल्होत्रा अभी नितेश तिवारी की 'रामायण' फिल्म पर रणबीर कपूर और यश के साथ काम कर रहे हैं. वह अपनी ऑस्कर-विजेता कलात्मक और तकनीकी विशेषज्ञता का इस्तेमाल करके इस महाकाव्य को अत्याधुनिक VFX के जरिए अभूतपूर्व स्तर पर जीवंत कर रहे हैं.