टाइम ट्रैवल, कपल का प्यार और पिता-बेटे का रिश्ता; 'वाराणसी' में होगा बड़ा ट्विस्ट, SS राजामौली की ने बताई कहानी
SS राजामौली की मच अवेटेड फिल्म 'वाराणसी' में टाइम ट्रैवल एडवेंचर के साथ प्यार और रिश्तों की भावनात्मक कहानी भी देखने को मिलेगी. निर्देशक के मुताबिक, फिल्म में एक कपल के प्यार और पिता-बेटे के रिश्ते को खास जगह दी गई है.
हाल ही में फिल्म निर्माता एसएस राजामौली 50वें साओ पाउलो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (मोस्ट्रा) में शामिल होने के लिए ब्राजील गए थे. वहां उन्हें 'लियोन काकॉफ करियर अवार्ड' से सम्मानित किया गया और उनकी हालिया फिल्म 'आरआरआर' को पुर्तगाली सबटाइटल्स के साथ दिखाया गया. उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म 'वाराणसी' का टीजर भी दिखाया, जिसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन मुख्य भूमिकाओं में हैं.
फिल्म फेस्टिवल के दौरान 'ALMANAQUE21' यूट्यूब चैनल से बातचीत में राजामौली ने 'वाराणसी' के बारे में बात की. उन्होंने बताया कि उन्होंने अभी तक इसकी कहानी का खुलासा क्यों नहीं किया है? जबकि 'RRR' और अपनी कुछ अन्य फिल्मों के मामले में उन्होंने ऐसा किया था. उन्होंने कहा, 'कभी-कभी मैं ऐसा नहीं करता, क्योंकि शब्द फिल्म के विस्तार के साथ पूरा न्याय नहीं कर पाते. यही वजह है कि मैंने 'वाराणसी' की एक झलक जारी की. हमने शब्दों का इस्तेमाल करने के बजाय एक वीडियो बनाया, जिसे पिछले साल रिलीज किया गया था. यह वीडियो दर्शकों को 'वाराणसी' की दुनिया में ले जाता है और उन्हें बिना कुछ बताए ही यह एहसास करा देता है कि वे आगे क्या अनुभव करने वाले हैं.'
क्या है फिल्म 'वाराणसी' की कहानी
फिल्म को लेकर उत्सुक लोगों से इसकी झलक (ग्लिम्प्स) देखने की अपील करते हुए राजामौली ने बताया कि 'वाराणसी' में सिर्फ टाइम-ट्रैवल एडवेंचर ही नहीं, बल्कि और भी बहुत कुछ है. फिल्म निर्माता ने कहा, 'यह एक ऐसा एडवेंचर है जो अलग-अलग दुनियाओं से होकर गुजरता है. यह अंटार्कटिका, अफ्रीका और वाराणसी शहर से होते हुए अलग-अलग टाइम जोन में जाता है. यह पौराणिक काल में भी ले जाता है, जहां आपको विशालकाय जीव, देवता और ऐसी ही कई चीजें देखने को मिलेंगी. लेकिन, इस पूरी कहानी की नींव एक पिता और बेटे के जज्बात और एक कपल के बीच के प्यार पर टिकी है. यही भावनाएं इस पूरे एडवेंचर को आगे बढ़ाती हैं.'
हिमेश रेशमिया का फॉर्मूला: म्यूजिक राइट्स पर का कोई समझौता नहीं, अपनी शर्तों के चलते गंवाईं कई फिल्में
'वाराणसी' का निर्देशन राजामौली ने किया है और इसकी कहानी उनके पिता वी विजयेंद्र प्रसाद और चचेरे भाई एस.एस. कांची ने मिलकर लिखी है. इसे श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म में महेश 'रुद्र' के किरदार में, प्रियंका 'मंदाकिनी' के रूप में और पृथ्वीराज विलेन 'कुंभा' के रोल में नजर आएंगे. 2022 की सुपरहिट फिल्म 'आरआरआर'के बाद यह राजामौली की अगली फिल्म है. 'वाराणसी' से काफी उम्मीदें हैं और फिल्म की एक झलक में महेश को 'राम' के रूप में भी देखे जाने के संकेत ने दर्शकों को काफी उत्साहित कर दिया है.
वाराणसी से प्रियंका चोपड़ा कि वापसी
एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा आगामी फिल्म 'वाराणसी' के साथ भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं. इसमें उनके साथ महेश बाबू 'रुद्र' नाम का एक कैरेक्टर निभा रहे हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन 'कुंभा' विलेन का किरदार निभाते दिखेंगे. प्रियंका चोपड़ा फिल्म में 'मंदाकिनी' का रोल कर रही हैं. फिल्म का टाइटल शुरू में 'ग्लोबट्रॉटर' बताया जा रहा थाऔर आखिरकार पिछले साल 13 नवंबर को हैदराबाद में रामोजी फिल्म सिटी में हजारों एक्साइटेड फैंस की मौजूदगी में एक बड़े इवेंट में इसका खुलासा किया गया. उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म अगले साल अप्रैल में रिलीज की जाएगी.