करीना कपूर के 'हार' पर सियासत हाई: पेंडेंट विवाद में कूदे कांग्रेस-शिवसेना और संत समाज, पूछा- कौन हैं ये अब्बास हफीज?
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान के पेंडेंट को लेकर देश में सियासत गरमा गई है. कांग्रेस नेता अब्बास हफीज द्वारा लीगल नोटिस भेजने के बाद अब शिवसेना नेता शायना एनसी, हिंदू उत्सव समिति और महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद भी इस विवाद में कूद पड़े हैं.
बॉलीवुड की मशहूर एक्ट्रेस करीना कपूर खान अपने स्टाइल और फैशन सेंस के लिए हमेशा चर्चा में रहती हैं, लेकिन इस बार उनके गले का एक पेंडेंट देश की राजनीति का सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है. कांग्रेस नेता अब्बास हफीज द्वारा करीना को कानूनी नोटिस भेजे जाने के बाद से इस मामले ने तूल पकड़ लिया है.
अब इस विवाद में मुंबई से लेकर भोपाल तक के नेता और संत समाज के लोग आमने-सामने आ गए हैं. जहां एक तरफ कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं, वहीं शिवसेना नेता शायना एनसी और अध्यात्म गुरु महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद ने खुलकर करीना का समर्थन किया है.
शायना एनसी का कांग्रेस नेता पर तीखा हमला
न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान, मुंबई में इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना नेता शायना एनसी ने कांग्रेस नेता अब्बास हफीज पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर यह अब्बास हफीज कौन हैं और उन्हें इस बात से क्या आपत्ति है. शायना एनसी ने साफ कहा कि करीना कपूर ने अपनी विरासत से जुड़ी कोई चीज पहनी है, उन्होंने इसे न तो चुराया है और न ही किसी से छीना है.
उन्होंने आगे कहा कि कोई गले में हार पहने या ताबीज, यह पूरी तरह से उसकी निजी पसंद है कि वह इसे कब और क्यों पहनना चाहता है. शायना ने आरोप लगाया कि इतनी छोटी-छोटी बातों पर शिकायत करके कांग्रेस पार्टी सिर्फ पब्लिसिटी और मीडिया का ध्यान खींचना चाहती है, जिसके लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं.
हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष का बयान
दूसरी तरफ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी इस पेंडेंट को लेकर चर्चा तेज हो गई है. आईएएनएस से बातचीत में हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने पेंडेंट की बनावट पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि करीना कपूर ने जो पेंडेंट अपने गले में और दिल के करीब पहना है, उसे साफ तौर पर देखा जा सकता है. पेंडेंट अगर हृदय के पास पहना जाता है तो उससे आपको दिनभर एनर्जी प्राप्त होती है. अगर उसमें आयातें भी लिखी हैं तो मुझे नहीं लगता है कि उन्होंने किसी अपवित्र स्थान पर धारण नहीं कर रखा है. पेंडेंट तो गले में ही पहनने के लिए बना है. जब पेंडेंट का निर्माण हो रहा था तो उस वक्त धर्मगुरुओं को आपत्ति उठानी चाहिए थी कि आयातें नहीं लिखी जाएं. हम उनका समर्थन करते हैं और उन्हें किसी भी तरीके से माफी मांगने की आवश्यकता नहीं है.
महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद ने किया विरोधियों का खंडन
इस पूरे विवाद में अध्यात्म गुरु महामंडलेश्वर स्वामी कृष्णानंद जी महाराज का भी एक बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने करीना कपूर द्वारा कुरान की आयत वाला पेंडेंट पहनने का विरोध कर रहे मुस्लिम धर्मगुरुओं और कांग्रेसी नेताओं की बातों का कड़ा खंडन किया है. स्वामी कृष्णानंद ने सवाल पूछते हुए कहा कि यह कैसा धर्म है जो केवल उंगली छुलाने या पहनने मात्र से नष्ट हो जाता है. उन्होंने कहा कि करीना कपूर अब सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर खान हैं और अगर उन्होंने कुरान की आयत को पेंडेंट में पहन लिया, तो इससे इस्लाम धर्म कैसे खत्म हो गया.
सनातन धर्म का उदाहरण देकर दिया करारा जवाब
महामंडलेश्वर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सनातन धर्म का उदाहरण दिया. उन्होंने कहा कि हमारे सनातन धर्म में लोग गायत्री मंत्र और अन्य खास मंत्रों को पेंडेंट और ताबीज में पहनते हैं, लेकिन इससे हमारा धर्म कभी नष्ट नहीं होता. हमारे यहां तो भक्त भगवान लड्डू गोपाल को अपने सिर पर रखकर और गले में लटकाकर चलते हैं, तब भी सनातन धर्म को कोई खतरा नहीं होता. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ कहा जाता है कि अल्लाह निराकार है, तो फिर जो निराकार है वह किसी के पेंडेंट पहनने से कैसे नष्ट हो सकता है. अगर कुरान पूजनीय है तो उसकी आयत पहनने में कोई बुराई नहीं है और वे इस विरोध का पूरी तरह खंडन करते हैं.