)
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के फेमस सिंगर और एक्टर परमिश वर्मा अपने गानों को लेकर अक्सर चर्चा में बने रहते हैं. परमिश ने हाल ही में शादी के 5 साल बाद गीत ग्रेवाल से तलाक का ऐलान किया था. अब ऐसा लगता है कि परमिश को एक्ट्रेस और मॉडल हरमन बराड़ के रूप में नया प्यार मिल गया है. परमिश ने हाल ही में हुए ऋषिकेश के कॉन्सर्ट 'पाइरेक्सिया 6.0' में 'प्रो नाइट' के मेन कलाकारों के रूप में परफॉर्म किया. इस दौरान उन्होंने स्टेज पर कुछ ऐसा किया, जिसे देखने के बाद फैंस खुशी से झूम उठे.
दरअसल, कॉन्सर्ट के दौरान परमिश ने हरमन बराड़ को स्टेज पर बुलाया और उस वक्त दोनों की केमिस्ट्री पर फैंस की नजरें अटक गईं, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसी बीच एक वीडियो में देखने को मिला कि कॉन्सर्ट के दौरान परमिश ने गर्लफ्रेंड हरमन बराड़ को सबसे इंट्रोड्यूस करवाया.
इंटरनेट पर वायरल रील में परमिश अपनी गर्लफ्रेंड हरमन को 'खास मेहमान' के तौर पर स्टेज पर पेश करते हैं. इसके बाद वे उनके कंधों को पकड़कर उन्हें स्टेज के सामने की तरफ लाते हैं और इस दौरान हरमन थोड़ा ब्लश करती नजर आती हैं. इसी बीच सिंगर ने उन्हें गले लगाया. परमिश के कहने पर हरमन ने दर्शकों का अभिवादन किया और इसे देखने के बाद फैंस की खुशी सातवें आसमान पर पहुंच गई. स्टेज पर इस प्यारे-से पल को देखने के बाद हर कोई कपल की केमिस्ट्री पर फिदा हो गया.
स्टेज पर परमिश और हरमन दोनों एक-दूसरे में पूरी तरह से खोए नजर आए. जब परमिश ने हरमन को गले लगाया, तो वह शरमा गईं. इसे देखकर फैंस जोरदार तालियां बजाने लगे और चीयर करने लगे. इस प्यारे पल ने तुरंत फैंस का ध्यान खींच लिया और कई लोगों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है.
बता दें कि परमिश ने अपना गाना 'ब्रबस' रिलीज किया था, जिसके म्यूजिक वीडियो में हरमन उनके साथ नजर आई थीं. इससे पहले वह उनके म्यूजिक वीडियो 'देखी जा' में नजर आ चुकी हैं. इस गाने के बाद दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री काफी मजबूत हो गई थी. कुछ दिन पहले ही परमिश ने सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर कर एक्ट्रेस और मॉडल हरमन बराड़ से अपने नए रिश्ते को लेकर हो रही ट्रोलिंग पर बात की थी. सिंगर का यह बयान उस वक्त आया था, जब दोनों की डेटिंग की अफवाह उड़ी थी.