)
साउथ सुपरस्टार रजनीकांत की टीम ने सुपरस्टार और 'धर्मा' के डायरेक्टर अश्वथ मारिमुथु के बीच अनबन की अफवाहों को खारिज कर दिया है. उन्होंने इन दावों को पूरी तरह से गलत बताया. बता दें कि उनकी टीम का ये यह बयान सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के बाद आया. हालांकि, इस पोस्ट को अब हटा दिया गया है.
दरअसल, इसमें आरोप लगाया गया था कि मैसूर में फिल्म की शूटिंग के दौरान रजनीकांत और अश्वथ के बीच मतभेदों के चलते सेट पर असहज माहौल बन गया था. इसके बाद एक्टर के मैनेजर ने एक्स पर तमिल में एक बयान जारी कर कहा कि इन आरोपों का असलियत से कोई लेना-देना नहीं है. उनके मैनेजर ने बताया कि उन्होंने खुद शूटिंग देखी थी और अश्वथ के साथ काम करते समय रजनीकांत सहज, खुश और पूरी तरह से काम में मगन दिखे. मैनेजर ने यह भी बताया कि फिल्म का प्रोडक्शन बिना किसी रुकावट के तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका श्रेय अश्वथ के काम करने के जोशीले अंदाज को जाता है.
हालांकि, सोशल मीडिया पर जिस पोस्ट की वजह से टीम को स्टेटमेंट देना पड़ा, उसमें किए गए दावों के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया गया था. फिल्म से जुड़े किसी भी स्टार या क्रू मेंबर ने इस आरोप की पुष्टि नहीं की. हालांकि, हटाए जाने से पहले यह पोस्ट काफी फैल गई थी.
बता दें कि इस सफाई की जरूरत इसलिए पड़ी, क्योंकि अश्वथ मारिमुथु तक पहुंचने से पहले 'धर्मन' फिल्म के लिए तीन डायरेक्टर बदले जा चुके थे. इस प्रोजेक्ट पर काम 2025 के आखिर में रजनीकांत की फिल्म 'कुली' के रिलीज होने के आस-पास शुरू हुआ था. जब रजनीकांत और कमल हासन ने सबके सामने साथ काम करने की इच्छा जाहिर की थी. इससे कमल प्रोड्यूसर होते और रजनीकांत लीड रोल में होते. नवंबर 2025 में मेकर्स ने घोषणा की कि डायरेक्टर सुंदर सी इस फिल्म को डायरेक्ट करेंगे और कमल अपने प्रोडक्शन बैनर के तहत इसे प्रोड्यूस करेंगे.
हालांकि, सुंदर सी जल्द ही इस प्रोजेक्ट से हट गए. बाद में रजनीकांत ने बताया कि डायरेक्टर को दूसरे प्रोफेशनल कामों की वजह से हटना पड़ा, जिन्हें बदला नहीं जा सकता था. जनवरी 2026 में सिबी चक्रवर्ती को नया डायरेक्टर चुना गया. सिबी, जो रजनीकांत के लिए एक स्क्रिप्ट पर काम कर रहे थे. कई महीनों से इस प्रोजेक्ट से जुड़े हुए थे. लेकिन यह व्यवस्था भी ज्यादा समय तक नहीं चल पाई. रजनीकांत का कहना था कि फिल्म के लिए सिबी की सोच को बहुत ज्यादा समय और पैसे की जरूरत थी, जिसे लगाने के लिए प्रोडक्शन टीम या तो तैयार नहीं थी या फिर ऐसा करने में असमर्थ थी.
बता दें कि फिल्म 'धर्मन' की कहानी के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं है. फिल्म के टाइटल की घोषणा के समय जारी किए गए पहले पोस्टर में रजनीकांत नीले मेडिकल स्क्रब पहने हुए एक ऑपरेशन थिएटर जैसी जगह पर खड़े दिखे थे और उनके हाथ में खून से सना स्कैल्पल (सर्जरी वाला चाकू) था. उनके पैरों के पास टांके लगी हुई लाशें दिखाई दे रही थीं. पोस्टर पर टैगलाइन लिखी थी, 'द डेडली डॉक्टर'.
इन तस्वीरों को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह एक थ्रिलर या डार्क ड्रामा फिल्म है, जो किसी मेडिकल प्रोफेशनल पर केंद्रित है. यह रजनीकांत की हालिया फिल्मों के उस 'मास एक्शन एंटरटेनर' वाले पैटर्न से काफी अलग है, जिसके लिए वे जाने जाते रहे हैं.
वहीं, फिल्म की कन्फर्म कास्ट में सिमरन, राशी खन्ना और योगी बाबू शामिल हैं. मैसूर शेड्यूल से लीक हुई तस्वीरों और वीडियो ने इस अटकल को हवा दी है कि तेलुगु एक्टर राम पोथिनेनी और एक्ट्रेस श्रीलीला भी फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं. राशी खन्ना की राम पोथिनेनी और रजनीकांत के साथ पोज देती हुई एक तस्वीर कुछ समय के लिए राशी के इंस्टाग्राम पर मैसूर की तस्वीरों के साथ पोस्ट की गई थी, बाद में उसे हटा दिया गया.