)
बॉलीवुड के सबसे शानदार और दमदार एक्टर्स की बात हो, तो नवाजुद्दीन सिद्दीकी का नाम सबसे पहले आता है. उन्होंने बहुत छोटे रोल से अपने करियर की शुरुआत की थी और आज वे बड़े-बड़े किरदार निभा रहे हैं और लीड रोल फिल्मे कर रहे हैं. हिंदी सिनेमा में काम करते हुए उन्हें एक लंबा अरसा हो गया है. इतने सालों में नवाज ने अपनी जबरदस्त एक्टिंग से हर तरह के रोल को यादगार बना दिया है. अभी हाल ही में एक खास इवेंट के दौरान उन्होंने अपनी अब तक की जर्नी, करियर में आए उतार-चढ़ाव, बेटी के फिल्मों में आने और अपने अगले प्रोजेक्ट्स पर दिल खोलकर बात की है.
नवाजुद्दीन के इस बेबाक अंदाज और उनकी सच्ची बातों ने एक बार फिर से उनके चाहने वालों का दिल जीत लिया है. इस खास बातचीत के दौरान नवाजुद्दीन से फिल्म इंडस्ट्री में चल रहे इनसाइडर और आउटसाइडर के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी बात रखी. उनसे सवाल किया गया कि अगर वे किसी बड़े प्रोड्यूसर या मशहूर फिल्ममेकर के बेटे होते, तो आज उनका करियर किस मुकाम पर होता? इसके जवाब में नवाज ने बिना किसी झिझक के बेहद सादगी से अपनी बात रखते हुए कहा, ‘मैं एक आउटसाइडर हूं और इसी बात ने मुझे इतना तपाया है कि मैं एक बेहतर एक्टर बन पाया हूं’.

उनके मुताबिक, बाहर से आने की वजह से उन्हें जो संघर्ष करना पड़ा, उसी ने उनके अभिनय को निखारा है. आज वे जहां हैं, अपनी मेहनत के दम पर हैं. इतना ही नहीं, नवाज ने अपने संघर्ष के दिनों को भी याद किया. उन्होंने कहा, ‘जितनी ठोकरें मैंने खाई हैं, उसी ने मुझे आज इस मुकाम पर पहुंचाया है और बनाया है. जमाने ने जितनी करवटें लीं, उतना ही मैंने खुद को निखारा और सीखा ह’. नवाजुद्दीन ने बताया कि इंडस्ट्री में अपना हक मांगने के लिए उन्होंने हमेशा डटकर परफॉर्म किया. इस सफर में उन्हें कभी गुस्सा भी आया तो कभी कई तरह की मुश्किलों का सामना भी करना पड़ा.
बॉलीवुड में चल रही नेपोटिज्म की बहस पर नवाज का कहना है कि अगर वे किसी बड़े या रसूखदार फैमिली से होते, तो आज जिस मुकाम पर हैं, वहां तक कभी न पहुंच पाते. स्टार किड्स को मिलने वाले शुरुआती फायदों पर बात करते हुए नवाज ने माना कि फिल्मी बैकग्राउंड वालों को काम थोड़ा आसानी से और जल्दी मिल जाता है. हालांकि, उनका ये भी मानना है कि ये फायदा सिर्फ शुरुआत तक ही रहता है. एक या दो फिल्में करने के बाद हर कलाकार का असली टैलेंट और सच्चाई पब्लिक के सामने आ जाता है. उनके हिसाब से, इंडस्ट्री में इनसाइडर और आउटसाइडर में बस यही एक बड़ा अंतर है.

नवाजुद्दीन ने अपने फिल्मी सफर में सिर्फ विलेन या आम आदमी के ही रोल नहीं निभाए हैं, बल्कि कई बेहतरीन बायोपिक फिल्मों में भी काम किया है. वे बड़े पर्दे पर बाला साहेब ठाकरे से लेकर मशहूर राइटर मंटो जैसे मुश्किल किरदारों को बहुत अच्छे से निभा चुके हैं. अब हाल ही में हुई एक खास बातचीत में उन्होंनेओशो का किरदार निभाने की अपनी दिली इच्छा बताई है. नवाज का मानना है कि ओशो एक बेहद डीप सब्जेक्ट है और उनकी जिंदगी से जुड़ी कई दिलचस्प बातें सिनेमा के पर्दे पर उतारी जा सकती हैं. फैंस भी उन्हें ‘ओशो’ के इस नए अंदाज में देखने के लिए काफी उत्साहित हैं.
बॉलीवुड में अक्सर देखा जाता है कि जब कोई सितारा एक बड़ी सक्सेस हासिल कर लेता है, तो वो या तो राजनीति में चला जाता है या फिर खुद फिल्में डायरेक्ट करने लगता है, लेकिन नवाज इस मामले में बिल्कुल अलग हैं. हाल ही में जब नवाजुद्दीन से राजनीति में कदम रखने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ मना कर दिया. नवाज ने बिना घुमाए-फिराए कहा, ‘मैं भविष्य में न तो कभी डायरेक्टर बनूंगा और न ही राजनीति की तरफ जाऊंगा’. उनका मानना है कि उनका असली काम सिर्फ अच्छी एक्टिंग करना है. वे आगे भी ऐसे ही दमदार और अलग किरदार निभाकर अपने फैंस का दिल जीतना चाहते हैं.