रजनीकांत के आगे सब ढेर! Jailer 2 की आंधी में उड़ी बाकी फिल्में, क्लैश में विजय देवरकोंड़ा की 'राणाबली' पस्त
रजनीकांत की 'जेलर 2' ने महज 12 दिनों में दुनियाभर में 733 करोड़ की कमाई कर '2.0' का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. तमिल सिनेमा की ये नंबर-1 फिल्म बन गई है. इसके सामने क्लैश में उतरी विजय देवरकोंड़ा की 'राणाबली' महज 75 करोड़ ही कमा पाई है.
सुपरस्टार रजनीकांत जब भी बड़े पर्दे पर दस्तक देते हैं, तो कुछ न कुछ कमाल जरूर करके जाते हैं. उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब उनकी फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होती है, तो बॉक्स ऑफिस पर सारे पुराने रिकॉर्ड अपने आप ध्वस्त हो जाते हैं. 15 अक्टूबर, 2026 को थिएटर में दस्तक देने वाली एक्शन-ड्रामा फिल्म 'जेलर 2' ने महज 12 दिनों के भीतर वो कर दिखाया है, जिसकी तमन्ना हर फिल्म निर्माता करता है. ऑडियंस का प्यार और दीवानगी इस कदर देखने को मिल रही है कि थिएटर्स में हर शो हाउसफुल जा रहा है और सिनेमाघरों का माहौल किसी त्योहार जैसा बना हुआ है.
'जेलर 2' ने अपनी रिलीज के 12वें दिन यानी सोमवार 26 अक्तूबर, 2026 को पूरी दुनिया में 733.35 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन दर्ज किया. इस आंकड़े के साथ ही फिल्म ने साल 2018 में आई रजनीकांत और अक्षय कुमार की फिल्म '2.0' के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन 691 करोड़ को पीछे छोड़ दिया है. अब 'जेलर 2' तमिल सिनेमा के इतिहास में दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली नंबर-1 फिल्म बन चुकी है.
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी थलाइवा की सुनामी
रजनीकांत की इस फिल्म ने ना सिर्फ विदेशों में ही नहीं, बल्कि इंडियन बॉक्स ऑफिस पर भी अपनी पकड़ बेहद मजबूत की है. रिलीज के 12वें दिन फिल्म ने इंडिया में 9.45 करोड़ रुपये का ग्रॉस बिजनेस किया. इसके साथ ही भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 477.85 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 408.15 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है. हर लैंग्वेज की ऑडियंस थलाइवा के इस एक्शन अवतार को देखने के लिए थिएटर्स का रुख कर रही है.
रिपोर्टकार्ड
फिल्म की सफलता का सबसे बड़ा कारण इसका अलग-अलग लैंग्वेज में बेहतरीन परफॉर्मेंस रही है. तमिल के अलावा तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ बेल्ट में भी फैंस ने इसे हाथों-हाथ लिया है. 12वें दिन की लैंग्वेज वाइज कमाई नीचे दी गई है.
तमिल वर्शन: 5.65 करोड़
तेलुगु वर्शन: 2.00 करोड़
हिंदी वर्शन: 1.40 करोड़
कन्नड़ वर्शन: 0.40 करोड़
फिल्म ने अपने शुरुआती हफ्तों से ही कई शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं.
वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन (12 दिन): 733.35 करोड़
इंडिया में कुल नेट कलेक्शन: 409.15 करोड़
इंडिया में कुल ग्रॉस कलेक्शन: 479.85 करोड़
सबसे तेज 300 करोड़ पार: महज 3 दिनों में
सबसे तेज 400 करोड़ पार: महज 4 दिनों में
2.0 का लाइफटाइम रिकॉर्ड (691 करोड़)
डायरेक्टर नेल्सन और फैंस का जश्न
फिल्म की इस विशाल सफलता पर निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार ने अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि थिएटर्स में रजनीकांत सर का जादू साफ दिखाई दे रहा है और ऑडियंस से मिल रहे इस अपार प्यार के लिए वो दिल से आभारी हैं. पूरी टीम फैंस की इस एक्साइटमेंट और जश्न को देखकर बेहद गदगद है.
स्टार-स्टडेड स्टारकास्ट बनी जीत की चाबी
नेल्सन के निर्देशन और सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म की यूएसपी इसकी विशाल स्टारकास्ट भी रही. रजनीकांत के साथ-साथ फिल्म में राम्या कृष्णन, मोहनलाल, शिवा राजकुमार, जैकी श्रॉफ, योगी बाबू, एसजे सूर्या, विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति जैसे दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी ने इसे सिनेमाप्रेमियों के लिए एक बहुत बड़ा विजुअल ट्रीट बना दिया है.
रजनीकांत के आगे सब फेल
रजनीकांत की 'जेलर 2' के साथ क्लैश से बचने के लिए हर फिल्ममेकर ने अपनी फिल्म की रिलीज डेट को बदल दिया था. लेकिन विजय देवरकोंड़ा ऐसा करने से इनकार कर दिया था और नतीजन उनकी फिल्म 'राणाबली' बॉक्स ऑफिस पर कहीं नजर नहीं आ रही है. आपको बता दें कि रश्मिका और विजय की शादी के बाद ये उनकी पहली फिल्म थी, जिसे फैंस ने उम्मीद के मुताबिक प्यार नहीं दिया और फिल्म ने अभी तक महज 75.25 करोड़ का कारोबार ही किया है.