SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

200 करोड़ का सुकेश कांड: नोरा को मिले गिफ्ट और BMW का क्या है कनेक्शन? 5 साल पुरानी पूरी कहानी

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही को समन जारी किया है. उन्हें ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के मामले में अभियोजन पक्ष की गवाह के तौर पर गवाही देने के लिए बुलाया गया है. इसके लिए 2 नवंबर, 2026 की तारीख तय की गई है. ऐसे में आइए अब तक इस केस की पूरी कहानी पर नजर डालते हैं-

Written By Kajol Gupta
Published: Oct 30, 2026, 10:38 PM IST | Updated: Oct 30, 2026, 11:14 PM IST
Image Credit: सुकेश चंद्रशेखर के जाल में फंसी थीं नोरा फतेही-जैकलीन फर्नांडीज?
Join

बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही एक बार फिर महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुडे़ 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. दिल्ली की राउज इवेन्यू कोर्ट ने एक्ट्रेस को इस मामले में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर पेश होने के लिए समन जारी किया है. कोर्ट ने नोरा को 2 नवंबर 2026 को पेश होने का निर्देश दिया है. इस मामले में नोरा को तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में मामले की गवाह के तौर पर शामिल किया जाना है.

इसी आधार पर कोर्ट ने नोरा फतेही को तलब किया है. उन्हें मामले से जुड़े तथ्यों और घटनाक्रम के बारे में अदालत के सामने अपना बयान पेश करना होगा. दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की जांच में उन्हें गवाह के तौर पर शामिल किया गया था. जनवरी 2023 में दाखिल सप्लीमेंट्री चार्जशीट में भी नोरा और जैकलीन फर्नांडीज के नाम गवाहों के तौर पर सामने आए थे.

इस मामले की शुरुआत दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा में दर्ज उस शिकायत से हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि सुकेश चंद्रशेखर ने जेल में रहते हुए करीब 200 करोड़ रुपए की ठगी की. यह शिकायत फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह की ओर से दर्ज कराई गई थी. इस पर आरोप था कि सुकेश ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर अदिति सिंह से संपर्क किया और उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा दिया. इसी बहाने उसने उनसे बड़ी रकम वसूली. जांच में सामने आया कि इस पूरे काम में सुकेश के साथ कई अन्य लोग भी शामिल थे.

नोरा फतेही सुकेश के मामले से कैसे जुड़ी?

सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने नोरा फतेही से पूछताछ की. यह मामला 2021 की शुरुआत का है. पूछताछ के दौरान, नोरा ने बताया कि उन्हें सुकेश और उनकी पत्नी ने एक पार्टी में बुलाया था, और वहां परफॉर्म करने के बदले में उन्हें फीस के तौर पर कैश की जगह महंगे तोहफे दिए गए थे.

नोरा के दावे के बाद, जांचकर्ताओं ने उन महंगे उपहारों की पड़ताल की, जिनमें एक BMW कार और गुच्ची (Gucci) बैग जैसी डिजाइनर चीजें शामिल थीं. नोरा ने यह भी दावा किया कि सुकेश से उसका कोई लेना-देना नहीं था और वह इस ठग के गिरोह का शिकार बनी थी. नोरा ने बताया कि जब उसे एहसास हुआ कि कुछ गड़बड़ है, तो उसने सुकेश से अपने सारे संबंध तोड़ लिए.

फिर इस मामले में एक बड़ा मोड़ तब आया, जब सुकेश ने हाथ से लिखे एक पत्र में दावा किया कि उसने नोरा फतेही को मोरक्को के कैसाब्लांका में घर खरीदने के लिए करोड़ों रुपये दिए थे. उसने नोरा से कहा कि वह खुद को 'पीड़ित' बताने का यह 'घटिया ड्रामा' बंद करे और धमकी दी कि वह उस समय की उनकी बातचीत को सार्वजनिक कर देगा. उसने यह भी आरोप लगाया कि नोरा, जैकलीन के साथ उसके रिश्तों से जलती थी और दिन में कई बार उसे फोन करके 'विनती' करती थी कि वह जैकलीन फर्नांडीज के साथ अपना रिश्ता खत्म कर ले.

कई अभिनेत्रियों से जुड़ा नाम

जांच के दौरान सुकेश का नाम बॉलीवुड की कई म से जुड़ा. इनमें नोरा फतेही और जैकलीन फर्नांडीज का नाम भी शामिल था. जांच एजेंसियों को पता चला कि सुकेश ने एक्ट्रेस से संपर्क बनाने के लिए पिंकी ईरानी की मदद ली थी. पिंकी ईरानी पर आरोप था कि उन्होंने सुकेश की पहचान और उसके रसूख को अलग तरीके से पेश करके एक्ट्रेसेस को उससे मिलवाया. इसी सिलसिले में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने सितंबर 2022 में नोरा से कई घंटों तक पूछताछ की थी.

पूछताछ के दौरान नोरा ने बताया था कि वह सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल की ओर से आयोजित एक चैरिटी शो में शामिल हुई थीं. इसी शो में लीना ने उन्हें गुच्ची का बैग और आईफोन दिया था. इसके बाद उनकी सुकेश से फोन पर बात कराई गई थी. सुकेश ने खुद को उनका फैन बताया था और बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट करने की बात कही थी. कार की डील के लिए शेखर नाम का एक व्यक्ति नोरा के संपर्क में आया था. नोरा ने कथित तौर पर कार लेने से इनकार कर दिया और शेखर को अपने रिश्तेदार बॉबी खान का नंबर दे दिया. बाद में बीएमडब्ल्यू कार बॉबी के नाम पर रजिस्टर्ड मिली. पुलिस पूछताछ में बॉबी ने कथित तौर पर सुकेश से करीब 65 लाख रुपए की बीएमडब्ल्यू मिलने की बात स्वीकार की थी.

साजिश का शिकार हो गई थी नोरा फतेही

नोरा ने जांच एजेंसियों के सामने खुद को इस पूरे मामले में साजिश का शिकार बताया था. उनका कहना था कि उन्हें सुकेश की असली पहचान और उसके आपराधिक कामों की जानकारी नहीं थी. वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से मामले की जांच की. इस दौरान जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश से मिले महंगे गिफ्ट के मामले में आरोपी बनाया गया, जबकि नोरा का नाम ईओडब्ल्यू की तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में गवाह के तौर पर दर्ज किया गया.

यह भी पढ़ें- Exclusive: प्रोड्यूसर यश पटनायक के घर में ही पकती हैं हिट शोज की कहानियां, 'सड्डा हक' से 'इश्क में मरजावां' तक ऐसे आए आइडिया

इस मामले के बीच नोरा ने जैकलीन फर्नांडीज और 15 मीडिया संस्थानों के खिलाफ 200 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा भी दायर किया था. नोरा ने आरोप लगाया था कि उनके खिलाफ गलत और अपमानजनक बातें फैलाई गईं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा. उन्होंने दावा किया था कि सुकेश से जुड़े मामले में उनका नाम गलत तरीके से जोड़ा गया है. अब राउज एवेन्यू कोर्ट की ओर से 2 नवंबर 2026 को गवाही के लिए बुलाए जाने के बाद इस मामले में नोरा की भूमिका एक बार फिर चर्चा में है.

वसूली रैकेट की शुरुआत

यह मामला 2020 का है, जब सुकेश चंद्रशेखर ने कथित तौर पर अदिति सिंह को अपना निशाना बनाया. अदिति सिंह, फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी हैं. उस समय, शिविंदर मोहन सिंह मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी एक अलग जांच के सिलसिले में जेल में बंद थे. अभियोजन पक्ष का आरोप है कि चंद्रशेखर ने अदिति सिंह से संपर्क करने के लिए खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी (जिसमें कानून मंत्रालय के प्रतिनिधि भी शामिल थे) के रूप में पेश किया. बताया जाता है कि उसने अदिति सिंह से वादा किया था कि वह भारी रकम के बदले उनके पति को जमानत पर रिहा करवा देगा.

जेल के अंदर से साजिश

जांचकर्ताओं को पता चला कि चंद्रशेखर ने दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहते हुए इस पूरी साजिश को अंजाम दिया. उसने कथित तौर पर 'कॉल-स्पूफिंग' तकनीक का इस्तेमाल किया, जिससे ऐसा लगे कि कॉल सरकारी दफ्तरों से आ रही हैं. जेल के अधिकारियों और बाहर के साथियों की मदद से चलने वाला यह रैकेट एक साल से भी ज्यादा समय तक चलता रहा. अगस्त 2021 में अदिति सिंह ने दिल्ली पुलिस से शिकायत की कि उनसे 1 करोड़ रुपये की मांग की गई है. इसके बाद एक 'स्टिंग ऑपरेशन' किया गया, जिसमें चंद्रशेखर और उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

सुकेश का मामला क्या है?

सुकेश चंद्रशेखर के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यह आरोप है कि उसने जेल में रहते हुए, पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटरों शिविंदर सिंह और मलविंदर सिंह की पत्नियों से लगभग 200 करोड़ रुपये की वसूली की. प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि सुकेश ने इस अवैध तरीके से हासिल की गई रकम का इस्तेमाल अपने करीबी लोगों के लिए लग्जरी उपहार, कारें और अन्य महंगी चीजें खरीदने में किया. इन लोगों में अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज और नोरा फतेही भी शामिल हैं.

इनपुट आईएएनएस के साथ

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES