बॉक्स ऑफिस पर नहीं थम रही Ramayana की रफ्तार! 16वें दिन भी की छप्परफाड़ कमाई; जानें अब तक का पूरा हिसाब-किताब
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे सितारों से सजी इस फिल्म को रिलीज हुए 16 दिन पूरे हो चुके हैं. बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है. चलिए बताते हैं इस फिल्म ने इन 16 दिनों के अंदर कितनी कमाई कर ली और कितने रिकॉर्ड तोड़े.
नमित मल्होत्रा की बिग बजट मूवी ‘रामायण: पार्ट 1’ को बॉक्स ऑफिस पर 16 दिनों का समय पूरा हो चुका है. ये फिल्म 5 नवंबर को दिवाली के खास मौके पर रिलीज हुई थी. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की कहानी भी उन्होंने श्रीधर राघवन के मिलकर लिखी है. महर्षि वाल्मीकि के महाकाव्य ‘रामायण’ पर बनी इस शानदार फिल्म को नमित मल्होत्रा और साउथ के सुपरस्टार यश ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. रिलीज के पहले दिन से ही इस मूवी को देखने के लिए थिएटर्स में लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है और चारों तरफ बस इसी फिल्म की बातें हो रही हैं. इस फिल्म में कई जाने-माने सितारे एक साथ नजर आ रहे हैं.
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में दिखाई दे रहे हैं, तो वहीं साई पल्लवी भी माता सीता के किरदार में और यश लंकापति रावण के दमदार रोल में नजर आ रहे हैं. इनके अलावा फिल्म में लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, अरुण गोविल, इंदिरा कृष्णन और लारा दत्ता भी खास किरदारों में नजर आ रहे हैं. मेकर्स ने इस पूरी कहानी को दो पार्ट्स में बांटा है. इसका पहला पार्ट देखने के बाद फैंस को दूसरे पार्ट के लिए थोडा इंतजार करना होगा, जो साल 2028 की दिवाली पर रिलीज होगा और उसमें सनी देओल हनुमान जी के रोल में दिखेंगे.
16वें दिन भी कायम रहा फिल्म का जादू
अगर फिल्म की कमाई के बारे में बात करें, तो सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, तीसरे शुक्रवार यानी 16वें दिन फिल्म की कमाई में हल्की सी गिरावट जरूर देखने को मिली है. बावजूद इसके फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 16.30 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन अपने नाम किया. आम तौर पर तीसरे हफ्ते में पहुंचते ही बड़ी से बड़ी फिल्मों की रफ्तार धीमी पड़ जाती है, लेकिन इस फिल्म के लिए ऑडियंस का क्रेज अभी भी कम होने का नाम नहीं ले रहा है. तीसरे हफ्ते में भी इतना मोटा कारोबार करना ट्रेड एक्सपर्ट्स के बीच बड़ी बात मानी जा रही है और वीकेंड पर इसकी कमाई में फिर से उछाल आने की पूरी उम्मीद है.
पहले हफ्ते से ही बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम
अगर फिल्म की शुरुआत के बारे में बात करें तो सैकनिल्क की रिपोर्ट के हिसाब से इस मूवी ने अपने पहले ही दिन 64.85 करोड़ रुपये की शानदार कमाई के साथ बॉक्स ऑफिस पर खाता खोला था. हालांकि, शुरुआती वीकेंड पर इसकी कमाई में थोड़ा-बहुत उतार-चढ़ाव जरूर देखने को मिला, लेकिन पहले सोमवार को फिल्म ने ऐसी जबरदस्त रफ्तार पकड़ी कि हर कोई हैरान रह गया. सोमवार के दिन इसने एक ही दिन में 100 करोड़ रुपये का बड़ा आंकड़ा भी पार कर लिया. इसी तूफानी कमाई के दम पर फिल्म ने रिलीज के महज 8 दिनों के अंदर ही फिल्म ने भारत में कुल 564.60 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया था.
भारत में 1000 करोड़ के पार पहुंचा ग्रॉस कलेक्शन
इस फिल्म की कमाई की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही. 16वें दिन के शानदार आंकड़ों को मिलाने के बाद भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल नेट कलेक्शन अब 880.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इसके अलावा अगर ग्रॉस कमाई की बात करें तो फिल्म ने देशभर में 1,051.60 करोड़ रुपये का मैजिकल आंकड़ा पार कर लिया. नॉर्थ से लेकर साउथ तक, हर कोने से ऑडियंस का जबरदस्त प्यार और सपोर्ट इस फिल्म को मिल रहा है. वीकेंड पर जिस तरह से थिएटर्स में भीड़ उमड़ रही है, उसे देखकर साफ लग रहा है कि ये फिल्म बहुत जल्द भारत में 900 करोड़ नेट कलेक्शन के क्लब में भी अपनी जगह बना लेगी.
दुनियाभर में फिल्म ने गाड़े कामयाबी के झंडे
सिर्फ अपने देश में ही नहीं, बल्कि सात समंदर पार भी ‘रामायण’ का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है. फिल्म की कमाई की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है. सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट पर नजर डालें, तो महज 16 दिनों के अंदर ही इस मूवी ने दुनियाभर में 1,574.60 करोड़ रुपये से ज्यादा का दमदार बिजनेस कर लिया है. सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि इस तगड़े कलेक्शन में 500 करोड़ रुपये से ऊपर की कमाई तो अकेले विदेशी मार्केट से ही आई है. रिलीज के सिर्फ 8 दिनों में 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करने वाली ये फिल्म अब बॉक्स ऑफिस के कई पुराने रिकॉर्ड ध्वस्त करने की तरफ तेजी से बढ़ रही है.