SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'मैं फ्री में करूंगा शो', दलेर मेहंदी के अपमान से नाराज मीका सिंह; कहा- मंत्री सुबोध उनियाल मांगे माफी

दलेर मेहंदी के अपमान से मीका सिंह नाराज हो गए हैं. उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल से माफी मांगने की मांग की है. मीका ने कहा कि वह इस शो में मुफ्त में परफॉर्म करेंगे, लेकिन भाई के सम्मान से समझौता नहीं करेंगे. उनके इस बयान ने पूरे विवाद को चर्चा में ला दिया है.

Written By Swati Singh
Published: Oct 22, 2026, 08:34 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 08:49 PM IST
Image Credit: भाई दलेर मेहंदी के समर्थन में उतरे मीका सिंह
Join

उत्तराखंड में हुए पॉपुलर सिंगर दलेर मेहंदी के शो को लेकर हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. सिंगर मीका सिंह अपने भाई दलेर मेहंदी पर नशे में शो करने के आरोप से बेहद नाराज हैं. वो लगातार सोशल मीडिया पर लगातार उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल पर सवाल खड़े कर रहे हैं. सिंगर ने इस मामले में सीएम पुष्कर सिंह धामी से एक्शन की भी मांग की है. साथ ही मीका ने सुबोध उनियाल से माफी मांगने को कहा है.

दरअसल, बीजेपी प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विनय गोयल ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वो दलेर मेहंदी के फैन हैं. उन्होंने कहा, 'नवरात्रि के दौरान मां कुंजापुरी के धार्मिक आयोजन में सामने आए ऐसे सीन श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने वाले हैं. अगर दलेर मेहंदी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो इसकी जानकारी आयोजकों को पहले ही दी जानी चाहिए थी. मां कुंजापुरी के सम्मान के मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता.' साथ ही विनय गोयल ने दलेर मेहंदी को कहा कि उन्हें माफी मांगनी चाहिए.'

मैं फ्री में शो करूंगा: बोले मीका सिंह

इसके बाद मीका सिंह ने इसका जवाब देते हुए एक्स पर लिखा, 'चलो जी, मैं उत्तराखंड आता हूं और आपके लिए बिल्कुल फ्री में शो करता हूं. लेकिन उससे पहले आप अपने मंत्री जी से कहिए कि वे दलेर मेहंदी जी से माफी मांगें. दलेर पाजी ने पूरे 1 घंटा 30 मिनट की परफॉर्मेंस दी थी और वहां मौजूद बहुत सारे लोग उनके साथ डांस कर रहे थे. इसके बावजूद उन पर शराब पीकर परफॉर्म करने का आरोप लगाया गया. सर, मैं आपको वीडियो भेजता हूं. आप खुद देखिए कि वहां क्या हुआ था. अगर वीडियो में आपके मंत्री जी शराब पीकर आए हुए दिखाई देते हैं, तो फिर आप उनके खिलाफ क्या कार्रवाई करेंगे? सर, मेरा आपसे सीधा सवाल है- क्या नियम और जवाबदेही सबके लिए बराबर नहीं होनी चाहिए?'

 

CM धामी ने की मीका सिंह से फोन पर बातचीत

दलेर मेहंदी के विवाद को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीका सिंह से फोन पर बात की. इस बातचीत के दौरान सीएम ने कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या मतभेद को आपसी संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दूर किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सदैव ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से कार्य करता आया है. देवभूमि उत्तराखंड में देश-दुनिया के सभी कलाकारों का हृदय से स्वागत और सम्मान है. प्रदेश सरकार कला, संस्कृति और कलाकारों के सम्मान के लिए सदैव प्रतिबद्ध है.

रावण को हीरो, राम को मूक किरदार क्यों? स्टेज वाले 'रामायण' पर पुनीत इस्सर ने उठाए सवाल

इससे पहले मीका सिंह ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से सवाल किया था कि आपने रकम नकद दी थी या चेक से. दरअसल, सुबोध उनियाल ने दावा किया था कि दलेर मेहंदी को हाल ही में नवरात्रि के एक कार्यक्रम के दौरान 35 लाख रुपए की भारी रकम लेने के बावजूद उन्होंने लिप-सिंक किया था. इसपर बुधवार को अपने एक्स हैंडल पर मीका ने कैबिनेट मंत्री से पूछा कि क्या उन्होंने यह रकम नकद दी थी या चेक से. उन्होंने उनसे भुगतान की रसीद भी पेश करने को कहा, ताकि सच्चाई सामने आ सके. सिंगर ने पूछा, "सर, आपने 35 लाख रुपए नकद दिए थे या चेक से? अगर आपके पास भुगतान की रसीदें हैं, तो कृपया उन्हें सार्वजनिक रूप से साझा कीजिए, ताकि सबको सच्चाई पता चल सके. धन्यवाद!

मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर सिंह पर लगाए आरोप

मीडिया से बात करते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि उन्होंने दलेर मेहंदी को कार्यक्रम में आमंत्रित किया था क्योंकि वे इंडस्ट्री में एक जाना-माना नाम हैं. यह भी दावा किया कि शो के दौरान ऐसा लगा जैसे दलेर मेहंदी सिर्फ उनके गानों पर लिप-सिंक कर रहे थे, जबकि उन्हें कार्यक्रम में आने के लिए 35 लाख रुपए की पेशकश की गई थी.

मंत्रिमंडल मंत्री ने आगे कहा कि स्थानीय प्रतिनिधि और मेले समिति के सदस्य होने के नाते, जनता की ओर से उन पर इस मामले को सुलझाने का दबाव डाला जा रहा है. मंगलवार को मीका सिंह ने चुनौती दी कि अगर कोई यह साबित कर दे कि उनके बड़े भाई दलेर मेहंदी शराब पीते हैं, तो वे गायन छोड़ देंगे.

रजनीकांत की 'जेलर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर गाड़े झंडे, पहले हफ्ते में हासिल किया बड़ा मुकाम; 2026 की बनी दूसरी सबसे कमाऊ फिल्म

अपने भाई का समर्थन करते हुए मीका ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया और कहा कि क्या आपने कभी उनके हाथ में शराब का गिलास देखा है, या उनके जन्मदिन की पार्टियों में बेहिसाब शराब परोसी जाती देखी है? नहीं, आपने नहीं देखी. जब आपने देखा ही नहीं, तो आपने कैसे कह दिया उनसे खड़ा नहीं हुआ जा रहा. हम कलाकार बार-बार किसी के कहने पर हां कर देते हैं 'हां हम शो करेंगे'. चाहे हमें 104 डिग्री बुखार ही क्यों न हो, कोई फर्क नहीं पड़ता. अगर मैं बीमार हूं, और परसों मेरा शो है, और मैंने पहले ही वादा कर दिया है, तो चाहे बजट कम हो या ज्यादा, मैं शो करूंगा. इन्होंने (दलेर) भी ऐसा ही किया होगा.'

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 18 अक्टूबर को दलेर मेहंदी उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित कुंजापुरी मेले में परफॉर्म कर रहे थे. नवरात्र के दौरान होने वाला यह एक अहम सांस्कृतिक कार्यक्रम है. इसी दौरान उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक सुबोध उनियाल स्टेज पर पहुंचे. उन्होंने दलेर मेहंदी का परफॉर्मेंस बीच में रुकवाया और दर्शकों के सामने उन्हें फटकार लगाई. मंत्री ने आरोप लगाया कि दलेर मेहंदी देवी दुर्गा के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में शराब पीकर स्टेज पर आए थे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES